
संगम में वसंत पंचमी स्नान आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Must watch the big morning news of 23rd January, संगम की पावन रेती पर माघ मेले का अगला प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी (23 जनवरी) से अचला सप्तमी (25 जनवरी) तक मनाया जाएगा। मौनी अमावस्या पर 4.52 करोड़ श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड आगमन के बाद अब मेला प्रशासन इन तीन दिनों में लगभग 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं की त्रिवेणी में डुबकी की तैयारी में जुट गया है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने जल, थल और नभ तीनों ओर से कड़ी निगरानी सुनिश्चित की है। स्नान घाटों पर जल पुलिस, NDRF, SDRF, PAC, पेशेवर गोताखोर, UP ATS कमांडो और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में CCTV और ड्रोन से पैनी नजर रखी जा रही है, और संदिग्ध वस्तुओं की सघन जांच जारी है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस बार गजकेसरी योग का दुर्लभ संयोग है। श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से सुबह 4 बजे से पवित्र स्नान प्रारंभ करेंगे। प्रशासन ने 3.5 किलोमीटर लंबा स्नान घाट तैयार किया है, और अनुमान है कि वसंत पंचमी पर लगभग 55-60 लाख श्रद्धालु संगम में पुण्य की डुबकी लगाएंगे।
——————————————————–
जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 2 की मौत
झज्जर के बहादुरगढ़ में गुरुवार तड़के लगभग 4 बजे जूता बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें तीन कर्मचारी अंदर सो रहे थे। आग तेजी से फैल गई और अमीरुद्दीन और अब्दुल गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे साथी आरिफ ने छत से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसके हाथ-पैर गंभीर रूप से झुलस गए। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भयावह थी कि मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था, क्योंकि उनके शरीर पर शू मैटीरियल और केमिकल चिपक गया था। घायल आरिफ का इलाज सिविल अस्पताल की बर्न यूनिट में चल रहा है।
मृतकों की पहचान: दोनों मृतक उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली गांव के रहने वाले थे और फैक्ट्री में काफी समय से काम कर रहे थे। घटना के समय उनकी नाइट शिफ्ट चल रही थी। फायर ऑफिसर रविन्द्र ने बताया कि आग की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं। फैक्ट्री में आग लगने के दौरान करीब 10-12 लोग काम कर रहे थे, और तीन कर्मचारी सोते हुए आग में फंस गए। घटना स्थल पर मौजूद कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि दोनों काफी देर तक चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आग की तेज लपटों में उनका पूरा शरीर जल गया। इस घटना ने फैक्ट्री सुरक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा उपायों पर सवाल उठाए हैं।
——————————————————–
कांग्रेस सांसद के भतीजे ने पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की
गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में कार्यरत अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना अहमदाबाद के जजेस बंगलो रोड स्थित एनआरआई टावर में बुधवार रात हुई। यशराज और उनकी पत्नी राजेश्वरी की शादी केवल दो महीने पहले ही हुई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक रिश्तेदार के घर डिनर से लौटे थे, जिसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर यशराज ने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। इसके बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। जब डॉक्टरों ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया, तब यशराज ने भी खुद को गोली मारकर जान दे दी।
घटना के समय यशराज की मां घर में दूसरे कमरे में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें घटना की जानकारी एंबुलेंस के पहुंचने के बाद मिली। पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। झगड़े के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
——————————————————–
सनातन धर्म बयान पर सियासी घमासान
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए बयान को लेकर राजनीति तेज हो गई है। मद्रास हाईकोर्ट ने इस बयान को ‘हेट स्पीच’ बताया, जिसके बाद BJP ने उदयनिधि को मंत्री पद से हटाने की मांग की है। चेन्नई पहुंचे केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु BJP के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने कहा कि उदयनिधि के बयान राष्ट्रविरोधी हैं और समाज को बांटने वाले हैं, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं सत्तारूढ़ DMK ने हाईकोर्ट की टिप्पणी को गलत बताया। DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि किसी भी फैसले में जज की निजी आस्था की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि DMK हिंदू विरोधी पार्टी नहीं है और पार्टी ने ही 69% आरक्षण सुनिश्चित किया है। इस मुद्दे ने चुनावी माहौल में सियासी टकराव को और तेज कर दिया है।
——————————————————–
‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे, देशभर में राष्ट्रभक्ति का भव्य उत्सव
भारत अपने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव पूरे देश में बड़े स्तर पर मना रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सैन्य बैंड की प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
इसी कड़ी में 21 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के राजीव चौक एम्फीथिएटर में भारतीय वायु सेना (IAF) के 31 संगीतकारों वाले बैंड ने 45 मिनट की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान ब्रास, बांसुरी, स्ट्रिंग और इलेक्ट्रॉनिक वाद्ययंत्रों से 11 मनमोहक धुनें पेश की गईं।
‘वंदे मातरम’ और ‘सिंदूर’ गीत इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे, जो ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता को समर्पित थे। 1944 में स्थापित भारतीय वायु सेना बैंड आज भी संगीत के माध्यम से देशभक्ति और एकता का संदेश देता आ रहा है।
——————————————————–
प्रधानमंत्री ने संस्कृत सुभाषितम साझा किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जिस देश में पुत्रियों को लक्ष्मी के समान पूजा जाता है, वहां आज से 11 वर्ष पहले इसी दिन ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान आरंभ किया गया था। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गर्व की बात है कि आज भारत की बेटियां हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बना रही हैं और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
प्रधानमंत्री ने पुत्रियों के महत्व पर आधारित शाश्वत भारतीय मूल्यों को प्रतिबिंबित करते हुए एक संस्कृत सुभाषितम् साझा किया-
“दशपुत्रसमा कन्या दशपुत्रान् प्रवर्धयन्। यत् फलम् लभते मर्त्यस्तल्लभ्यं कन्ययैकया॥”
सुभाषितम् का अर्थ है कि एक पुत्री दस पुत्रों के समान है, और दस पुत्रों से प्राप्त पुण्य या सद्गुण एक पुत्री से भी प्राप्त किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट पर लिखा;
“कन्या को लक्ष्मी मानने वाले हमारे देश में 11 साल पहले आज ही के दिन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत हुई थी। यह बड़े गर्व की बात है कि आज भारत की बेटियां हर क्षेत्र में नित-नए रिकॉर्ड बना रही हैं।
दशपुत्रसमा कन्या दशपुत्रान् प्रवर्धयन्। यत् फलम् लभते मर्त्यस्तल्लभ्यं कन्ययैकया॥”
——————————————————–
महाराष्ट्र में ‘बिहार भवन’ को लेकर सियासी संग्राम
महाराष्ट्र में प्रस्तावित ‘बिहार भवन’ को लेकर राजनीति गरमा गई है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के विरोध के बाद बिहार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने MNS के विरोध को फालतू बताते हुए कहा कि देश में किसी की जबरदस्ती नहीं चलेगी और बिहार भवन जरूर बनेगा। अशोक चौधरी ने सवाल उठाया कि क्या महाराष्ट्र किसी का राजतंत्र है और क्या राज ठाकरे वहां के राजा हैं।
MNS नेता यशवंत किलेदार ने मुंबई में बिहार भवन के निर्माण का विरोध करते हुए कहा कि 314 करोड़ रुपये की राशि बिहार में ही खर्च होनी चाहिए। उनका कहना है कि मुंबई पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रही है।
इस बीच जदयू और भाजपा ने भी MNS के रुख की आलोचना की है। बिहार सरकार का कहना है कि 30 मंजिला बिहार भवन कैंसर मरीजों, छात्रों और कारोबारियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
——————————————————–
हत्यारोपी 8 साल बाद गिरफ्तार
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज हत्या मामले में 8 साल से फरार आरोपी मोविन खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साल 2017 में थाना कंझावला इलाके में हुई हत्या के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस के अनुसार, 400 रुपये और एक मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में मोविन खान ने अपने दोस्त मलखान की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
घटना 31 दिसंबर 2016 की रात की है, जब नए साल की भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने खेत में नशे की हालत में मौजूद मलखान का चाकू से गला रेत दिया। 1 जनवरी 2017 की सुबह सवदा गांव के खेत में शव मिला था। मामले में धारा 302 IPC के तहत केस दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में छिपता रहा। पांच महीने की छापेमारी के बाद उसे आगरा से पकड़ा गया। पुलिस जांच जारी है।
——————————————————–
दुष्कर्म के आरोपी का घर जमींदोज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम ने नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई बुधवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच की गई। नगर निगम ने बताया कि आरोपी का घर राजा तालाब के पास झंडा चौक इलाके में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना था।
अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए आरोपी को पहले तीन नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय पर न तो निर्माण हटाया गया और न ही दस्तावेज पेश किए गए। इसके बाद महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर करीब 700 वर्ग फुट सरकारी जमीन पर बने तीन अवैध घरों को गिराया गया।
पुलिस ने आरोपी को 11 जनवरी को गिरफ्तार किया था। वहीं, कांग्रेस ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे सरकार की कानून-व्यवस्था में विफलता बताया और बुलडोजर राजनीति का आरोप लगाया।
——————————————————–
