
हली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से उतरी साउथ अफ्रीका ने T20 World Cup 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 176 रन के लक्ष्य को सिर्फ 17.1 ओवर में हासिल कर लिया।
कप्तान एडन मार्करम ने रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक जड़ते हुए मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया, जबकि मार्को यानसन ने गेंदबाजी में कीवी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सुपर-8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली।
56 हजार दर्शकों के सामने साउथ अफ्रीका का दमदार प्रदर्शन
भारत-पाकिस्तान मुकाबले से एक दिन पहले खेले गए इस मैच में 56 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे, जो इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा क्राउड था। साउथ अफ्रीका की टीम ने फैंस को निराश नहीं किया और शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली।
न्यूजीलैंड की पारी: यानसन के झटकों से लड़खड़ाई शुरुआत
न्यूजीलैंड के लिए फिन ऐलन ने 31 रन की तेज पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से टिम साइफर्ट (13) और रचिन रवींद्र (13) ज्यादा देर टिक नहीं सके। महज 64 रन पर 4 विकेट गिर गए, जिनमें से तीन विकेट यानसन ने झटके।
इसके बाद मार्क चैपमैन (48) और डैरिल मिचेल (32) ने पारी संभाली और स्कोर को 175 तक पहुंचाया। यानसन ने 4/40 के आंकड़ों के साथ कीवी बल्लेबाजी पर ब्रेक लगा दिया।
मार्करम की आंधी में उड़ा न्यूजीलैंड
176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान एडन मार्करम ने पहले ओवर से ही आक्रमण कर दिया। तीसरे ओवर तक टीम 50 रन पार कर चुकी थी।
मार्करम ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो साउथ अफ्रीका की ओर से टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है। यह मौजूदा टूर्नामेंट में भी संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी रही।
उनके साथ क्विंटन डिकॉक (20), रायन रिकल्टन (21) और डेवाल्ड ब्रेविस (21) ने भी अहम योगदान दिया।
अंत में डेविड मिलर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। मार्करम 44 गेंदों में 86 रन (8 चौके, 4 छक्के) बनाकर नाबाद लौटे।
सुपर-8 की ओर मजबूत कदम
लगातार तीन जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। टीम का संतुलन, आक्रामक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी उन्हें इस बार खिताब का बड़ा दावेदार बना रही है।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11- फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11- एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रियान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कागिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी।








