Top Headlines

देश विदेश की 20 बड़ी खबरें , 21 फरवरी 2026, 22 फरवरी रविवार को सुबह 3:30 बजे से चलेगी मेट्रो,1 अप्रैल 2026 से टोल पर नकद भुगतान बंद ?

20 big news from India and abroad, 21 February 2026
20 big news from India and abroad, 21 February 2026

20 big news from India and abroad, 21 February 2026

22 फरवरी रविवार को सुबह 3:30 बजे से चलेगी मेट्रो

दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए 22 फरवरी को खास व्यवस्था की गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने नई दिल्ली मैराथन के चलते चुनिंदा रूट्स पर मेट्रो सेवा तय समय से पहले शुरू करने का फैसला लिया है। इस दिन मेट्रो सुबह 3:30 बजे से चलेगी और सुबह 6 बजे तक हर 30 मिनट में ट्रेन उपलब्ध होगी। इसके बाद सेवाएं सामान्य समय के अनुसार संचालित होंगी।

मैराथन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों की सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि लोग समय पर आयोजन स्थल तक पहुंच सकें। इससे पहले भी गणतंत्र दिवस जैसे बड़े आयोजनों के दौरान DMRC मेट्रो के समय में बदलाव कर चुका है।

वहीं, दिल्ली मेट्रो के विस्तार पर भी काम जारी है। मैजेंटा लाइन को आधुनिक ड्राइवरलेस कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो भविष्य में बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक चलेगी।

राहुल गांधी की पेशी से लेकर पीएम मोदी के कार्यक्रम तक

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज महाराष्ट्र के भिवंडी कोर्ट में पेश होंगे। यह मामला 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सोनाले में दिए गए उनके बयान से जुड़ा है, जिसमें आरएसएस पर टिप्पणी की गई थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी राजेश कुंटे की शिकायत पर मानहानि का केस दर्ज हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में एचसीएल-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ परियोजना के शिलान्यास में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम में अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर में सीआरपीएफ की वार्षिक परेड में भाग लेंगे। इंडिया एआई एक्सपो समिट भारी उत्साह के चलते आज भी खुला रहेगा। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्नाव रेप केस में दोषी कुलदीप सेंगर का भाई जयदीप सेंगर सरेंडर कर सकता है। वहीं, भारतीय महिला टीम आज ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

1 अप्रैल 2026 से टोल पर नकद भुगतान बंद? सिर्फ FASTag और UPI से होगा पेमेंट

नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ा बदलाव सामने आ सकता है। National Highways Authority of India (NHAI) देशभर के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद करने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से सभी नेशनल हाईवे टोल पर सिर्फ डिजिटल भुगतान—FASTag या UPI—के जरिए ही लेन-देन की व्यवस्था लागू की जा सकती है।

NHAI का कहना है कि इसका उद्देश्य टोल सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल बनाना, पारदर्शिता बढ़ाना और यातायात को तेज करना है। वर्तमान में 98% से अधिक टोल भुगतान FASTag के माध्यम से हो रहे हैं, जो RFID तकनीक पर आधारित है और बिना रुके टोल पार करने में मदद करता है। टोल प्लाजा पर UPI भुगतान की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। नियमों के अनुसार, बिना सक्रिय FASTag के नकद भुगतान करने पर दोगुना शुल्क लिया जाता है, जबकि UPI से भुगतान करने पर 1.25 गुना शुल्क देना पड़ता है। इन कदमों से टोल व्यवस्था तेजी से कैशलेस और डिजिटल होती जा रही है।

डायट डुमरा में भोजन विवाद: शिक्षक से मारपीट ,सड़क जाम, जोरदार प्रदर्शन

सीतामढ़ी: डुमरा स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में गुरुवार को भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद हो गया। अधपका और निम्नस्तरीय भोजन मिलने पर विरोध करने वाले एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट की घटना से माहौल गरमा गया। आरोप है कि आपत्ति जताने पर रसोइए ने शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद अन्य प्रशिक्षु शिक्षक भी आक्रोशित हो उठे। परसौनी परशुरामपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक ने बताया कि कई दिनों से भोजन की गुणवत्ता खराब थी। गुरुवार को अधपका खाना मिलने पर विरोध दर्ज कराया गया। घटना के बाद शिक्षकों ने डायट गेट के बाहर सीतामढ़ी-डुमरा मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और संस्थान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी रसोइए पर कार्रवाई, भोजन व्यवस्था की निष्पक्ष जांच और प्रशिक्षण अवधि में बेहतर सुविधाओं की मांग की। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Indian Army का ‘ऑपरेशन ज्वाला’: LOC पर घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम

जम्मू: Indian Army ने लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी। Sunderbani sector के नाथुआ तिब्बा इलाके में 19 फरवरी 2026 की सुबह कार्रवाई हुई। White Knight Corps की क्रॉस्ड स्वॉर्ड्स डिवीजन ने ‘ऑपरेशन ज्वाला’ के तहत मिशन को अंजाम दिया। प्रारंभिक मुठभेड़ के बाद इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान खून के निशान मिले, जिससे संकेत मिलता है कि घुसपैठिए घायल हुए हैं। वे भाग निकले या क्षेत्र में छिपे हैं, इसकी तलाश जारी है। नाथुआ तिब्बा क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सर्च के दौरान एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, भारी मात्रा में गोला-बारूद, तीन रक्सैक, कंबल, कपड़े और राशन बरामद हुआ। बरामद सामान से संकेत मिलता है कि घुसपैठिए लंबी अवधि तक ठहरने की तैयारी में थे। घटना के बाद एलओसी पर हाई अलर्ट जारी है और ऑपरेशन अभी जारी है।

गाजीपुर में दोहरी त्रासदी: पोते की मौत का सदमा, दादी ने भी तोड़ा दम

गाजीपुर के उचौरी गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। चार वर्षीय हर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी दादी उमा देवी (56) को गहरा सदमा लगा और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। कुछ ही देर में उनका भी निधन हो गया। परिजन हर्ष के अंतिम संस्कार के लिए जौहरगंज श्मशान घाट पहुंचे ही थे कि उमा देवी के निधन की सूचना मिली। इसके बाद दादी और पोते की चिताएं एक साथ जलीं। दोनों के बीच बेहद स्नेहिल संबंध था, और परिवार के इकलौते लाडले की मौत ने सभी को तोड़कर रख दिया। एक ही दिन में दो मौतों से प्रवेश वर्मा का परिवार गहरे सदमे में है। गांव और आसपास के इलाके में यह घटना चर्चा और शोक का विषय बनी हुई है।

नोएडा में चलती कार में लगी आग, महिला सुरक्षित बची

Noida के सेक्टर-132 (थाना सेक्टर-126) क्षेत्र में चलती कार में अचानक आग लग गई। कार एक महिला चला रही थीं, जो अपने बच्चे को स्कूल लेने जा रही थीं। रास्ते में कार के बोनट से धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकल गईं। कुछ ही देर में बोनट में आग लग गई और लपटें तेजी से पूरी कार में फैल गईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान स्थानीय लोग बोनट खोलकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके। आग आगे से पीछे तक फैल गई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में महिला सुरक्षित रहीं, हालांकि वाहन में रखे जरूरी कागजात जल गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क किनारे हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

28 फरवरी को जारी होगी पश्चिम बंगाल की फाइनल वोटर लिस्ट

West Bengal में फाइनल वोटर लिस्ट को लेकर जारी असमंजस के बीच 28 फरवरी को सूची प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है। Supreme Court of India के निर्देश के बाद राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चर्चा की। तय हुआ है कि जिन मामलों में SIR के तहत “लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी” पर फैसला लंबित है, उन्हें अलग रखते हुए मुख्य सूची जारी की जाएगी, जबकि शेष नाम सप्लीमेंट्री लिस्ट में प्रकाशित होंगे। सूत्रों के अनुसार, माइक्रो ऑब्जर्वर और ERO के बीच मतभेद वाले मामले Calcutta High Court में जा सकते हैं। लंबित मामलों पर ज्यूडिशियल ऑफिसर निर्णय लेंगे। इस मुद्दे पर राज्य की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने SIR और लॉजिकल गड़बड़ियों को लेकर आपत्ति जताई है। बताया गया है कि करीब 1.20 करोड़ प्रविष्टियों में तकनीकी विसंगतियां चिन्हित हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि 28 फरवरी को जारी सूची को ही फाइनल माना जाएगा, जबकि शेष मामलों पर अलग से निर्णय होगा।

Hemant Katare ने उप नेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा

Madhya Pradesh में कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। अटेर सीट से विधायक कटारे ने अपने पत्र में लिखा कि परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय न दे पाने के कारण वे यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge को भेजे पत्र में संगठन को पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिया। इस्तीफे के बाद कटारे ने भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय पर विधानसभा में मर्यादा बनाए रखने को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मंच पर शालीनता और संयम अपेक्षित है। असहमति लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन अभिव्यक्ति की गरिमा बनाए रखना कर्तव्य है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष Umang Singhar ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दे—बिजली दर, बेरोजगारी, आदिवासियों की जमीन और किसानों के सवाल—लगातार उठाती रहेगी और किसी से डरने वाली नहीं है।

कोयंबटूर एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ और डिजी यात्रा लॉन्च

राम मोहन नायडू और मुरलीधर मोहोल ने Coimbatore International Airport पर ‘उड़ान यात्री कैफे’, मुफ्त वाई-फाई और डिजी यात्रा जैसी सुविधाओं का उद्घाटन किया। सरकार ने देश के 44 एयरपोर्ट्स पर एक साथ नई सेवाएं शुरू की हैं, जिनमें फ्लाईब्ररी और किड्स ज़ोन भी शामिल हैं। मंत्री नायडू ने बताया कि अब तक 10 लाख से अधिक यात्री ‘उड़ान यात्री कैफे’ का लाभ उठा चुके हैं और इसे पांच और हवाई अड्डों तक बढ़ाया गया है। 39 एयरपोर्ट्स पर मुफ्त वाई-फाई से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

डिजी यात्रा सुविधा 6 नए एयरपोर्ट्स पर लागू की गई है, जिससे बिना कागजी प्रक्रिया के तेज एंट्री और बोर्डिंग संभव होगी। कोयंबटूर में 1.2 करोड़ वार्षिक क्षमता वाला अत्याधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा। साथ ही विस्तारित सिक्योरिटी होल्ड एरिया का उद्घाटन कर सुरक्षा और यात्री सुविधा को और मजबूत किया गया है।

घर के पास पब्लिक यूरिनल और खुला कूड़ेदान जीने के अधिकार का उल्लंघन

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी व्यक्ति के घर के ठीक पास पब्लिक यूरिनल और खुला कूड़ेदान होना संविधान के तहत सम्मानजनक और स्वच्छ वातावरण में जीने के अधिकार का उल्लंघन है। जस्टिस Amit Bansal ने Municipal Corporation of Delhi (MCD) को चार हफ्तों के भीतर इन्हें हटाने का निर्देश दिया। मामला एक वकील की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया, जिसमें बिना अनुमति उसके घर की दीवार के पास खुला डस्टबिन और यूरिनल बनाए जाने पर आपत्ति जताई गई थी। याचिकाकर्ता ने बताया कि आसपास के करीब 150 लोग वहां कचरा डालते हैं और बार-बार शिकायत के बावजूद सफाई की स्थिति नहीं सुधरी। हालांकि MCD ने नियमित सफाई का दावा किया, लेकिन कोर्ट ने इसे पर्याप्त नहीं माना। कोर्ट ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण गरिमापूर्ण जीवन का अनिवार्य हिस्सा है और खुले कूड़ेदान व यूरिनल से उत्पन्न दुर्गंध व गंदगी स्पष्ट रूप से परेशानी का कारण है।

अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चा तेल छह माह के उच्च स्तर पर, ब्रेंट 72 डॉलर के करीब

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते छह महीने के ऊंचे स्तर के आसपास पहुंच गई हैं। भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण निवेशक संभावित सप्लाई बाधाओं को लेकर सतर्क हैं। 20 फरवरी 2026 को MCX पर मार्च एक्सपायरी वाला क्रूड ऑयल शुरुआती बढ़त के बाद करीब 6,050 रुपये प्रति बैरल पर सपाट कारोबार करता दिखा। वैश्विक बाजार में Brent Crude 71.99 डॉलर और West Texas Intermediate (WTI) 67.05 डॉलर के आसपास पहुंच गया। इस सप्ताह ब्रेंट में लगभग 6% और WTI में 5% से अधिक तेजी दर्ज की गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump द्वारा ईरान को परमाणु समझौते पर अल्टीमेटम और मध्य-पूर्व में सैन्य मौजूदगी बढ़ाने से तनाव गहरा गया है। साथ ही स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज में गतिविधियों और रूस-यूक्रेन वार्ता में रुकावट ने भी जोखिम प्रीमियम बढ़ाया है। विश्लेषकों के मुताबिक अमेरिका-चीन में घटते भंडार और OPEC+ की रणनीति के बीच बाजार में मजबूती बनी हुई है, हालांकि उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

भारत–ऑस्ट्रेलिया रक्षा संबंधों को नई मजबूती, सिडनी में अहम वार्ता

जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 16 से 19 फरवरी 2026 तक ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई सेना के वरिष्ठ कमांडरों से विस्तृत चर्चा की। बातचीत में सैन्य तैयारियों, प्रशिक्षण के नए तरीकों, ऑपरेशनल रणनीतियों और भविष्य की चुनौतियों पर फोकस रहा। भारत–ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘ऑस्ट्राहिंद’ को और व्यापक व प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।

कैनबरा में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां उनकी मुलाकात ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट से हुई। दोनों ने संस्थागत सहयोग और सैन्य शिक्षा आदान-प्रदान को गहरा करने पर जोर दिया।

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मुख्यालय और जॉइंट ऑपरेशंस कमांड में आधुनिकीकरण, नई तकनीकों और भविष्य के युद्ध के स्वरूप पर भी चर्चा हुई। जनरल द्विवेदी ने ऑस्ट्रेलियाई कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में संबोधन देते हुए बहुराष्ट्रीय सहयोग और संयुक्तता की आवश्यकता रेखांकित की।

असम की राजनीति में हलचल: भूपेन बोरा की अमित शाह से मुलाकात

असम की सियासत में बड़े उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक की तस्वीरों में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा नेता बी.जे. पांडा और लखीमपुर के विधायक मानब डेका भी नजर आए। सूत्रों के अनुसार, मानब डेका ने बोरा को भाजपा के करीब लाने में अहम भूमिका निभाई। बंद कमरे में हुई चर्चा के बाद बोरा ने कहा कि राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से बातचीत हुई।

उन्होंने दावा किया कि 8 मार्च तक कांग्रेस के कई कद्दावर नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए बोरा ने कहा कि वे उनका सम्मान करते हैं, लेकिन हाल के दिनों में उनके चेहरे पर चिंता साफ दिखी। गौरव गोगोई के आरोपों पर पलटवार करते हुए बोरा ने कांग्रेस में दल-बदल की परंपरा का हवाला दिया और भाजपा के साथ आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई।

डीजे में करंट से 5 बच्चे झुलसे, 2 की हालत गंभीर

डीग जिला के नियामतपुर गांव में गुरुवार को एक बारात के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डीजे 11 केवी बिजली के तार से छू गया, जिससे उसमें करंट आ गया और उस पर बैठे पांच बच्चे झुलस गए।गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय बादल और 13 वर्षीय अंकित को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के सिर, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। अन्य तीन बच्चों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार, बारात कठूमर के पास अरुआ से आई थी और निकासी के दौरान यह हादसा हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे करंट लगने के बाद सड़क पर पड़े दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति समय रहते बंद हो गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तार टूटने के बाद सप्लाई रुकने से जनहानि टल गई।

