US Vice President JD Vance’s home attacked, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो राज्य के सिनसिनाटी स्थित आवास पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है। CNN ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस घटना में वेंस के घर की कई खिड़कियों के कांच टूट गए हैं। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब 12:15 बजे वेंस के घर के पास एक व्यक्ति को तेजी से भागते हुए देखा गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संदिग्ध उपराष्ट्रपति के घर के भीतर प्रवेश नहीं कर पाया।
घटना के समय जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना के समय जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह हमला जानबूझकर उपराष्ट्रपति या उनके परिवार को निशाना बनाकर किया गया था, या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले को लेकर व्हाइट हाउस और यूएस सीक्रेट सर्विस से भी प्रतिक्रिया मांगी गई है, लेकिन अभी तक किसी भी एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि जेडी वेंस पिछले एक सप्ताह से सिनसिनाटी में थे, हालांकि रविवार दोपहर को वह शहर छोड़ चुके थे। उन्होंने यह घर करीब 14 लाख डॉलर में खरीदा था, जो लगभग 2.3 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
ओहियो में जन्म, गरीबी में बीता बचपन
जेडी वेंस का जन्म 2 अगस्त 1984 को अमेरिका के ओहियो राज्य में एक स्कॉट-आयरिश परिवार में हुआ था। जब उनका जन्म हुआ, तब उनके माता-पिता आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। बचपन में ही माता-पिता का तलाक हो गया, जिसके बाद उनकी मां बेवर्ली एकिंस को नशे की लत लग गई। ऐसे हालात में जेडी ने अपना अधिकतर बचपन नाना जेम्स वेंस और नानी बोनी वेंस के साथ बिताया। अपनी चर्चित किताब ‘Hillbilly Elegy: A Memoir of a Family and Culture in Crisis’ में उन्होंने लिखा है कि उन्हें नाना-नानी के साथ रहना सबसे सुरक्षित और सुकून भरा लगता था।
हिंदू रीति-रिवाजों से शादी, तीन बच्चों के पिता
येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान जेडी वेंस की मुलाकात उषा चिलकुरी से हुई। अपनी किताब में जेडी लिखते हैं कि उन्हें उषा से पहली नजर में प्यार हो गया था। दोस्ती के बाद दोनों ने 2014 में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया।
उषा भारतीय मूल की हिंदू हैं। उनके पिता IIT से मैकेनिकल इंजीनियर हैं, जबकि उनकी मां एक बायोलॉजिस्ट हैं। उषा शाकाहारी हैं और उनके प्रभाव में जेडी वेंस ने भी शाकाहारी जीवनशैली अपनाई। उन्होंने अपनी सास से भारतीय शाकाहारी भोजन बनाना भी सीखा।
राजनीतिक जीवन में भी उषा वेंस की भूमिका अहम रही है। वे जेडी के भाषणों, बहसों और चुनावी रणनीतियों में सक्रिय रूप से सहयोग करती हैं। शादी के बाद जेडी ने अपने नाना-नानी के सम्मान में अपना नाम बदलकर जेम्स डेविड वेंस रख लिया। दंपती के तीन बच्चे हैं—दो बेटे इवान और विवेक, और एक बेटी मिराबेल।