लश्कर-ए-तैयबा भर्ती मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, आरोपी को 10 साल की सजा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने पाकिस्तान से जुड़े आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए भर्ती और कट्टरपंथीकरण के मामले में एक आरोपी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोलकाता स्थित NIA की विशेष अदालत ने कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के निवासी सैयद एम इदरीस को IPC और UAPA की विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया। अदालत ने सभी सजाएं एक साथ चलाने के आदेश दिए हैं और आरोपी पर 70 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला वर्ष 2020 का है, जब पश्चिम बंगाल में मुस्लिम युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी बनाकर भारत सरकार के खिलाफ जिहाद के लिए उकसाने का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सहयोगियों के साथ मिलकर लश्कर-ए-तैयबा का मॉड्यूल खड़ा करने की साजिश रची थी। NIA ने साफ किया है कि आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
——————————————————–
पंजाब पुलिस: आतिशी वीडियो फर्जी, ‘गुरु’ शब्द नहीं कहा
पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मामले में पंजाब पुलिस ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस का जवाब दे दिया है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया कि आतिशी से जुड़ा वायरल वीडियो फर्जी है। फॉरेंसिक जांच में यह साबित हुआ कि वीडियो में आतिशी ने ‘गुरु’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। वीडियो को माहौल खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर एडिट करके पोस्ट किया गया था।
पंजाब पुलिस ने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है और एडिटेड वीडियो के मामले में कानून के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी जवाबदेही कोर्ट और केस से जुड़े मजिस्ट्रेट के सामने है। भविष्य में इस मामले में जो भी कार्रवाई होगी, वह सीधे कोर्ट और संबंधित मजिस्ट्रेट के सामने रखी जाएगी।
——————————————————–
शेयर बाजार में जोरदार तेजी, ट्रंप के संकेतों से निवेशकों में उत्साह
लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद 22 जनवरी शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने से बाजार में तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी में भी 250 अंकों से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। सुबह 9:38 बजे सेंसेक्स 831.97 अंक यानी 1.02% की तेजी के साथ 82,741.60 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 250.50 अंक यानी 1% की बढ़त के साथ 25,408 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी रही। एसबीआई, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी और इन्फोसिस जैसे शेयरों में अच्छी खरीदारी दिखी। ब्रॉडर मार्केट में भी मजबूती रही। निफ्टी मिडकैप 1.4% और स्मॉलकैप 1% से ज्यादा चढ़ा। सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं।
——————————————————–
भारत की मेडिकल वैल्यू ट्रैवल में वैश्विक पहचान
भारत तेजी से मेडिकल वैल्यू ट्रैवल (MVT) के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। विश्वस्तरीय अस्पताल, कुशल डॉक्टर, किफायती इलाज और आयुष जैसी पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के समन्वय ने भारत को अंतरराष्ट्रीय मरीजों की पहली पसंद बना दिया है।
सरकार की नीति-प्रेरित पहलें जैसे आयुष वीजा और हाल ही में लॉन्च किया गया आयुष गुणवत्ता मार्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भरोसा और मानकीकरण मजबूत कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत की समग्र स्वास्थ्य परंपरा, योग, आयुर्वेद और निवारक चिकित्सा की वैश्विक भूमिका पर जोर दिया है।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत आने वाले विदेशी मरीजों की संख्या 2020 में 1.82 लाख से बढ़कर 2024 में 6.44 लाख हो गई है। आयुष आधारित उपचार, बीमा कवरेज, 100% FDI और सार्वजनिक-निजी भागीदारी भारत को किफायती, भरोसेमंद और समग्र स्वास्थ्य सेवा का वैश्विक केंद्र बना रहे हैं।
——————————————————–
बीजेपी को लोकतंत्र की मिसाल : ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बागपत दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक तरीके से चलती है, जबकि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना और एनसीपी परिवारवाद की गिरफ्त में हैं। ब्रजेश पाठक ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी मुस्लिम समाज को डराकर वोट हासिल करती है और अगर मुस्लिम समुदाय साथ छोड़ दे तो सपा ग्राम प्रधानी भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में बागपत और बड़ौत में अपराध, गुंडागर्दी और प्लॉट कब्जे चरम पर थे, कारों में बंदूक ले जाया करती थी और बेटियों के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें दर्ज नहीं होती थीं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के परिवार में ही अगली पार्टी कमान तय होती है। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है।
——————————————————–
“PWL: हर्षिता मोर की रोमांचक जीत, महाराष्ट्र केसरी ने 5-4 से बाज़ी मारी”
PWL के 9वें मैच में यूपी डोमिनेटर्स और महाराष्ट्र केसरी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हिसार की हर्षिता मोर ने निर्णायक क्षणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 76 किग्रा वर्ग में यूपी डोमिनेटर्स को रोमांचक 5-4 से जीत दिलाई। उनके प्रदर्शन के लिए हर्षिता को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। झज्जर की तपस्या गहलावत, जो यूपी डोमिनेटर्स की ओर से खेल रही हैं, ने महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में मनीषा भानवाला को 12-9 से हराया और फाइटर ऑफ द मैच बनीं। पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र के आतिश ठोड़कर ने राहुल देसवाल को 15-13 से मात दी। अंतिम बाउट में हिसार की अंतिम पंघाल ने पेरिस ओलिंपिक पदक विजेता गुजमान लोपेज को 5-0 से हराया। इस जीत के बावजूद महाराष्ट्र केसरी ने मुकाबला 5-4 से अपने नाम किया। यूपी डोमिनेटर्स अंक तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं।
