
The election of the BJP’s national president will be held on January 20, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 20 जनवरी को होने जा रहा है। पार्टी ने शुक्रवार को अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जिसके तहत 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
नितिन नबीन हैं भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष
इस समय नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और पार्टी सूत्रों के मुताबिक उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। गौरतलब है कि भाजपा ने साल 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। 2024 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था, लेकिन उसके बाद उन्हें विस्तार दिया गया। फिलहाल जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका निभा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव का शेड्यूल जारी
भाजपा के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर के लक्ष्मण ने अध्यक्ष चुनाव की समय-सारिणी जारी की है। इसके अनुसार 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय तय किया गया है। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरे, तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में ही संपन्न होगी।
नितिन नबीन बने अध्यक्ष तो BJP को मिलेगा सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
वर्तमान में 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। अगर उन्हें पार्टी की कमान सौंपी जाती है, तो वे भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उनके नेतृत्व में संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
नई संगठनात्मक टीम में युवाओं को मिलेगा अहम रोल
नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में लगभग 80 प्रतिशत युवा नेताओं को आगे लाने की रणनीति पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि पूरी राष्ट्रीय टीम के गठन में करीब छह महीने का समय लग सकता है। सूत्रों के मुताबिक महासचिव, सचिव और मंत्री जैसे अहम पदों पर 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की नई टीम उसी हिसाब से तैयार की जाएगी। एक वरिष्ठ भाजपा नेता का कहना है कि आमतौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने जूनियर या समकक्ष नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हैं।










