
Blast on railway track in Punjab ahead of Republic Day, गणतंत्र दिवस से 48 घंटे पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद इलाके में रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका होने की खबर सामने आई है। यह धमाका खानपुर क्षेत्र में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) की रेलवे लाइन पर हुआ, जिसमें एक मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसके चालक को चोटें आई हैं। सूत्रों के अनुसार, धमाका बेहद खतरनाक था और इसमें आरडीएक्स के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
शुक्रवार रात को हुआ ब्लास्ट
यह घटना शुक्रवार रात 9 बजकर 50 मिनट पर उस समय हुई, जब लुधियाना की ओर जा रही एक मालगाड़ी नई बिछाई गई डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन से गुजर रही थी। यह रेलवे लाइन विशेष रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे ट्रैक का करीब 12 फीट हिस्सा पूरी तरह से टूट गया। रेलवे लाइन पर लगे स्लीपर भी क्षतिग्रस्त हो गए और उनके टुकड़े बिखर गए।
मालगाड़ी के लोको पायलट को चोटें आई
इस धमाके में मालगाड़ी के लोको पायलट को चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद रात में ही रेलवे की तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
पूरे इलाके की नाकाबंदी
शनिवार सुबह रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इनपुट के आधार पर इलाके में नाकेबंदी की जा रही है। फिलहाल इस घटना को आतंकी हमला कहना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी, अभी इसे एक क्रिमिनल एक्टिविटी के रूप में देखा जा रहा है।
जीआरपी की फॉरेंसिक टीम भी रात को ही मौके पर पहुंच गई थी और उन्होंने घटनास्थल से कुछ तार और अन्य संदिग्ध सामान कब्जे में लिया है। जांच एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ साइंटिफिक तरीके से मामले की जांच कर रही हैं।
जान माल का नुकसान नहीं
डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि यह एक माइनर ब्लास्ट था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस धमाके में कोई बड़ा प्रॉपर्टी लॉस नहीं हुआ है और न ही कोई जानमाल का नुकसान हुआ है। लोको पायलट को चेहरे पर मामूली चोट आई है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मालगाड़ी के इंजन और रेलवे ट्रैक को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है और जल्द ही ट्रैक को फिर से चालू कर दिया जाएगा। गणतंत्र दिवस से पहले रेलवे लाइन पर हुए इस धमाके के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और मामले की गहन जांच जारी है।










