सलीम खान को ब्रेन हेमरेज, DSA प्रोसीजर के बाद हालत स्थिर, डॉक्टर्स की निगरानी में

Salim Khan's health remains critical: Shifted to ventilator
Salim Khan’s health remains critical: Shifted to ventilator

सलमान खान के पिता और हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान को ब्रेन हेमरेज होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति को देखते हुए एक छोटी सर्जिकल प्रक्रिया की गई है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने बताया कि सलीम खान की डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की गई है। यह कोई बड़ी ब्रेन सर्जरी नहीं, बल्कि हाई-क्वालिटी एक्स-रे तकनीक है, जिससे दिमाग की नसों में ब्लॉकेज या अन्य समस्याओं का सटीक पता लगाया जाता है। इस प्रक्रिया को सेरेब्रल एंजियोग्राफी भी कहा जाता है।

डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे

डॉक्टरों के अनुसार, सलीम खान को फिलहाल अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जाएगी। उन्हें कुछ दिनों तक मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और अगर स्थिति सामान्य रही तो जल्द ही उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया जा सकता है। हालांकि डिस्चार्ज को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

बता दें कि हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान की मंगलवार को तबीयत खराब हो गई थी उसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, सलीम खान को घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उनके दिमाग में खून का थक्का जमने और ब्लीडिंग की जानकारी सामने आई थी । अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे इमरजेंसी में भर्ती किया गया था। उनके इलाज के लिए न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाई गई थी।

परिवार और करीबी पहुंचे अस्पताल

सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही परिवार के कई सदस्य अस्पताल पहुंचे। सलमान खान शूटिंग छोड़कर पिता से मिलने पहुंचे। उनके अलावा परिवार के अन्य सदस्य और करीबी लोग भी हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। सलीम खान के लंबे समय के सहयोगी जावेद अख्तर भी उनका हाल जानने पहुंचे, जबकि अभिनेता संजय दत्त को भी अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया।

हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक

90 वर्षीय सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था। उन्होंने 1960 के दशक में फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी। शुरुआत में अभिनय करने के बाद उन्होंने लेखन को अपना मुख्य क्षेत्र बनाया। जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ‘सलीम–जावेद’ के नाम से मशहूर हुई। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें शोले, दीवार, डॉन, जंजीर और सीता और गीता शामिल हैं। उनकी लिखी कहानियों और दमदार संवादों ने हिंदी फिल्मों की शैली को नई पहचान दी।

निजी जीवन

सलीम खान ने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी सलमा खान से हुई, जिनसे उनके बेटे सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान तथा बेटी अलवीरा खान हैं। बाद में उन्होंने अभिनेत्री हेलन से शादी की और अर्पिता खान को गोद लिया।

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Entertainment
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • News
  • Sports
  • Technology
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • latest news in hindi
  • breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital