देश विदेश की 20 बड़ी खबरें, 10 फरवरी 2026

20 big news from India and abroad, 10 February 2026
20 big news from India and abroad, 10 February 2026

प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित साझा किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि हमारे छात्र असाधारण प्रतिभा के धनी हैं और अपने सपनों को साकार करने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ का उद्देश्य छात्रों को अपनी क्षमताओं और कौशल का सही उपयोग कर व्यक्तिगत विकास और सफलता की राह दिखाना है।

प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषितम भी साझा किया है-

“विद्या वितर्को विज्ञानं स्मृतिस्तत्परता क्रिया। यस्यैते षड्गुणास्तस्य नासाध्यमतिवर्तते॥”

अर्थात जिस व्यक्ति के पास विद्या, तर्कशक्ति, विज्ञान, स्मृति-शक्ति, तत्परता और कार्यशीलता है, वह किसी भी चुनौती पर विजय प्राप्त कर सकता है और ऐसे व्यक्ति के लिए कुछ भी असाध्य नहीं है।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा

“अद्भुत प्रतिभा के धनी हमारे विद्यार्थियों में अपने सपनों को सच करने की पूरी क्षमता है। ‘परीक्षा पे चर्चा’ का उद्देश्य भी यही है कि कैसे वे अपनी प्रतिभा और कौशल का सार्थक इस्तेमाल कर सकते हैं।

विद्या वितर्को विज्ञानं स्मृतिस्तत्परता क्रिया।

यस्यैते षड्गुणास्तस्य नासाध्यमतिवर्तते॥”

35 साल पुराने मामले में पप्पू यादव जेल में, जमानत पर सुनवाई टली

बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव फिलहाल पटना के बेउर जेल में बंद हैं। शुक्रवार देर रात पुलिस ने उन्हें 35 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया था। सोमवार (09 फरवरी) को जमानत पर सुनवाई होनी थी, लेकिन अंतिम समय पर इसे टाल दिया गया, जिससे फिलहाल उन्हें जेल में ही रहना होगा।

गिरफ्तारी के समय पप्पू यादव ने सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें बेउर जेल भेजा गया। यह मामला पटना के गर्दनीबाग थाने से जुड़ा है, जहां मकान किराए में धोखाधड़ी का आरोप है। प्रशासन के अनुसार बार-बार पेशी में अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने वारंट जारी किया था। उनकी गिरफ्तारी पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने समर्थन जताया है।

————————————————————

रियाणा में सर्दी की विदाई शुरू, तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी

हरियाणा में फरवरी की शुरुआत के साथ ही ठंड के तेवर नरम पड़ने लगे हैं। सुबह और रात के समय न्यूनतम तापमान अधिकतर इलाकों में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया।

सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अब सर्दी की विदाई शुरू हो चुकी है। फरवरी के पहले पखवाड़े के बाद तापमान में 4–5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 17 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

————————————————————

HBSE बोर्ड का बड़ा फैसला: खराब हुए 2 पेपर दोबारा देने का मौका

हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (HBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षाओं से पहले बोर्ड ने छात्रों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। अब जिन छात्रों के एक या दो पेपर किसी कारणवश खराब हो जाते हैं, उन्हें 15 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा, ताकि वे अपने अंक सुधार सकें।

बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षाएं 1 अप्रैल तक समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद 15 दिन के अंदर छात्रों से दोबारा परीक्षा के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। आवेदन करने वाले छात्रों के लिए अलग से डेटशीट जारी कर परीक्षा कराई जाएगी। छात्र अधिकतम दो विषयों की ही दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों पर परीक्षा का मानसिक दबाव कम करने और परीक्षा को उत्सव की तरह लेने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

————————————————————

PNB के रिटायर्ड कर्मचारी से बैंक कार्ड सर्विस के नाम पर 25 लाख की ठगी

हरियाणा के रोहतक के शास्त्री नगर में पीएनबी के रिटायर्ड कर्मचारी से साइबर ठगों ने बैंक कार्ड सर्विस के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने पीड़ित के खाते से 6 बार ट्रांजेक्शन कर यह रकम निकाली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शास्त्री नगर निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह और उनकी पत्नी ऊषा अरोड़ा दोनों पीएनबी से रिटायर हैं और उनका ज्वाइंट अकाउंट है। फेसबुक पर पीएनबी रिटायर्ड स्टाफ कार्ड का विज्ञापन देखकर उन्होंने आवेदन किया और पीएफ आईडी भर दी। इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर कार्ड बनाने का झांसा दिया। आरोपी ने तीन एफडी से 10 लाख रुपये निकाले, फिर 4.5 लाख का लोन लेकर खाते से 5 लाख निकाल लिए। इसके अलावा बिना ओटीपी के ज्वाइंट खाते से 10 लाख और निकाल लिए गए। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

————————————————————

एनबीए ने 10 राज्यों व 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 45.05 लाख रुपये वितरित किए

राष्ट्रीय जैव-विविधता प्राधिकरण (NBA) ने जैव विविधता संरक्षण और जैविक संसाधनों से होने वाले लाभ के समान वितरण के तहत 10 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 45.05 लाख रुपये वितरित किए हैं। यह राशि राज्य जैव-विविधता बोर्डों और परिषदों के माध्यम से 90 से अधिक जैव विविधता प्रबंधन समितियों (BMC) और आंध्र प्रदेश के 15 लाल चंदन किसानों को दी गई।

इस पहल से तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और लद्दाख को लाभ मिला है। यह राशि कीट, सूक्ष्मजीव, मिट्टी, जल और लाल चंदन जैसे जैविक संसाधनों के व्यावसायिक उपयोग से प्राप्त लाभ का हिस्सा है। एनबीए के अनुसार, अब तक कुल एबीएस भुगतान 145 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जिससे समुदायों की आजीविका मजबूत होने के साथ जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।

————————————————————

तीस हजारी कोर्ट हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर में एक वकील पर कथित हमले के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने अदालत परिसर में हिंसा को “गुंडा राज” बताते हुए कहा कि यह कानून के शासन की विफलता है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

यह मामला 7 फरवरी का है, जब अतिरिक्त जिला न्यायाधीश हरजीत सिंह पाल की अदालत में एक वकील पर कथित रूप से हमला किया गया। वकील ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता के वकील ने गुंडों के साथ मिलकर उनकी पिटाई की, जबकि उस समय न्यायाधीश और कोर्ट स्टाफ मौजूद थे। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर प्रशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया और वकील को तय प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट से संपर्क करने को कहा।

————————————————————

होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ी राहत, DA बढ़कर 60% होने की संभावना

रंगों का त्योहार होली इस बार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दोहरी खुशी लेकर आ सकता है। केंद्र की मोदी सरकार होली से पहले महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी व पेंशन में इजाफा होगा।

फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 58% DA मिल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स और लेबर ब्यूरो के CPI-IW आंकड़ों के आधार पर इस बार 2% की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो 1 जनवरी 2026 से DA और पेंशनभोगियों के लिए DR बढ़कर 60% हो जाएगा। दिसंबर 2025 में CPI-IW इंडेक्स 148.2 पर स्थिर रहा, इसी वजह से 2% हाइक का अनुमान लगाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक मार्च 2026 की शुरुआत में केंद्रीय कैबिनेट इस प्रस्ताव को मंजूरी दे सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ जनवरी-फरवरी का एरियर भी मिल सकता है, जिससे होली पर डबल तोहफा मिलने की उम्मीद है। यह बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग के तहत की जाएगी, जबकि 8वें वेतन आयोग को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

————————————————————

दो सहेलियों ने महिला की हत्या

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक स्थित गरीबा गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं ने अपनी सहेली की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों को शक था कि मृतका गांव में उनके चरित्र पर लांछन लगा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

मृतका की पहचान 37 वर्षीय पिंकी (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांव की ही सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) इस मामले में आरोपी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी शक को लेकर पहले से दोनों पक्षों में तनाव था। घटना वाले दिन आरोपी महिलाएं पिंकी के घर पहुंचीं, जहां कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि लाठी-डंडों से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।

————————————————————

मत्स्य पालन क्षेत्र को संस्थागत वित्तपोषण से नई मजबूती

भारतीय मत्स्य पालन क्षेत्र अब जीवन निर्वाह से आगे बढ़कर आर्थिक विकास का मजबूत इंजन बन चुका है। यह क्षेत्र देश के सकल मूल्य वर्धित में 1.12% योगदान देता है और करीब 3 करोड़ लोगों की आजीविका का आधार है। भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक है, जो वैश्विक उत्पादन का लगभग 8% हिस्सा देता है।

