
T20 World Cup 2026, India beat USA by 29 runs
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से मात देकर शानदार शुरुआत की। हालांकि मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर की नाकामी साफ नजर आई, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की लाजवाब पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने जीत अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ग्रुप A में पाकिस्तान के बाद भारत दूसरी जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई।
टॉस हारकर भारत को पहले मिली बल्लेबाजी
अमेरिका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही।
- अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए।
- इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में शेडली वैन शाल्कविक ने एक ही ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को आउट कर भारतीय टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
हालांकि, एक छोर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव डटे रहे, जिसकी बदौलत टीम इंडिया किसी तरह सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी
भारतीय पारी के हीरो सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने मुश्किल हालात में 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली।
जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल हैं । सूर्यकुमार के अलावा तिलक वर्मा ने 25 और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया । एक समय 13वें ओवर में भारत का स्कोर 77/6 था और टीम बेहद कमजोर स्थिति में नजर आ रही थी।
अमेरिकी गेंदबाजों ने किया कमाल
अमेरिका की ओर से गेंदबाजी में शेडली वैन शाल्कविक ने शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर भारत के 4 विकेट झटके । अमेरिकी गेंदबाजों ने शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
अमेरिका को शुरूआती झटके मिले
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। खासतौर पर नई गेंद के सामने उनका टॉप ऑर्डर टिक नहीं सका। मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने शुरुआती ओवरों में अमेरिका को बड़े झटके दिए, जिससे टीम कभी उबर नहीं पाई।
सिराज का कहर, गेंदबाजी में भारत का दबदबा
टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई । वहीं अर्शदीप ने 2 विकेट झटककर मैच का रूख भारत की और मोड़ दिया ।
स्पिनरों ने कसा शिकंजा
इसके बाद स्पिवर वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया और अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किये । भारतीय गेंदबाजो ने अमेरिकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। वरुण ने सेट हो चुके मिलिंद कुमार (34 रन) को स्टंप कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
अमेरिका 132 रन पर सिमटी
अमेरिकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 132 रन ही बना सकी और मैच 29 रन से हार गई।
मैच का निचोड़
टीम इंडिया ने कमजोर शुरुआत के बावजूद हर विभाग में संतुलित खेल दिखाते हुए टी20 विश्व कप 2026 में जीत से आगाज किया।










