
बेंगलुरु में रियल एस्टेट कंपनी कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने सेंट्रल बेंगलुरु के रिचमंड सर्कल के पास स्थित अपने ऑफिस में गोली मारकर आत्महत्या कर ली । यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बीते तीन दिनों से सीजे रॉय के कार्यालय और आवास पर आयकर विभाग की जांच चल रही थी। घटना के बाद आयकर विभाग की कार्रवाई रोक दी गई।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
पुलिस हर पहलू से कर रही है जांच पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय कार्यालय परिसर में कोई भी आयकर अधिकारी मौजूद नहीं था। फिलहाल मामले को अप्राकृतिक मौत के रूप में दर्ज किया गया है, लेकिन यह भी जांच की जा रही है कि क्या किसी प्रकार का मानसिक दबाव या उकसावे की स्थिति बनी थी। कॉन्फिडेंट ग्रुप के एक डायरेक्टर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ऑफिस परिसर से दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
डिप्टी सीएम का बयान, होगी उच्च स्तरीय जांच
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो सके और सच्चाई सामने आ सके।
परिवार का आरोप: लगातार पूछताछ से थे मानसिक तनाव में
सीजे रॉय के परिवार का कहना है कि बीते कुछ दिनों से लगातार पूछताछ के कारण वह मानसिक दबाव में थे। उनके भाई के अनुसार, रॉय पर किसी तरह का कर्ज नहीं था। परिवार ने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों को स्पष्ट करना चाहिए कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम पहले दिसंबर 2025 में बेंगलुरु आई थी और जनवरी के अंत में दोबारा जांच शुरू हुई थी।










