
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है। इस गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद एक घर के अंदर दो और शव बरामद हुए हैं, जिनका इस फायरिंग से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कैसे हुई घटना
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने बताया कि मंगलवार को स्कूल में एक्टिव शूटर की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस अधिकारी स्कूल के अंदर दाखिल हुए, तो उन्हें छह लोगों के शव मिले। इसके अलावा दो अन्य लोग अलग स्थान पर मृत पाए गए, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हमलावर की पहचान, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को गोली मारी। हालांकि पुलिस ने अभी तक हमलावर और मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि इस घटना में कितने छात्र और कितने वयस्क शामिल हैं। फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घायलों की स्थिति
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया है। अन्य 25 घायलों का स्थानीय मेडिकल सेंटर में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्कूल के ग्रेड 9 के एक छात्र ने स्थानीय मीडिया को बताया कि गोलीबारी के दौरान वह और अन्य छात्र कक्षा में अलमारी के पीछे छिप गए थे, क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। घटना के बाद जारी एक्टिव शूटर अलर्ट को शाम 5:46 बजे हटा लिया गया।टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के छात्र पढ़ते हैं। यह स्कूल कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के पीस क्षेत्र में स्थित है।