बेकाबू वैन तालाब में गिरी, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

कानपुर के कल्याणपुर निवासी एक परिवार की वैन औरैया से लौटते समय कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र में तालाब में पलट गई। हादसे में बुजुर्ग दंपती, उनकी बेटी और एक साल के नाती की डूबकर मौत हो गई। राजकिशोर अग्निहोत्री (60) अपने परिवार के 11 लोगों के साथ तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर शुक्रवार शाम घर लौट रहे थे। बैरी सवाई गांव के पास वैन अचानक बेकाबू होकर तालाब में गिर गई और दरवाजे लॉक हो जाने से लोग अंदर फंस गए।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों और पुलिस ने गोताखोरों की मदद से राहत कार्य चलाया। जेसीबी से वाहन बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में राजकिशोर, उनकी पत्नी स्नेहलता (55), बेटी हिमानी उर्फ राखी (30) और उनका एक वर्षीय बेटा शिव शामिल हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नालंदा में रोजगार मेला: 1000 से ज्यादा नौकरियों का मौका

बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार सरकार के निर्देश पर 24 फरवरी को बिहारशरीफ के ब्लॉक कैंपस स्थित संयुक्त श्रम भवन में एक दिवसीय ‘नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला’ आयोजित होगा। यह मेला सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास के अनुसार, मेले में 1000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें Tata Motors, Flipkart, Paytm, Blinkit समेत कई निजी कंपनियां भाग लेंगी। रिटेल, हेल्थकेयर, अकाउंटिंग, डिलीवरी, हॉस्पिटैलिटी और सिक्योरिटी क्षेत्रों में चयन होगा। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता के अनुसार 12,000 से 45,000 रुपये तक वेतन मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 06112-359276 पर संपर्क कर सकते हैं।

दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट, लश्कर-ए-तैयबा की साजिश की आशंका

देश की राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लाल किला और चांदनी चौक के आसपास IED धमाके की साजिश रच रहे हैं। खासतौर पर चांदनी चौक के एक प्रमुख मंदिर को निशाना बनाया जा सकता है। इनपुट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस्लामाबाद में 6 फरवरी को मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी वारदात की फिराक में है। गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास कार में हुए धमाके में कई लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। फिलहाल किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: ज्यादा पेड़ लगाने से दिल्ली-एनसीआर का AQI सुधरेगा

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि ज्यादा पेड़ लगाने से दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। अदालत ने यह टिप्पणी रिज क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की भरपाई के लिए चल रहे प्लांटेशन कार्यक्रम की निगरानी हेतु एक्सपर्ट कमिटी के पुनर्गठन पर सुनवाई के दौरान की। मामले में न्यायालय के एमिकस क्यूरी सीनियर वकील गुरु कृष्ण कुमार ने कमिटी के सदस्य ईश्वर सिंह की जगह नए सदस्य की नियुक्ति का अनुरोध किया और दो नाम सुझाए। कोर्ट ने इनमें से सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी एम.डी. सिन्हा को चुना। सुनवाई के दौरान यह भी बताया गया कि पहले दिल्ली के ग्रीन बेल्ट को बढ़ाने के लिए दिए गए आदेशों की निगरानी भी इसी समिति को सौंपी जा सकती है। चीफ जस्टिस की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि ग्रीन कवर बढ़ाना वायु गुणवत्ता सुधारने का सबसे व्यावहारिक, प्रभावी और दीर्घकालिक समाधान है।

मैहर में प्रदर्शन के दौरान हादसा: यातायात प्रभारी आग से झुलसे

मध्य प्रदेश के मैहर के अलाउद्दीन तिराहे पर शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुतला दहन के दौरान ड्यूटी पर तैनात यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी में आग लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान पुतले में आग लगाते समय पेट्रोल की छींटें विक्रम पाठक की वर्दी पर पड़ गईं, जिससे उनकी पीठ और शरीर के निचले हिस्से में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई। घायल अधिकारी को तुरंत मैहर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Dharma Darshan
  • Education
  • Entertainment
  • Health & Fitness
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • Job
  • Lifestyle
  • News
  • Sports
  • Technology
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • #latest news in hindi
  • #breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital