
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे शहर में अफरा-तफरी मच गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई। झटके इतने स्पष्ट थे कि लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने मोबाइल पर मिले भूकंप अलर्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किए।
भूकंप 35 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज
बताया जा रहा है कि इससे पहले बांग्लादेश में भी 5.4 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया था। European-Mediterranean Seismological Centre के अनुसार, यह भूकंप 35 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया, जिसके असर से कोलकाता और आसपास के जिलों में भी झटके महसूस हुए।
लोगों में मची अफरा तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऊंची इमारतों में पंखे और फर्नीचर हिलने लगे, खिड़कियां खड़खड़ाने लगीं और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले 3 फरवरी को म्यांमार में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी हलचल पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों तक महसूस की गई थी। फिलहाल, कोलकाता में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।










