
भारत में फास्ट-फूड इंडस्ट्री में एक बड़ा मर्जर सामने आया है। केएफसी और पिज़्ज़ा हट की ऑपरेटर कंपनी सफायर फूड्स इंडिया लिमिटेड, देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड में विलय करने जा रही है। इसे पिज़्ज़ा और बर्गर की दुनिया का सबसे बड़ा मर्जर माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह मर्जर ऐसे समय में हो रहा है जब भारत में फास्ट-फूड फ्रेंचाइजी को घटती बिक्री और घटते मार्जिन का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई के चलते उपभोक्ता आउटलेट में जाकर खाने के बजाय घर पर ऑर्डर करना पसंद कर रहे हैं।
मर्जर की डील के मुख्य बिंदु, KFC and Pizza Hut operator to merge with Devyani International
देवयानी इंटरनेशनल, सफायर फूड्स के हर 100 शेयरों के बदले 177 शेयर जारी करेगी। ज्वॉइंट यूनिट के दूसरे पूरे वर्ष से सालाना 210 से 225 करोड़ रुपए तक का लाभ अपेक्षित है। इस डील के तहत आर्कटिक इंटरनेशनल, मौजूदा प्रमोटरों से सफायर फूड्स की लगभग 18.5% पेड-अप इक्विटी खरीद सकती है। इसमें किसी वित्तीय निवेशक को हिस्सेदारी सौंपने का विकल्प भी शामिल है।
मर्जर प्रक्रिया 12 से 15 महीने का समय लग सकता है
प्रस्तावित मर्जर को सभी नियामक और वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त करनी होंगी, जिनमें स्टॉक एक्सचेंज, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग, राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण, दोनों कंपनियों के शेयरधारक और लेनदार शामिल हैं। इस प्रक्रिया में लगभग 12 से 15 महीने का समय लग सकता है।
कंपनी की वर्तमान स्थिति
यम ब्रांड्स की साझेदार कंपनियां भारत और विदेशों में 3,000 से अधिक आउटलेट्स संचालित करती हैं, जिनमें केएफसी और पिज़्ज़ा हट के डाइन-इन रेस्टोरेंट शामिल हैं। प्रमुख प्रतियोगी हैं मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज़ पिज़्ज़ा के भारतीय ऑपरेटर – वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड और जुबिलेंट फूडवर्क्स।
देश की सबसे बड़ी QSR कंपनी बनेगी देवयानी
स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल दस्तावेज़ों के अनुसार, मर्जर के पूरा होने पर देवयानी इंटरनेशनल भारत की सबसे बड़ी क्विक-सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) ऑपरेटर कंपनी बन जाएगी। देवयानी इंटरनेशनल के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष रवि जयपुरिया ने कहा कि यह मर्जर कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम है। इस विलय के बाद, देवयानी इंटरनेशनल को पूरे भारत में केएफसी और पिज़्ज़ा हट ब्रांड्स के लिए फ्रेंचाइज़ अधिकार मिल जाएंगे और श्रीलंका में उनकी मजबूत अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति भी बढ़ जाएगी।
शेयर बाजार में असर
इस घोषणा के बाद, देवयानी इंटरनेशनल के शेयरों में तेजी देखने को मिली। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, शेयर करीब 8% बढ़कर 159.45 रुपए पर पहुंच गए। जबकि सुबह यह 156.90 रुपए पर ओपन हुआ था।










