
शब्दोत्सव, भारंगम व सारंग को सफल बनाने वालों का किया सम्मान
मिनी ऑडिटोरियम में 2 घंटे तक चला समारोह
रोहतक, 18 फरवरी 2026 Ordinary people create history: VC Dr Amit Arya, दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि साधारण लोग शक्ति के साथ समभाव से कार्य करते हैं तो इतिहास लिख देते हैं। जनवरी-फरवरी माह में हुए तीन बड़े आयोजनों की सफलता के पीछे यही मंत्र नजर आता है। इसके लिए सुपवा परिवार बधाई का पात्र है।
स्मृति चिन्ह व ‘सारंग’ की किट सौंपी
वे बुधवार को मिनी ऑडिटोरियम में ‘शब्दोत्सव’, ‘भारंगम’ व ‘सारंग’ महोत्सव को सफल बनाने में योगदान देने वाले डीएलसीसुपवा की फैकेल्टी, टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ, छात्र-छात्राओं समेत पूरे सुपवा परिवार को संबोधित कर रहे थे। शब्दोत्सव का आयोजन 2 से 4 जनवरी तक दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में दिल्ली सरकार ने किया था, जिसमें सुपवा से 90 सदस्यीय टीम ने शिरकत की थी। आयोजकों की ओर से भेजे गए सर्टिफिकेट व स्मृति चिन्ह कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने स्टाफ व छात्रों को सौंपे। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा भी मौजूद रहीं। इसके साथ ही 9 से 12 फरवरी तक सुपवा में एनएसडी के सहयोग से आयोजित 25वें भारत रंग महोत्सव (भारंगम) व यूनिवर्सिटी के अपने महोत्सव ‘सारंग’ को सफल बनाने वाले सुपवा परिवार के सदस्यों का भी उत्साहवर्धन किया। इन्हें एनएसडी की ओर से आए स्मृति चिन्ह व ‘सारंग’ की किट सौंपी।
टीम भावना हमेशा सफलता की राह होती है
कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि जब भी आप टीम के तौर पर कार्य करेंगे तो निश्चित तौर पर सफलता हासिल होगी। अक्सर असामान्य लोग संगठित न होते हुए या फिर कोई दिशा न तय करते हुए कार्य करते हैं, इसलिए वे कभी सफल नहीं हो सकते। दुनिया अभी तक सुपवा परिवार की तरफ नहीं देख रही थी, लेकिन अब देख रही है। अब आपकी परीक्षा है, खुद को और अच्छा दिखाने की। आने वाला समय सुपवा परिवार के लिए और अच्छा साबित होने वाला है। डॉ आर्य ने कहा कि अभी सुपवा परिवार ने पहला कदम आगे बढ़ाया है। इसे कहा जा सकता है कि यह तो सिर्फ अंगड़ाई है, असल पिक्चर अभी बाकी है। इसलिए जब दुनिया आपकी तरफ देख रही है तो अपनी यूनिवर्सिटी के प्रति आपकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। इस दौरान डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, एफटीवी के फैकेल्टी कॉर्डिनेटर महेश टीपी, डीएसडब्ल्यू विनय कुमार, एक्टिंग इंचार्ज केशव कुमार भी मौजूद रहे।