——————————————————–
ओलंपियन बजरंग पूनिया शुरू करने जा रहे हैं ‘ओरका रेसलिंग लीग’,
भारतीय कुश्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और रेसलरों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए ओलंपियन बजरंग पूनिया नवंबर में नई प्रोफेशनल लीग ‘ओरका रेसलिंग लीग’ शुरू करेंगे। लीग में दुनिया भर से कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे। लीग की खासियत यह होगी कि खिलाड़ियों को ऑक्शन के जरिए टीमें मिलेंगी। खिलाड़ियों को A से D तक चार ग्रेड में बांटा जाएगा, जिसमें A ग्रेड की बेस वैल्यू 35 हजार डॉलर (करीब 35 लाख रुपये) और D ग्रेड की 6 हजार डॉलर (करीब 5.5 लाख रुपये) होगी।
लीग में भारत, यूके, कनाडा, यूएसए, जापान समेत कई देशों की टीमों को शामिल किया जाएगा। बजरंग ने कहा कि इस लीग का उद्देश्य सिर्फ मंच देना नहीं, बल्कि रेसलरों को आर्थिक मदद और स्पॉन्सरशिप के जरिए मजबूत करना है। टीमें जैसे एटलस टाइटन्स, इंद्रा वॉरियर्स, नियो-टोक्यो ड्रैगंस और ब्रिटानिया ब्रॉलर्स लीग में हिस्सा लेंगी।
——————————————————–
“कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा: दिल्ली के 3 पर्यटकों की मौत, 3 गंभीर घायल”
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली से आए तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 8 बजे चंडीगढ़–मनाली फोरलेन पर कुल्लू से लगभग 10 किलोमीटर पहले बबेली क्षेत्र में आईटीबीपी केंद्र के गेट के पास हुआ। दिल्ली से मनाली घूमने आ रहे छह पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो महिलाओं और एक पांच वर्षीय बच्चे की जान गई। मृतकों की पहचान सोनिया (40), साक्षी (26) और देवांश (5) के रूप में हुई है। घायलों को कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
——————————————————–
हिमाचल में बदलेगा मौसम: 9 जिलों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में आज रात से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से शिमला, सोलन और सिरमौर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी, आंधी और तूफान के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए 9 जिलों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात की संभावना है, जबकि ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और बिलासपुर में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मंडी, सोलन और सिरमौर में ओलावृष्टि हो सकती है। हमीरपुर में शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है। IMD के अनुसार 24 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा, जबकि 26 और 27 जनवरी को फिर से अच्छी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
——————————————————–
6 राज्यों में 10,000 किमी से ज्यादा सड़क परियोजनाओं को केंद्र की मंजूरी
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (पीएमजीएसवाई-IV) के तहत जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में 10,000 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस फैसले से लगभग 3,270 पहले से अलग-थलग पड़ी बस्तियों को सड़क कनेक्टिविटी और आवश्यक सेवाओं तक सीधी पहुंच मिलेगी। ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार ये सड़कें केवल अवसंरचना का विकास नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। योजना के तहत 62,500 किलोमीटर ऑल-वेदर सड़कों और आवश्यक पुलों का निर्माण किया जाएगा। पीएमजीएसवाई-IV को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 11 सितंबर 2024 को मंजूरी दी थी। वित्त वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक लागू होने वाली इस योजना का कुल परिव्यय 70,125 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र और राज्यों दोनों की हिस्सेदारी शामिल है।
——————————————————–
अमित शाह यूपी दिवस पर ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ योजना का करेंगे शुभारंभ
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह शनिवार, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करेंगे। लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ‘एक जनपद – एक व्यंजन’ (One District One Cuisine) योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत प्रत्येक जनपद/जिले के विशिष्ट पारंपरिक व्यंजन को चिह्नित कर उन्हें गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय स्वाद की केवल क्षेत्रीय नहीं बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान बन सके।
‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का भी शुभारंभ करेंगे। गृह मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की CM YUVA (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान) योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को पुरस्कार देंगे और साथ ही, उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 का वितरण करेंगे।