बीते दशक में मछली उत्पादन दोगुना होकर 197 लाख टन पहुंच गया है, जबकि निर्यात 62,408 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। सरकार ने बुनियादी ढांचे, तकनीक, कोल्ड चेन और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने पर जोर दिया है, साथ ही 2025-26 तक उत्पादन 220 लाख टन करने का लक्ष्य रखा है।

संस्थागत वित्तपोषण को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), एफआईडीएफ फंड और क्रेडिट गारंटी योजनाएं लागू की गई हैं। इससे छोटे मछुआरों से लेकर बड़े उद्यमियों तक को आसान, सस्ता और डिजिटल ऋण मिल रहा है, जो मत्स्य पालन क्षेत्र को टिकाऊ और वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी बना रहा है।

————————————————————

पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की सुरक्षा पर दिलीप घोष का हमला

बीजेपी नेता दिलीप घोष ने सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार पर राज्य में हिंदुओं की रक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। घोष का आरोप है कि बीजेपी कार्यक्रमों के दौरान पुलिस झंडे उतरवाती है और यह सब पुलिस व स्थानीय गुंडों की मिलीभगत से हो रहा है

उन्होंने दावा किया कि हालात ऐसे बन गए हैं कि हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, जिसके चलते कई लोग मुर्शिदाबाद से मालदा पलायन करने को मजबूर हैं। दिलीप घोष ने हिंदुओं से एकजुट होने और ऐसे नेताओं को चुनने की अपील की जो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पश्चिम बंगाल की राजनीति और अधिक गरमाती नजर आ रही है।

————————————————————

‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ बयान पर बवाल

असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत अली के एक बयान ने देशभर में विवाद खड़ा कर दिया है। रविवार को मुरादाबाद की जनसभा में जनसंख्या पर बोलते हुए उन्होंने नारा दिया— “हम दो, हमारे दो दर्जन”। अली ने कहा कि उनके आठ बच्चे हैं और उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं। उन्होंने मुसलमानों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि आबादी बढ़ने से देश मजबूत होता है।

चीन से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि ज्यादा जनसंख्या ताकत की निशानी है। साथ ही हिंदुओं को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। इसके अलावा शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए पूर्व मंत्री कमल अख्तर पर शराब कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने मॉब लिंचिंग, मदरसों के बंद होने और मुसलमानों के साथ कथित उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया।

————————————————————

सोनम कपूर ने मुंबई में होस्ट किया प्राइवेट बेबी शावर, सेलेब्स ने की शिरकत

एक्ट्रेस सोनम कपूर ने रविवार को मुंबई स्थित अपने घर पर एक प्राइवेट और एलिगेंट बेबी शावर सेरेमनी होस्ट की। सोनम और उनके पति आनंद आहूजा दूसरी बार माता-पिता बनने जा रहे हैं। इस खास मौके पर करीना कपूर, भूमि पेडनेकर, फराह खान समेत कई सेलेब्स और परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सोनम ने अपने बेबी शावर को सादगी और पर्सनल टच के साथ सेलिब्रेट किया। उन्होंने लाइम-ग्रीन लहंगा और मैचिंग केप पहना, जिसमें फ्लोरल एम्ब्रॉयडरी और कम्फर्टेबल सिल्हूट नजर आया। स्लीक बन, लाल बिंदी, रेड लिपस्टिक और गोल्ड ज्वेलरी से उन्होंने अपना लुक पूरा किया। अनिल कपूर, बोनी कपूर, अर्जुन कपूर, संजय कपूर, शनाया कपूर, खुशी कपूर और अनुपम खेर भी समारोह में नजर आए। बता दें, सोनम पहले से एक बेटे वायु की मां हैं, जिसका जन्म अगस्त 2022 में हुआ था।

————————————————————

अमिताभ बच्चन के हाथ में दिखा अजीब पोस्टर, सोशल मीडिया पर वायरल

एक्टर अमिताभ बच्चन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे रविवार को मुंबई में अपने घर के बाहर फैन्स से मुलाकात के दौरान एक पोस्टर पकड़े नजर आए। पोस्टर पर लिखा मैसेज लोगों को चौंकाने वाला था— “मुझे सपोर्ट करिए! मेरे ससुराल वाले मेरी वाइफ को भेज नहीं रहे हैं। 1982 ए लव मैरिज।”

