
Indian Idol 3 winner Prashant Tamang passes away, मनोरंजन और संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और लोकप्रिय सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का 11 जनवरी 2026 को 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इस खबर ने उनके चाहने वालों और इंडस्ट्री के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दिल का दौरान पड़ा
बताया जा रहा है कि 11 जनवरी की सुबह उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई और कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इंडियन आइडल 3 से मिली पहचान
प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग में हुआ था। नेपाली-भारतीय पृष्ठभूमि से आने वाले प्रशांत ने साल 2007 में इंडियन आइडल सीजन 3 का खिताब जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उनकी सादगी, संघर्ष और आवाज ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया था।
इंडियन आइडल से पहले वे कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल के रूप में कार्यरत थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा के साथ गाना गाया करते थे। वहीं से उनका संगीत सफर शुरू हुआ, जिसने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।
म्यूजिक से लेकर एक्टिंग तक का सफर
इंडियन आइडल जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने कई हिंदी और नेपाली फिल्मों में गाने गाए। उन्होंने म्यूजिक एल्बम्स के जरिए भी अपनी अलग पहचान बनाई। इसके साथ-साथ उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा और वेब सीरीज व फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में भी नजर आए थे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में भी नजर आए थे, जहां उनके किरदार को दर्शकों ने सराहा। प्रशांत तमांग को एक ऐसे कलाकार के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई।










