
लोकसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सदन के बाहर सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यह बहस संसद परिसर में मौजूद कई सांसदों और मीडिया की नजरों में आ गई।
दरअसल, संसद के मकर द्वार के पास कांग्रेस के कुछ सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान जब रवनीत सिंह बिट्टू वहां से जा रहे थे, तो राहुल गांधी ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि यहां एक “गद्दार” चल रहा है, ज़रा इसका चेहरा देखिए।
इसके बाद राहुल गांधी ने आगे बढ़कर बिट्टू से हाथ मिलाने की कोशिश की और व्यंग्यात्मक लहजे में कहा,
“हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।”
हालांकि, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि “देश के दुश्मनों से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।” उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा और तेज हो गई।
कांग्रेस से बीजेपी तक का सफर
रवनीत सिंह बिट्टू 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह कांग्रेस के टिकट पर तीन बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 2009 में आनंदपुर साहिब से पहली बार लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 2014 और 2019 में उन्होंने लुधियाना सीट से जीत दर्ज की।
2024 चुनाव में हार, फिर भी मंत्री पद
2024 के लोकसभा चुनाव में बिट्टू ने लुधियाना सीट से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन करीब 20 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने उन्हें मंत्री पद दिया।
फिलहाल रवनीत सिंह बिट्टू केंद्र सरकार में रेल मंत्रालय और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
आज की 20 बड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें- देश विदेश की 20 बड़ी खबरें, 4 जनवरी 2026
आज अपना राशिफल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें- राशिफल 4 फरवरी बुधवार 2026 । Rashifal 4 February 2026