हालांकि, इस पोस्टर का अमिताभ बच्चन की निजी जिंदगी से कोई लेना-देना नहीं है। यह दरअसल एक फिल्म के प्रमोशन से जुड़ा पोस्टर है, जो 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हर रविवार की तरह इस बार भी बिग बी से मिलने के लिए उनके घर के बाहर भारी संख्या में फैन्स जमा हुए। वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार रजनीकांत के साथ तमिल फिल्म ‘वेट्टैयन’ में नजर आए थे। यह फिल्म 10 अक्टूबर 2024 को रिलीज हुई थी और इसमें दोनों दिग्गज कलाकार 33 साल बाद एक साथ स्क्रीन पर दिखे थे।

————————————————————

अमेरिकी चुनाव में धांधली का आरोप, ट्रंप ने ‘सेव अमेरिका एक्ट’ का समर्थन मांगा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को चुनाव सुधारों की मांग करते हुए कहा कि अमेरिकी चुनावों में धांधली हुई है और चुनाव चोरी किए गए हैं, जिससे देश पूरी दुनिया में हंसी का पात्र बन गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि या तो चुनाव प्रणाली को ठीक किया जाए, नहीं तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।

ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी से ‘सेव अमेरिका एक्ट’ के समर्थन की अपील की। इस प्रस्तावित विधेयक के तहत संघीय चुनावों में मतदान के लिए पंजीकरण के समय अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण दिखाना अनिवार्य होगा। उन्होंने पहचान पत्र और नागरिकता के सबूत के बिना वोटिंग का विरोध किया। इसके साथ ही ट्रंप ने आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर डाक द्वारा मतदान व्यवस्था खत्म करने की मांग की। उल्लेखनीय है कि ट्रंप पहले भी कई बार अमेरिकी चुनावों में धांधली का दावा कर चुके हैं और अपने पुराने आरोपों को दोहराते रहे हैं।

————————————————————

ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर की कुर्सी पर संकट, इस्तीफे की अटकलें तेज

ब्रिटेन में प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की कुर्सी खतरे में नजर आ रही है। चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। टेलीग्राफ ब्रिटेन के मुताबिक पार्टी में स्टार्मर को हटाने की तैयारी शुरू हो चुकी है, हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी ने 650 में से 404 सीटें जीतकर सत्ता संभाली थी, लेकिन 18 महीने बाद ही पार्टी के 50 से ज्यादा सांसद स्टार्मर से नाराज बताए जा रहे हैं। असंतोष की वजहों में एपस्टीन फाइल्स विवाद, पार्टी के भीतर बढ़ता विरोध और अमेरिका के खिलाफ नई वैश्विक रणनीति शामिल है। यदि पार्टी के 80 सांसद उनके खिलाफ खड़े होते हैं तो स्टार्मर को इस्तीफा देना पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में पिछले 10 साल में 5 प्रधानमंत्री बदल चुके हैं।

————————————————————

ईरान की मिसाइल रेड लाइन पार हुई तो इजराइल अकेले करेगा हमला

इजराइल ने अमेरिका को स्पष्ट कर दिया है कि यदि ईरान ने अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों को लेकर तय की गई रेड लाइन पार की, तो वह जरूरत पड़ने पर अकेले ही सैन्य कार्रवाई करेगा। इजराइली रक्षा अधिकारियों का कहना है कि ईरान का बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम उनके देश के अस्तित्व के लिए सीधा खतरा है।

सूत्रों के अनुसार हाल के हफ्तों में अमेरिका और इजराइल के बीच कई उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं। इन बैठकों में इजराइल ने ईरान की मिसाइल क्षमता और उत्पादन ढांचे को नष्ट करने की अपनी योजना साझा की है। इसमें मिसाइल निर्माण केंद्रों और उनसे जुड़े ठिकानों को निशाना बनाने की रणनीति शामिल है। एक सुरक्षा सूत्र ने कहा कि फिलहाल ईरान रेड लाइन तक नहीं पहुंचा है, लेकिन इजराइल हर सैन्य और तकनीकी गतिविधि पर नजर रखे हुए है। इजराइल ने यह भी कहा कि वह ईरान को दोबारा ऐसे रणनीतिक हथियार खड़े करने की इजाजत नहीं देगा, जो उसकी सुरक्षा के लिए खतरा बनें।

————————————————————

जापान चुनाव में PM सनाए ताकाइची की ऐतिहासिक जीत PM मोदी ने दी बधाई

जापान में हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उनकी अगुवाई में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) और गठबंधन ने मतदान खत्म होने के दो घंटे के भीतर ही बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। LDP को कुल 465 में से 312 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 233 सीटों की जरूरत थी।

PM ताकाइची की जीत पर विश्व नेताओं ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक साझेदारी शांति और समृद्धि को बढ़ावा देती है और ताकाइची के नेतृत्व में यह और मजबूत होगी।

अक्तूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं ताकाइची की लोकप्रियता इस जीत का बड़ा कारण मानी जा रही है। चुनाव के दौरान बहुमत न मिलने पर इस्तीफे की घोषणा ने भी जनता पर गहरा असर डाला। चीन से बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के साथ मजबूत रिश्ते उनकी प्राथमिकता रहेगी।

————————————————————

SBI बना देश का सबसे वैल्यूएबल बैंक, शेयर 6% उछले, ICICI को छोड़ा पीछे

भारत-अमेरिका डील के बाद बदले पॉजिटिव सेंटीमेंट के बीच 9 फरवरी को शेयर बाजार मजबूती के साथ खुला। सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में रहे। इसी दौरान बैंकिंग सेक्टर से बड़ी खबर आई, जहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए ICICI बैंक को पीछे छोड़ दिया।

शानदार तिमाही नतीजों के दम पर SBI के शेयर बाजार खुलते ही करीब 6 प्रतिशत चढ़ गए। इससे बैंक का मार्केट कैप बढ़कर लगभग 10.50 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो ICICI बैंक से ज्यादा है। इस तेजी के साथ SBI देश का सबसे बड़ा वैल्यूएबल बैंक बन गया, हालांकि अभी भी HDFC बैंक सबसे आगे है, जिसका मार्केट कैप करीब 14.44 लाख करोड़ रुपये है।

खबर लिखे जाने तक SBI के शेयर 6.54% की तेजी के साथ 1136.10 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे, जबकि ICICI बैंक के शेयर करीब 1% गिरकर 1392.30 रुपये पर थे।

दरअसल, SBI ने 7 फरवरी को FY26 की तीसरी तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए थे। बैंक ने 21,028.15 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 24.49% ज्यादा है। वहीं, नेट इंटरेस्ट इनकम भी 9% बढ़कर 45,190 करोड़ रुपये पहुंच गई।

————————————————————

‘सुपर सुखोई’ अपग्रेड को जल्द हरी झंडी, Su-30MKI बनेगा और घातक


भारतीय वायुसेना के प्रमुख लड़ाकू विमान Su-30MKI के बड़े अपग्रेड प्रोग्राम पर जल्द फैसला होने वाला है। HAL सूत्रों के मुताबिक, इस महत्वाकांक्षी योजना को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) से अगले एक–दो महीनों में मंजूरी मिल सकती है। तकनीकी स्तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब केवल औपचारिक प्रक्रियाएं बाकी हैं।

HAL, वायुसेना और DRDO के बीच विचार-विमर्श के बाद इस ‘सुपर सुखोई’ अपग्रेड प्रोग्राम के सभी प्रमुख बिंदु तय कर लिए गए हैं। इसके तहत 84 Su-30MKI विमानों को आधुनिक बनाया जाएगा।

अपग्रेड में करीब 400 किमी रेंज वाला उत्तम AESA रडार, नया कॉकपिट, AI आधारित मल्टी-फंक्शन डिस्प्ले, वॉयस कमांड सिस्टम, उन्नत IRST, आधुनिक जैमर, अस्त्र Mk-1 और Mk-2 मिसाइलों की क्षमता, बेहतर डेटा-लिंक और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम शामिल होंगे।

Su-30MKI वायुसेना की रीढ़ माना जाता है। HAL की नासिक डिवीजन इस अपग्रेड में अहम भूमिका निभाएगी। मंजूरी के बाद इस विमान को 2040 के बाद तक पूरी तरह सक्षम बनाए रखने का लक्ष्य है।

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Comparison
  • Dharma Darshan
  • Education
  • Entertainment
  • Food
  • Health & Fitness
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • Job
  • Lifestyle
  • News
  • Sports
  • Technology
  • World News
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • #latest news in hindi
  • #breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital