
पायलट सुमित कपूर को दी गई अंतिम विदाई
28 जनवरी को हुए एक दुखद विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और सुरक्षा गार्ड विदिप जाधव ने भी अपनी जान गंवाई।
बताया गया कि हादसे वाले दिन फ्लाइट उड़ाने की ड्यूटी मूल रूप से कैप्टन सुमित की नहीं थी, लेकिन असली पायलट के ट्रैफिक में फंस जाने के कारण उन्हें अचानक मुंबई से बारामती तक उड़ान भरने का आदेश दिया गया। सुमित कपूर बेहद अनुभवी पायलट थे और उनके पास करीब 20,000 घंटे का उड़ान अनुभव था।
लियरजेट-45 विमान ने सुबह करीब 8 बजे उड़ान भरी और लगभग 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद शव बुरी तरह जल गए थे और सुमित कपूर की पहचान उनके हाथ में पहने ब्रैसलेट से हो सकी।
दिल्ली के पंजाबी बाग में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सुमित ने सहारा एयरलाइंस और जेट एयरवेज में सेवाएं दी थीं और वे दूसरे पायलटों को भी प्रशिक्षण देते थे। परिवार नए घर में शिफ्ट होने और बेटे की शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।
–
चुनाव समितियों में आदिवासी, OBC, SC और अल्पसंख्यक नेताओं को मिली जगह
कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए सभी राज्यों की प्रदेश चुनाव समितियों में आदिवासी, ओबीसी, अनुसूचित जाति (एससी) और अल्पसंख्यक विभागों के प्रदेश अध्यक्षों को स्पेशल इनवाइटी के रूप में शामिल करने का निर्णय लिया है। अब तक इन विभागों से चुनावी मुद्दों पर अलग से राय ली जाती थी, लेकिन वे औपचारिक रूप से चुनाव समिति का हिस्सा नहीं होते थे।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि यह फैसला कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद लिया गया है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस की परंपरा सामाजिक न्याय, समावेशी प्रतिनिधित्व और सहभागिता पर आधारित रही है।
इस फैसले का उद्देश्य आदिवासी, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों और जमीनी अनुभवों को सीधे चुनावी रणनीति में शामिल करना है। इससे चुनावी निर्णय प्रक्रिया अधिक व्यापक और मजबूत होगी।
AICC ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, सीएलपी नेताओं, महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों को निर्देश दिया है कि इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि चुनावी तैयारियों में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
————————————————————-
इंडिगो फ्लाइट को बम उड़ाने की धमकी
कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उसे अहमदाबाद डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। धमकी की जानकारी विमान में मिले एक टिशू पेपर पर लिखे नोट से सामने आई, जिसमें फ्लाइट को हाईजैक कर बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया, जिसके बाद विमान को तुरंत अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान में सवार करीब 180 यात्रियों को बाहर निकाला गया और उनके सामान की गहन जांच शुरू की गई।
बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की तलाशी ली, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। जांच पूरी होने और सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को आगे उड़ान की अनुमति दी जाएगी, जिससे यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में देरी हो सकती है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में इस तरह की धमकी के कई मामले सामने आए हैं। कुछ दिन पहले भी इंडिगो की एक फ्लाइट को इसी तरह की धमकी मिलने पर लखनऊ में उतारना पड़ा था।
————————————————————-
भारत ऊर्जा सप्ताह 2026: वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारत निभाएगा अहम भूमिका
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोवा में आयोजित भारत ऊर्जा सप्ताह (IEW) 2026 के समापन समारोह में कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद भारत ने ऊर्जा बाजार में मजबूत तैयारी और स्थिरता दिखाई है। यह कार्यक्रम 27 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया।
