
BSEB Bihar Board 12th Exam 2026 की शुरुआत 2 फरवरी 2026 से हो चुकी है। परीक्षा के पहले ही दिन बिहार के कई जिलों—पटना, बेगुसराय और औरंगाबाद—में छात्रों का हंगामा देखने को मिला। कहीं 2 मिनट की देरी से पहुंचने पर छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया, तो कहीं एडमिट कार्ड पर गलत परीक्षा केंद्र लिखे होने के कारण छात्र परीक्षा से वंचित रह गए।
दरअसल, बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी 2026 में आयोजित की जा रही हैं।
- 12वीं की परीक्षा: 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक
- 10वीं की परीक्षा: 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक
इंटर बोर्ड परीक्षा के पहले दिन ही अलग-अलग कारणों से कई छात्र परीक्षा नहीं दे पाए।
बिहार बोर्ड 12वीं पहले दिन का पेपर और शिफ्ट टाइमिंग
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है।
पहली शिफ्ट (9:30 AM – 12:45 PM):
- बायोलॉजी
- एंटरप्रेन्योरशिप
- इकोनॉमिक्स
- म्यूजिक
दूसरी शिफ्ट (2:00 PM – 5:15 PM):
- फिजिक्स
- फिलॉसफी
- बिजनेस स्टडीज
- फाउंडेशन कोर्स
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। छात्रों की सघन जांच के बाद ही एंट्री दी जा रही है, जिसके चलते कई जगहों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
2 मिनट की देरी से छूटा बिहार बोर्ड इंटर का पेपर
बेगुसराय में पहले दिन छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। पहली शिफ्ट का पेपर सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ, जबकि छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति थी।ट्रैफिक जाम के कारण कुछ छात्र सिर्फ 2 मिनट की देरी से पहुंचे, लेकिन नियमों के तहत उन्हें एग्जाम सेंटर के अंदर जाने से रोक दिया गया।
काफी देर तक मिन्नतें करने के बाद भी जब एंट्री नहीं मिली तो छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को मौके पर लाठीचार्ज तक करना पड़ा।
Admit Card पर गलत Exam Center का आरोप
पटना में भी परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों का आरोप है कि बिहार बोर्ड 12वीं Admit Card पर गलत Exam Center का पता दिया गया था, जिसकी वजह से वे समय पर सही सेंटर नहीं पहुंच सके और परीक्षा छूट गई।
Exam Center के बाहर रोती दिखीं छात्राएं
बेगुसराय के अलावा औरंगाबाद में भी देरी छात्रों पर भारी पड़ी। कुछ छात्राएं परीक्षा केंद्र पर कुछ मिनट देर से पहुंचीं, जिसके कारण उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
इसके बाद परीक्षा केंद्र के गेट पर कई छात्राएं फूट-फूटकर रोती हुई नजर आईं।
BSEB की सख्त गाइडलाइंस बनीं वजह
बिहार बोर्ड ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर साफ कर दिया था कि—
- परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा पहले एग्जाम सेंटर पर एंट्री शुरू होगी
- परीक्षा से 30 मिनट पहले मेन गेट बंद कर दिया जाएगा
- निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा
बोर्ड की इन्हीं सख्त गाइडलाइंस के कारण पहले दिन कई छात्रों को परीक्षा से वंचित रहना पड़ा।










