
Speeding Audi crushes 16 people, जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार और नशे का खतरनाक कॉकटेल देखने को मिला। मानसरोवर के खरबास सर्किल इलाके में रेसिंग कर रही ऑडी कार ने सड़क पर ऐसा कहर मचाया कि 16 लोग इसकी चपेट में आ गए।
एक की मौत 15 घायल
CCTV फुटेज के अनुसार, ऑडी कार करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में घुस गई, जहां करीब 50 लोग मौजूद थे। हादसे में भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की मौत हो गई, जो फूड स्टॉल पर काम करता था। वहीं 15 लोग घायल हुए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नशे में थे सभी युवक
पुलिस के अनुसार, ऑडी कार में 4 युवक सवार थे, जिनमें एक जयपुर पुलिस का सिपाही भी बताया जा रहा है। चारों युवक नशे में थे और दूसरी कार के साथ रेसिंग कर रहे थे। हादसे के बाद एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि ड्राइवर दिनेश रणवां समेत 2 आरोपी फरार हैं। हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आ चुका है, जिसमें ऑडी कार फुल स्पीड में फूड स्टॉल्स को टक्कर मारती नजर आ रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार पूरी तरह बेकाबू थी।
कार चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम रजिस्टर्ड
जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल ऑडी कार दमन दीव रामकृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस और सिस्टम पर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं—
क्या रसूखदारों को कानून का डर नहीं?
क्या फिर से मामला कमजोर धाराओं में निपटाया जाएगा?
क्या पीड़ितों को सच में न्याय मिलेगा?