पुरी ने कहा कि भारत की ऊर्जा रणनीति बदलाव और विविधता पर आधारित है। सप्लाई सोर्स के विविधीकरण और स्वच्छ ईंधन की ओर बढ़ते कदमों ने हर संकट को अवसर में बदलने में मदद की है। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता और चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर है, साथ ही पेट्रोलियम उत्पादों का प्रमुख निर्यातक भी बन चुका है।
मंत्री ने पारंपरिक ईंधन के साथ-साथ बायोगैस, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। वहीं, पेट्रोलियम सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने कहा कि 7% से अधिक आर्थिक वृद्धि के साथ ऊर्जा मांग तेजी से बढ़ेगी। सरकार घरेलू उत्पादन बढ़ाने और भारत को परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का वैश्विक आपूर्तिकर्ता बनाने पर काम कर रही है।
————————————————————-
DMK-कांग्रेस सीट बंटवारे पर जल्द शुरू होगी बातचीत
तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और प्रमुख दल अपने गठबंधनों को मजबूत करने में जुट गए हैं। इस बीच सत्तारूढ़ DMK गठबंधन में मतभेद की खबरों को कांग्रेस ने खारिज कर दिया है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई ने कहा कि DMK और कांग्रेस के बीच कोई अनबन नहीं है और दोनों दल एक सप्ताह के भीतर सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगी पर दबाव नहीं बना रही, बल्कि बातचीत के जरिए सम्मानजनक सीटों की उम्मीद रखती है। साथ ही उन्होंने कनिमोझी और राहुल गांधी की हालिया मुलाकात को सकारात्मक बताया।
दूसरी ओर, विपक्षी दल AIADMK में भी अंदरूनी खींचतान जारी है। पार्टी से निष्कासित पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने पार्टी में वापसी की इच्छा जताई, लेकिन पार्टी महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने उनके लौटने की संभावना को तुरंत खारिज कर दिया। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने DMK के साथ गठबंधन कर 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे 18 सीटों पर जीत मिली थी।
————————————————————-
इरफान सोलंकी को हाई कोर्ट से झटका
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को इलाहाबाद हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने गैंगस्टर एक्ट के तहत चल रहे मुकदमे की कार्यवाही रद्द करने की उनकी मांग को खारिज कर दिया। कोर्ट ने 12 जनवरी को सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे अब सुनाया गया। इरफान सोलंकी के खिलाफ दिसंबर 2022 में कानपुर के जाजमऊ थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि सितंबर 2025 में उन्हें इस मामले में हाई कोर्ट से जमानत मिल चुकी थी। इसके बाद उन्होंने निचली अदालत में चल रही कार्यवाही को समाप्त करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की थी।
पुलिस के अनुसार, इरफान सोलंकी गैंग के सरगना थे और उन पर जनता को डराने-धमकाने तथा धन उगाही के आरोप हैं। इस मामले में उनके भाई रिजवान सोलंकी समेत कई लोग आरोपी बनाए गए हैं। इसके अलावा, प्लॉट कब्जाने के विवाद में घर में आग लगाने के मामले में कानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने इरफान सोलंकी को दोषी ठहराते हुए सात साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त हो गई थी।
————————————————————-
अयोध्या में हिंदू नव वर्ष की तैयारियां तेज
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 19 मार्च को होने वाले हिंदू नव वर्ष की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर से जुड़े कई महत्वपूर्ण अपडेट मीडिया को दिए। मिश्र ने बताया कि इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या दौरा तय है। राष्ट्रपति राम मंदिर परिसर में लगभग 400 श्रमिकों को सम्मानित करेंगी और भगवान राम के दर्शन भी करेंगी। इसके अलावा केंद्रीय संस्कृति विश्वविद्यालय, दिल्ली द्वारा 400 वर्ष पुरानी वाल्मीकि रामायण राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सौंपी गई है, जो अब मंदिर पहुंच चुकी है। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य द्वारा राम यंत्र स्तोत्र भी चंपत राय को सौंपा गया है, जिसे गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा।
