
13 अप्रैल 2026, रोहतक।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में 8 दिवसीय योग वर्कशॉप सोमवार से शुरू हो गई। वीसी ऑफिस के सामने स्थित लॉन में चली वर्कशॉप में एशियन गोल्ड मेडलिस्ट योगाचार्य प्रवीण कुमार पाठक ने आसन, ध्यान व मुद्राएं सिखाईं। इस दौरान सुपवा की फैकेल्टी, स्टाफ, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
योग वर्कशॉप का आयोजन गर्ल्स हॉस्टल व डीन स्टूडेंट वेल्फेयर की ओर से मानसिक कल्याण क्लब के तत्वावधान में किया गया। इसका समापन 20 अप्रैल को होगा। पहले दिन सोमवार को योग वर्कशॉप के दो सेशन सुबह व शाम को चले। हर रोज सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक व शाम को 6 से 7 बजे तक वर्कशॉप चलेगी। योग वर्कशॉप के शुरुआती सेशन में डीएलसीसुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य व रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने भी शिरकत की। वर्कशॉप के दौरान योगाचार्य प्रवीण कुमार पाठक ने उपस्थितजनों को अच्छा स्वास्थ्य रखने के लिए जरूरी दिनचर्या व भोजन की जानकारी देते हुए कहा कि योग को जीवन में अपनाने से कितने ही रोग स्वत: दूर भागने लगते हैं।

उन्होंने अपनी स्किल्स को इंप्रूव करने के टिप्स देते हुए योग अभ्यास के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उपस्थितजनों को आसन, प्राणायाम, मुद्राएं और मेडिटेशन की महता बताते हुए इनका अभ्यास कराया। कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य सुपवा परिवार को योग के माध्यम से स्वस्थ व संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। योग वर्कशॉप के दौरान डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, विजुअल आर्ट्स फैकेल्टी के एफसी विनय कुमार समेत सुपवा की फैकेल्टी, टीचिंग स्टाफ, नॉन टीचिंग स्टाफ, छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।









