
Ajit Pawar’s wife Sunetra will be the Deputy CM of Maharashtra, महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद खाली हुए डिप्टी सीएम पद पर अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को चुना गया है। शनिवार दोपहर 2 बजे उन्हें NCP विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद शाम 5 बजे वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। सुनेत्रा पवार के चयन के लिए NCP विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की संयुक्त बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
शपथ से पहले राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा जरूरी
सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। डिप्टी सीएम की शपथ लेने से एनसीपी नेता सुनेत्रा पवार ने अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। यह संवैधानिक प्रक्रिया अनुच्छेद 190(1) के तहत जरूरी है, जिसके अनुसार कोई भी व्यक्ति एक साथ केंद्र की संसद (राज्यसभा) और राज्य सरकार में मंत्री पद पर नहीं रह सकता।
इस्तीफा मंजूर होने के बाद राज्यपाल दिलाएंगे शपथ
राज्यसभा से इस्तीफा स्वीकार होने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल सुनेत्रा पवार को मंत्री और डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही वे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।
6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद सदस्य बनना होगा
संविधान के प्रावधानों के अनुसार, मंत्री बनने के बाद 6 महीने के भीतर सुनेत्रा पवार को या तो विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बनना होगा, या फिर विधान परिषद (MLC) की सदस्यता लेनी होगी। यदि तय समयसीमा में वे विधायक या MLC नहीं बनती हैं, तो उनका मंत्री और डिप्टी सीएम पद स्वतः समाप्त हो जाएगा।