रामायणों के संरक्षण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जो देश और विदेश की प्राचीन रामायणों का चयन करेगी। इसके लिए जल्द ही सार्वजनिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके अलावा, भगवान रामलला के अस्थायी मंदिर को मेमोरियल में बदलने का कार्य फरवरी अंत तक पूरा होगा। राम मंदिर आंदोलन में प्राण गंवाने वाले भक्तों का स्मारक मार्च तक तैयार हो जाएगा। अप्रैल तक एलएंडटी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज अपने कार्यस्थल से विदा होंगी। साथ ही मंदिर परिसर में फसाड लाइटिंग और साइनेज का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
————————————————————-
SIR को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को चुनाव आयोग से कहा कि SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में तार्किक विसंगतियों की सूची में शामिल मतदाताओं के नाम ग्राम पंचायत भवन, ब्लॉक दफ्तर और तालुका के सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही, संबंधित दस्तावेज जमा करने और आपत्तियां दर्ज कराने की व्यवस्था भी की जाए।
यह निर्देश डीएमके द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए गए। पार्टी ने अदालत से अनुरोध किया था कि जिन मतदाताओं के नाम SIR में तार्किक विसंगति की सूची में हैं, उन्हें चुनाव पूर्व वोटर लिस्ट में शामिल होने का पर्याप्त समय मिले। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने इस याचिका पर निर्देश जारी किए।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में SIR को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया। इनमें एनजीओ ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ की याचिका भी शामिल है। अदालत यह परीक्षण कर रही है कि क्या निर्वाचन आयोग को संविधान के अनुच्छेद 326 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत वर्तमान रूप में SIR कराने का अधिकार है।
याचियों ने दावा किया कि SIR एक अप्रत्यक्ष ‘एनआरसी जैसी प्रक्रिया’ है, जबकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि यह केवल निर्वाचन उद्देश्यों के लिए है और इसमें कठोर नागरिकता सत्यापन नहीं किया जा रहा। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में अंतिम सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
————————————————————-
कश्मीरी भाइयों पर धार्मिक भेदभाव के तहत हमला, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर इलाके में दो कश्मीरी भाइयों के साथ धार्मिक और क्षेत्रीय पहचान के आधार पर जानलेवा हमला किया गया। 20 वर्षीय दानिश और उसका 17 वर्षीय छोटा भाई नमकीन खरीदने दुकान पहुंचे थे, जहां दुकानदार संजय यादव ने उनसे नाम और धर्म पूछने के बाद आपा खो दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि दुकानदार ने कश्मीर और हाल की आतंकी घटनाओं को लेकर आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियां कीं और बहस के बाद उन पर हमला कर दिया। इस हमले में नाबालिग के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि दानिश का हाथ फ्रैक्चर हुआ। दोनों भाई छुट्टियों में अपने पिता से मिलने आए थे, जो लंबे समय से पांवटा साहिब में शॉल बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
हमले की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और समुदाय के सदस्य पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन करने लगे। मुस्लिम सेवा संगठन ने आरोप लगाया कि कश्मीरी और विशेष समुदाय के फेरीवालों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि आरोपी संजय यादव को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सख्त धाराएं जोड़ी जा रही हैं। मामले की जांच जारी है, और घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
————————————————————-
उत्तर भारत में अगले 3 दिनों तक बारिश और ठंड का येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम अगले तीन दिनों तक फिर से खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 31 जनवरी से 2 फरवरी तक बारिश और तेज आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। 31 जनवरी और 1 फरवरी को शाम के समय बिजली कड़कने और तेज बारिश की संभावना है, जबकि 2 फरवरी को भी आंधी और बारिश होने की उम्मीद है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदूषण में राहत मिलने के बावजूद, अधिकांश इलाकों में AQI 200 के पार दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, बरेली, मेरठ, आगरा और मथुरा सहित कई जिलों में 1 और 2 फरवरी को बारिश का असर दिखेगा। बिहार के भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में 3 फरवरी को बारिश की संभावना है। जयपुर में आज तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी है। चमोली जिले में गुरुवार को बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर में भी 1 फरवरी को बर्फबारी और बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों तक पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने की संभावना है।
————————————————————-
2026 में रूस का मिडिल ईस्ट में वर्चस्व वापसी का प्रयास
2024 के अंत में रूस को मिडिल ईस्ट में बड़ा झटका लगा था, जब अमेरिकी समर्थित लड़ाकों ने सीरिया में बशर अल-असद की सरकार को कमजोर किया। इसके बाद आर्मेनिया और अजरबैजान ने वाशिंगटन में समझौता किया। लेकिन 2026 की शुरुआत में रूस ने मिडिल ईस्ट में अपना वर्चस्व फिर से स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी है।
रूस को आंशिक सफलता भी मिली है। हाल ही में मिडिल ईस्ट के दो प्रमुख देशों, सीरिया और यूएई के राष्ट्रपतियों ने मॉस्को का दौरा किया। रूस ने इजराइल और ईरान के बीच अप्रत्याशित समझौता भी कराया, जिससे दोनों देश एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे। दिसंबर 2025 में सूडान ने हॉर्न ऑफ अफ्रीका में रूस को एक बेस देने की घोषणा की। अजरबैजान जैसे पारंपरिक विरोधी देशों से भी संबंध सुधारे गए हैं। इराक में ईरान समर्थित नूर-मलिकी सरकार के जरिए रूस नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
मिडिल ईस्ट की अहमियत ऊर्जा संसाधनों और अफ्रीका-एशिया-यूरोप के जंक्शन के कारण है। यही नहीं, यह क्षेत्र तीन प्रमुख अब्राहमिक धर्मों – इस्लाम, ईसाई और यहूदी धर्म का जन्मस्थल भी है। रूस की कूटनीतिक और सैन्य गतिविधियों के चलते अमेरिका का दबदबा मिडिल ईस्ट में घट रहा है। यह क्षेत्र अब वैश्विक रणनीति और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से दुनिया के लिए और भी महत्वपूर्ण बन गया है।
————————————————————-
क्या ईरान पर हमला करेंगे ट्रंप? मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव
मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है और दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव पर टिकी हुई है। अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाते हुए एक और युद्धपोत भेज दिया है, जिससे हमले की आशंकाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ईरान के परमाणु ठिकानों और मिसाइल क्षमताओं को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा है।
वहीं ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उस पर हमला हुआ तो जवाब तुरंत और कड़ा होगा। ईरान के पास बड़ी संख्या में मिसाइल और ड्रोन मौजूद हैं, जो मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल को निशाना बना सकते हैं। इसके अलावा ईरान अपने सहयोगी संगठनों के जरिए भी क्षेत्र में तनाव बढ़ा सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि संघर्ष शुरू होता है तो इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। हालांकि, युद्ध की स्थिति बनने पर कूटनीतिक बातचीत भी एक विकल्प बन सकती है, लेकिन फिलहाल हालात काफी संवेदनशील बने हुए हैं।
————————————————————-
ममता बनर्जी SIR मुद्दे को लेकर चुनाव आयुक्त से करेंगी मुलाकात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ अपनी लड़ाई को दिल्ली तक लेकर जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, ममता बनर्जी 2 फरवरी को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग की पूरी बेंच से मुलाकात करेंगी।
हालांकि, कोलकाता के आनंदपुर इलाके में एक गोदाम में लगी भीषण आग में आठ लोगों की मौत के कारण उन्हें अपनी तय यात्रा को टालना पड़ा। सिंगूर में एक जनसभा के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि वह जल्द ही दिल्ली जाएंगी और जरूरत पड़ी तो अदालत में भी जनता की ओर से खड़ी होंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है और यह राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) लागू करने की कोशिश का हिस्सा है। ममता बनर्जी ने कहा कि वह राज्य में NRC लागू नहीं होने देंगी और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगी।
इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म होता दिख रहा है और आने वाले दिनों में यह मामला राष्ट्रीय राजनीति में और चर्चा का विषय बन सकता है।
————————————————————-
अकोला महानगरपालिका में बीजेपी की बड़ी जीत
महाराष्ट्र के अकोला महानगरपालिका में बीजेपी ने मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर जीत दर्ज करते हुए नगर राजनीति में बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को हुए चुनाव में बीजेपी की शारदा खेडकर मेयर और अमोल गोगे डिप्टी मेयर चुने गए। मेयर पद के चुनाव में शारदा खेडकर को 45 वोट मिले, जबकि उनके विरोधी उम्मीदवार को 32 वोट प्राप्त हुए।
इस जीत में बीजेपी को अन्य दलों और निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन मिला। बीजेपी के 38 पार्षदों के अलावा एनसीपी (SP) के तीन, एनसीपी अजित गुट और शिवसेना के एक-एक पार्षद के साथ दो निर्दलीय पार्षदों ने भी खेडकर के पक्ष में मतदान किया। AIMIM के तीन पार्षद तटस्थ रहे। दिलचस्प बात यह रही कि पहले कांग्रेस में शामिल हुए निर्दलीय पार्षद ने भी अंतिम समय में बीजेपी उम्मीदवार का समर्थन किया।
80 सदस्यीय अकोला महानगरपालिका में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस उम्मीदवार आजाद खान अलियार खान को हार का सामना करना पड़ा। राजनीतिक जानकार इसे शहर में बीजेपी की मजबूत पकड़ और विकास मुद्दों पर मिले समर्थन के रूप में देख रहे हैं।
————————————————————-
साध्वी प्रेम बाईसा को दी गई अंतिम समाधि
राजस्थान की कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव परेऊ में उनके बनाए हुए शिव शक्ति धाम आश्रम में समाधि दी गई। इस मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों के साथ साधु-संत भी मौजूद रहे और पूरे धार्मिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के अनुसार उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।
साध्वी प्रेम बाईसा की 28 जनवरी को जोधपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उनके शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके गांव भेजा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, साध्वी ने दो वर्ष की उम्र में अपनी मां खो दी थी। उनके पिता वीरमनाथ ट्रक चालक हैं। साध्वी ने जोधपुर स्थित गुरुकृपा आश्रम में संत राजाराम महाराज और संत कृपाराम महाराज से आध्यात्म की शिक्षा ली थी। वहीं उन्होंने कथा वाचन और भजन गायन भी सीखा। जब उनका शव गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए भारी भीड़ जमा की। स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। शव यात्रा के दौरान पिता वीरमनाथ अपनी बेटी का पार्थिव शरीर देखकर बेहोश हो गए।
————————————————————-
महिला की सिर में गोली मारकर हत्या, जांच में उठे कई सवाल
बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। मृतका गुड़िया, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी (LJPR) की राष्ट्रीय सचिव मोनिका शर्मा की भाभी बताई जा रही हैं। घटना नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा इलाके के घर के भीतर हुई। सिर में गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति अर्जुन पासवान, जो हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में एडीजे-4 के निजी चालक हैं, ने कहा कि उन्होंने पत्नी की चिल्लाने की आवाज सुनी और बाहर जाकर देखा तो गुड़िया चापाकल के पास गिरी हुई थीं। हालांकि पुलिस उनके बयान पर संदेह जता रही है, क्योंकि घर में गोली चलने की आवाज किसी को नहीं सुनाई दी
एफएसएल की जांच में घर के भीतर एक गिलास पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस का शक है कि हत्या घर के अंदर हुई और बाद में शव को चापाकल के पास फेंककर हत्या का नया रूप देने की कोशिश की गई। मृतका के पिता ने भी ससुराल पक्ष पर सवाल उठाए हैं।
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। मौके से गोली का खोखा अभी बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
AI और सोशल मीडिया पुलिस के लिए नई चुनौती
रोहतक दौरे के दौरान हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने कहा कि बदलती तकनीक के साथ पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। पहले सोशल मीडिया बड़ी चुनौती थी, अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी कानून व्यवस्था के लिए नई चुनौती बनकर उभर रहा है। पुलिस इससे निपटने के लिए नई रणनीति और व्यापक योजना पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि टेक्नोलॉजी के जरिए गैंगस्टर लोगों को धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के चलते ऐसे मामलों में लगभग 40 प्रतिशत कमी आई है। अब तक 25 गैंगस्टरों को डिपोर्ट किया जा चुका है और कई पर कानूनी कार्रवाई जारी है।
DGP ने युवाओं को अपराध से दूर रखने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि अपराध का अंत जेल में ही होता है, इसलिए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर बढ़ते गन कल्चर और हिंसा को भी उन्होंने चिंता का विषय बताया और कहा कि अब तक 67 ऐसे गानों पर रोक लगाई जा चुकी है। उन्होंने नशे के बढ़ते नेटवर्क पर भी चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस इसे खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
बैंक ठगी का आरोपी CBI ने किया गिरफ्तार
सीबीआई ने गुरुवार देर रात राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर की धर्मशाला में छापा मारकर 10 साल से फरार चल रहे बैंक ठगी के आरोपी संजीव दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए अलग-अलग बैंकों से करीब 20 से 25 करोड़ रुपये का लोन लेकर फरार हो गया था और लंबे समय से नाम बदलकर छिपता फिर रहा था।
सीबीआई को सूचना मिली थी कि आरोपी संजय भारद्वाज नाम से मंदिर की धर्मशाला के कमरे नंबर 54 में ठहरा हुआ है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पास के कमरे में रुककर पूरी रात निगरानी की और सुबह करीब 5 बजे स्थानीय पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से कई मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी कई नामों से फर्जी पहचान बनाकर खुद को ज्योतिष बताता था। इस मामले में उसकी पत्नी को भी पहले वड़ोदरा से गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद सीबीआई टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए वड़ोदरा ले गई। 2017 में उसे अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था।
नेताओं और कलाकारों के बयान बने सुर्खियां
बीकानेर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मजाकिया अंदाज में घोषणा की कि वे अपनी पत्नी पर किताब लिखेंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा पत्नी को समर्पित किताब की तारीफ करते हुए कहा कि जीवन में धर्मपत्नी का बड़ा योगदान होता है और अब वे भी इस पर किताब लिखने का विचार कर रहे हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश के सतना में हुए कॉन्सर्ट के दौरान गायक कैलाश खेर का बयान भी चर्चा में रहा। उन्होंने मंच से कहा कि संगीत को सम्मान तभी मिलता है जब लोग खाने के बजाय कार्यक्रम पर ध्यान दें। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह ने कहा कि मीडिया वाले उनसे जलते हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए छात्रों की मदद का दावा किया और मीडिया को सूची देने की बात कही। उधर, शाजापुर जिले के एक गांव में विधायक अरुण भीमावद का ग्रामीणों ने घोड़े पर बैठाकर स्वागत किया, जब वे अपने चुनावी वादे के तहत टिन शेड निर्माण के भूमिपूजन के लिए पहुंचे। यह दृश्य भी खूब चर्चा में रहा।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नेशनल हाईवे-130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना कसडोल थाना क्षेत्र के सेल गांव के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक तुरकीनडीह गांव के रहने वाले थे और शादी के लिए लड़की देखकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ अन्य साथी भी थे, जो आगे निकल गए, जबकि ये तीनों पीछे रह गए और हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक 20–30 फीट दूर जा गिरे और सिर व सीने में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक शराब के नशे में थे और दुर्घटना तेज रफ्तार व अंधेरे के कारण हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।










