दक्षिण दिल्ली को 300 करोड़ की सौगात: सीएम रेखा गुप्ता ने विकास कार्यों का किया शुभारंभ

300 crore gift to South Delhi
300 crore gift to South Delhi

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दक्षिण दिल्ली की तीन विधानसभा क्षेत्रों—बदरपुर, संगम विहार और देवली—में 300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह राशि केवल बजट का आंकड़ा नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली के समग्र और स्थायी परिवर्तन का संकल्प है। इन परियोजनाओं के तहत सड़क, नाली, ड्रेनेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, डिस्पेंसरी और बारातघर जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

बदरपुर में 85 करोड़ के विकास कार्य, वर्षों से प्रतीक्षित बदलाव की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने बदरपुर विधानसभा में 85 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए वर्षों से प्रतीक्षित बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार ओखला लैंडफिल को समाप्त करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है और आने वाले समय में बदरपुर की जनता इस परिवर्तन की प्रत्यक्ष साक्षी बनेगी।

पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता का भरोसा

रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी, परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य बदरपुर को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और दिल्ली का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है।

संगम विहार में 115 करोड़ की परियोजनाएं, जनता के सवालों का जवाब

मुख्यमंत्री ने संगम विहार विधानसभा में 115 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह उन वर्षों पुराने सवालों का जवाब है—
“हमारी बारी कब आएगी?”
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने संगम विहार को टूटी सड़कें, ओवरफ्लो सीवर, गंदा पानी और अधूरे वादे दिए, लेकिन अब सरकार हर संकल्प को ज़मीन पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

संगम विहार में सड़कों से लेकर पेयजल तक होगा व्यापक सुधार

इन परियोजनाओं के अंतर्गत संगम विहार में सड़कों का पुनर्निर्माण, मजबूत सीवर और ड्रेनेज सिस्टम, सुदृढ़ पेयजल व्यवस्था, गलियों, नालियों और स्ट्रीट लाइट का व्यापक सुधार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से लाखों नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक बनेगा।

देवली विधानसभा में 104 करोड़ की विकास योजनाओं की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने देवली विधानसभा में 104 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए इसे विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि देवली की जनता जिन बुनियादी सुविधाओं का वर्षों से इंतजार कर रही थी, वे अब संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रही हैं।

देवली में सड़क, सीवर, पार्क और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

देवली में इन परियोजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण, सीवर एवं ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार, पेयजल पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण तथा स्वास्थ्य एवं सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया जाएगा।

निर्माण नहीं, नागरिकों के जीवन में बदलाव हमारा लक्ष्य: सीएम

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल इमारतें और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। दक्षिण दिल्ली को वर्षों की उपेक्षा से निकालकर विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श क्षेत्र बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री मोदी के सपने को साकार कर रही दिल्ली सरकार: बिधूड़ी

इस अवसर पर मौजूद सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली को विश्व स्तरीय राजधानी बनाने का सपना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार साकार कर रही है। उन्होंने इन तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने पर दक्षिण दिल्ली की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Entertainment
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • News
  • Sports
  • Technology
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • latest news in hindi
  • breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital