
भारतीय सेना की 50 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) में शामिल हुआ स्वदेशी रोबोट ‘डैगर’
जम्मू-कश्मीर के अखनूर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में भारतीय सेना ने मानव रहित रोबोट ‘जीना’ का इस्तेमाल किया। इस ऑपरेशन में भारी हथियारों से लैस तीन आतंकवादी मारे गए थे। हाल ही में ऑटोनॉमस यूजीवी रोबोट ‘डैगर’ को भारतीय सेना की 50 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) में शामिल किया गया है। डैगर भारत का पहला पूरी तरह स्वदेशी और नेक्स्ट-जेन ऑटोनॉमस रोबोट है। यह रोबोट युद्ध क्षेत्र में घायलों को सुरक्षित स्थान तक निकालने की क्षमता रखता है। ये रोबोट जयपुर के क्लब फर्स्ट रोबोटिक्स द्वारा सीतापुरा क्षेत्र में डिजाइन और तैयार किए गए हैं, और इन्हें मेक इन इंडिया योजना के तहत विकसित किया गया है।
नई दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में ‘डैगर’ और ‘जीना’ रोबोट का प्रदर्शन किया जाएगा। यह रोबोट दुश्मन के खिलाफ सेना की कार्रवाई में इस्तेमाल के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हैं, जिससे आधुनिक युद्ध में तकनीकी बढ़त और सैनिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
—————————————————–
हरियाणा पावर यूटिलिटीज पर HERC सख्त
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) ने बिजली वितरण कंपनियों UHBVN और DHBVN की जवाबदेही तय करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब अधिकारियों का प्रदर्शन केवल फाइलों के आधार पर नहीं, बल्कि उपभोक्ता संतुष्टि सूचकांक (CSI) और बैलेंस्ड स्कोरकार्ड के जरिए आंका जाएगा। HERC अध्यक्ष नंद लाल शर्मा ने बताया कि तीन माह में CSI लागू होगा, जिसकी निगरानी सेक्शन लेवल तक की जाएगी, ताकि फील्ड स्तर पर जिम्मेदारी तय हो सके । चार माह में बैलेंस्ड स्कोरकार्ड सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसमें उपभोक्ता संतुष्टि, ऑपरेशनल दक्षता, सुरक्षा, लाइन लॉस में कमी और सेवा गुणवत्ता जैसे मानक शामिल होंगे। आयोग ने सभी पावर यूटिलिटीज के लिए ISO सर्टिफिकेशन अनिवार्य किया है। बिलिंग विवादों, बिजली दुर्घटनाओं और असुरक्षित लाइनों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की 10–25% रैंडम जांच अनिवार्य होगी। आयोग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता समस्याओं का समाधान और सेवा गुणवत्ता सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है।
—————————————————–
अवध एक्सप्रेस की पेंट्री कार में गड़बड़ी, अमानक खाद्य सामग्री जब्त
महाराष्ट्र और बिहार के बीच चलने वाली अवध एक्सप्रेस ट्रेन की पेंट्री कार का गुरुवार को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई। जांच मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर कुमार पटेल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर ट्रेन के ठहराव के दौरान पेंट्री कार की गहन जांच की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार निरीक्षण में पेंट्री कार में रखी खाद्य सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। आलू, पोहा, दाल और छोला समेत कच्चा सामान घटिया गुणवत्ता का था और साफ-सफाई भी असंतोषजनक मिली। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक की मौजूदगी में पूरी खाद्य सामग्री जब्त कर रेलवे ट्रैक के पास नष्ट कर दी गई। रेल प्रशासन ने संबंधित एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाने और भविष्य में लापरवाही न दोहराने के सख्त निर्देश दिए हैं। यात्रियों की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
—————————————————–
ईस्ट अफ्रीकन रिफ्ट: अफ्रीका की धरती पर दुर्लभ भूगर्भीय हलचल
अफ्रीका महाद्वीप में भूगर्भीय रूप से एक अनोखी घटना हो रही है, जो इसे धीरे-धीरे दो हिस्सों में बाँट रही है। यह ईस्ट अफ्रीकन रिफ्ट (EAR) क्षेत्र में हो रहा है, जहाँ सोमालियन प्लेट, न्यूबियन प्लेट से अलग हो रही है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह प्रक्रिया धीमी है, हर साल प्लेटें लगभग 0.28 इंच दूर जा रही हैं। अफार क्षेत्र, जिसे ट्रिपल जंक्शन कहा जाता है, पृथ्वी पर दुर्लभ स्थानों में से एक है, जहां तीन प्लेटें मिलती हैं: इथियोपियन रिफ्ट, रेड सी रिफ्ट और गल्फ ऑफ अदन। दरार के बढ़ने से जमीन की ऊपरी परत पतली हो रही है और भविष्य में समुद्र का पानी खाई में प्रवेश करेगा, जिससे नया महासागर बन सकता है। इस क्षेत्र के नीचे मौजूद मेंटल प्लम गर्म पदार्थ के ऊपर उठने से प्लेटों को फोड़ रहा है। हालांकि पूरी प्रक्रिया लाखों सालों में पूरी होगी, लेकिन यह भू-कंप और ज्वालामुखी जैसी घटनाओं को जल्द जन्म दे सकती है। वैज्ञानिक इस घटना पर लगातार अध्ययन कर रहे हैं, क्योंकि यह धरती की प्लेट टेक्टोनिक्स और भविष्य में महासागर निर्माण को समझने में मदद करेगी।
—————————————————–
पाकिस्तान गाजा में फौजी भेजने पर राजी
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर कथित तौर पर गाजा में इंटरनेशनल स्टेबिलाइजेशन फोर्स (ISF) में शामिल होने पर राजी हो गए हैं। पूर्व पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी मेजर आदिल राजा के अनुसार पाकिस्तान से लगभग 4,000 फौजी ISF का हिस्सा बनेंगे। राजा ने दावा किया कि यह कदम अमेरिका और इजरायल को खुश करने के लिए उठाया गया है और पाकिस्तान अपने मान-सम्मान को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका के निर्देश पर गाजा में चौकीदारी का काम करेगा, जबकि इजरायल खुले तौर पर फिलिस्तीन को किसी देश के रूप में स्वीकार नहीं करता। राजा ने शहबाज और मुनीर से सवाल किया कि वे पाकिस्तानियों को क्यों धोखा दे रहे हैं और क्या डॉलर के लालच में अमेरिका और इजरायल के आगे झुक रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान चीन से दूरी बनाकर अमेरिका की गोद में बैठ रहा है, जबकि पहले चीनी निवेश और प्रोजेक्ट्स में सक्रिय था। राजा लगातार पाकिस्तान की आर्थिक और राजनीतिक नीतियों पर सरकार और सेना को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं।
—————————————————–
जस्टिस ने कार्ति चिदंबरम की याचिका पर सुनवाई से खुद को किया अलग
दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस गिरीश कथपालिया ने चीनी वीजा मामले में कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। कार्ति चिदंबरम ने ट्रायल कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान कार्ति चिदंबरम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि ट्रायल कोर्ट के आदेश में कई गंभीर खामियां हैं। उन्होंने कहा कि जिन आरोपों का मामला ही नहीं बनता, उन्हीं पर आरोप तय कर दिए गए हैं और आदेश में कम से कम दस बड़ी गलतियां हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को दूसरी बेंच करेगी। यह पहली बार नहीं है जब इस केस में जजों ने खुद को सुनवाई से अलग किया हो। इससे पहले जस्टिस अनूप जयराम भंभानी और जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा भी इस मामले से हट चुके हैं। यह मामला साल 2011 में 263 चीनी नागरिकों को वीजा जारी करने से जुड़ा है। उस समय पी. चिदंबरम देश के गृह मंत्री थे। CBI ने इस मामले में रिश्वत और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
—————————————————–
कोडीन कफ सिरप तस्करी पर बड़ा एक्शन
उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप तस्करी को लेकर पुलिस का एक्शन तेज हो गया है। सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए कफ सिरप मामले में जेल में बंद भोला प्रसाद जायसवाल की संपत्तियों को सील कर दिया। यह कार्रवाई सिगरा, महमूरगंज और चेतगंज थाना क्षेत्रों में की गई। सोनभद्र पुलिस की टीम अदालती आदेश के साथ वाराणसी पहुंची थी। सीओ सिटी सोनभदद्र रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने वाराणसी पुलिस से समन्वय कर कार्रवाई की। बीएनएस की धारा 107 और एनडीपीएस एक्ट के तहत भोला जायसवाल और उनके परिजनों के नाम दर्ज संपत्तियों को सील करने का आदेश था। पुलिस के अनुसार, कुल 28 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियां सील की गई हैं। भोला प्रसाद जायसवाल, कफ सिरप तस्करी के फरार मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के पिता हैं। भोला जायसवाल को पहले कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई के बाद अब वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस भी फरार शुभम जायसवाल की करीब 38 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी में है।
—————————————————–
शिव कॉरिडोर के निर्माण का विवाद सुलझा
बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में बनने वाले बिहार के पहले शिव कॉरिडोर के निर्माण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से रेलवे और जिला प्रशासन के बीच भूमि अदला-बदली को लेकर चला आ रहा विवाद अब सुलझ गया है। इसके साथ ही शिव कॉरिडोर निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। भूमि विवाद के समाधान के बाद सुल्तानगंज में उज्जैन और काशी विश्वनाथ की तर्ज पर शिव कॉरिडोर निर्माण की कवायद तेज कर दी गई है। योजना के तहत जिला प्रशासन ने रेलवे को तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल 17 एकड़ 47.625 डिसमिल भूमि देने का निर्णय लिया है। यह जमीन जगदीशपुर, बरारी और सुल्तानगंज क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने भूमि के फ्री ट्रांसफर से संबंधित प्रस्ताव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को भेज दिया है। विभाग से मंजूरी मिलते ही निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। शिव कॉरिडोर के साथ गंगा नदी को पुरानी सीढ़ी घाट की ओर मोड़ने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। शिव कॉरिडोर के निर्माण से सुल्तानगंज के धार्मिक और पर्यटन स्वरूप में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
—————————————————–
डायमंड शोरूम में बड़ी चोरी, करोड़ों के गहने गायब
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार देर रात एक डायमंड शोरूम में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने टाटा कंपनी की जानी-मानी डायमंड फ्रेंचाइजी कैरट लेन को निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये के गहने चुरा लिए। शुक्रवार सुबह जब स्टाफ शोरूम खोलने पहुंचा तो दीवार टूटी हुई मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शोरूम स्टाफ से पूछताछ की और अंदर लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई अहम फुटेज नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, शोरूम में करीब 20 CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन चोरों ने वारदात से पहले सभी कैमरे बंद कर दिए थे। जांच में सामने आया है कि चोरी के समय शोरूम में करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वैलरी मौजूद थी। चोर लगभग 2 करोड़ रुपये कीमत के चार महंगे नेकलेस चुरा ले गए। यह वारदात थाना बाजार सदर क्षेत्र में DIG कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस को आशंका है कि चोर लंबे समय से इलाके की रेकी कर रहे थे और मामले की गहन जांच जारी है।
—————————————————–
ईडी केस में बरी होने पर केजरीवाल बोले ‘सत्यमेव जयते
राउज एवेन्यू कोर्ट से ईडी के दोनों मामलों में बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा— सत्यमेव जयते। कोर्ट के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सच को कितना भी दबाने की कोशिश की जाए, एक दिन वह सामने आ ही जाता है। वहीं, वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन ने कहा कि भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के पापों का अंत होगा और न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर अरविंद केजरीवाल को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की गई। उन्होंने कोर्ट के फैसले को मोदी सरकार के मुंह पर तमाचा बताया। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि एक बार फिर केजरीवाल सही साबित हुए और भाजपा-ईडी गलत।
—————————————————–
नोएडा के 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
एनसीआर नोएडा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के पांच नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर परिसर को खाली कराया गया।
स्कूल प्रशासन की सूचना पर थोड़ी ही देर में अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित अपने घर ले गए। पुलिस ने पूरे परिसर को घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें आर्मी पब्लिक स्कूल, शिव नादर पब्लिक स्कूल, फादर एंगल स्कूल, श्री राम मिलेनियम स्कूल और रामाज्ञा स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों में सुरक्षा एजेंसियां बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे संदेश की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि संदेश कहां से और किसने भेजा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
—————————————————–
रायगढ़ में एक साथ 5 अजगरों का रेस्क्यू
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान के खेत में एक साथ पांच अजगर दिखाई दिए। सूचना मिलने पर स्नैक कैचर्स की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह मामला पुसौर ब्लॉक के जामपाली गांव का है।
जानकारी के अनुसार, सभी अजगर लगभग 15-15 किलोग्राम वजन के हैं और उनकी लंबाई 8 से 10 फीट के बीच बताई जा रही है। खेत में पानी भरने के कारण अजगर अपने बिलों से बाहर निकल आए थे और शिकार की तलाश में खेत में इधर-उधर घूम रहे थे। खेत में दरार पड़े बिलों में घुसने की भी कोशिश कर रहे थे।
स्नैक कैचर्स की टीम को देखकर सभी अजगर तेजी से भागने लगे और फुफकार कर डराने का प्रयास किया। टीम ने सावधानी बरतते हुए एक-एक कर सभी अजगरों को काबू में लिया। इससे पहले भी रायगढ़ जिले में अजगर के 21 बच्चे मिले थे, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया था। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
—————————————————–
लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है भाजपा :बघेल
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है। हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि पहले जनता सरकार चुनती थी, लेकिन अब सरकार मतदाता चुन रही है। इसी वजह से खोज-खोज कर मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे हैं। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि पूरी तरह राजनीतिक मंशा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रख रही है और साधु-संतों तक का अपमान करने से भी नहीं चूक रही। चुनाव आयोग के अनुसार, दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 22 जनवरी तक 1.97 लाख आवेदन प्राप्त हुए। प्रारंभिक सूची से 19.13 लाख नाम काटे गए, जबकि 6.42 लाख नाम मृत्यु के आधार पर हटाए गए थे। आयोग ने बताया कि अब केवल दस्तावेजों का सत्यापन होगा और अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को जारी की जाएगी।
—————————————————–
पुलिस पर हमला, महिला कॉन्स्टेबल घायल
पंजाब के खन्ना के पायल थाना क्षेत्र के गांव दाऊमाजरा में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया। यह घटना 21 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे हुई, जब पुलिस संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर गांव में तलाशी अभियान चला रही थी।
पुलिस के अनुसार, जब टीम एक घर की तलाशी लेने पहुंची तो परिवार के सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को सरकारी ड्यूटी करने से रोका और मारपीट पर उतर आए। इस दौरान महिला सीनियर कॉन्स्टेबल बलजिंदर कौर के साथ हाथापाई की गई। हमलावरों ने उनकी वर्दी फाड़ दी और घूंसे व लातों से हमला किया, जिससे वह घायल हो गईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को स्थिति संभालने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस से मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद पायल थाना पुलिस ने लाली, पूजा, सीरत और परमजीत सिंह उर्फ पम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी और ड्यूटी में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
—————————————————–
अतिरिक्त इंक्रीमेंट पर शिक्षक संगठनों ने जताया विरोध
पंजाब सरकार द्वारा बॉर्डर एरिया में काम करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने संबंधी आदेश पर शिक्षक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। आदेश के अनुसार, अतिरिक्त इंक्रीमेंट पाने वाले को अंडरटेकिंग देनी होगी कि वह पूरी सेवा अवधि बॉर्डर एरिया में ही कार्य करेगा। यदि किसी कारणवश कर्मचारी तबादले से बाहर जाता है, तो उसे अब तक प्राप्त इंक्रीमेंट ब्याज सहित लौटाना होगा।
शिक्षक संगठनों ने इसे गैर-वाजिब और अनुचित बताया। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट पंजाब के नेताओं ने कहा कि ऐसी शर्तें शिक्षकों को बंधुआ मजदूर बनाने जैसी हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि बॉर्डर एरिया में अनुकूल माहौल बनाएं, टीचर होम विकसित करें और बड़े शहरों की तरह HRA की सुविधा दें।
अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का के शिक्षक नेताओं ने भी विरोध जताया। संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। शिक्षक साफ कहते हैं कि दंडात्मक नियमों की बजाय प्रोत्साहन से ही बॉर्डर क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था सुधारी जा सकती है।
—————————————————–
गीता बसरा ने खुलकर बताया, कैसे हरभजन सिंह से हुई शादी
बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा ने पहली बार पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भज्जी से शादी को लेकर खुलकर बातचीत की। गीता ने कहा कि भज्जी उन्हें पोस्टर में देखकर फिदा हो गए थे और उन्होंने क्रिकेटर साथी युवराज सिंह के जरिए उनसे संपर्क किया।
शुरुआत में गीता ने भज्जी के प्रपोजल को इग्नोर किया, क्योंकि वह अपने एक्टिंग करियर पर फोकस करना चाहती थीं और इसके लिए इंग्लैंड छोड़कर मुंबई आई थीं। हालांकि, बातचीत और दोस्ती के बाद दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ी। करीब 4-5 साल के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
गीता ने बॉलीवुड में अब लड़कियों को मिलने वाली तरजीह पर भी संतोष जताया और बताया कि पहले का समय चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने हरभजन सिंह को बेस्ट हसबैंड बताया।
भज्जी क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इस समय पंजाब से राज्यसभा के सांसद हैं। गीता और भज्जी की जोड़ी आज भी अपने रिश्ते को लेकर बेहद खुश नजर आती है और गीता ने स्पष्ट किया कि उनका करियर और व्यक्तिगत जीवन संतुलित रूप से आगे बढ़ रहा है।
—————————————————–
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए नामांकन दाखिल
नगर निगम के इस हाउस के आखिरी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए नामांकन दाखिल हो गए हैं। मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर के लिए तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि डिप्टी मेयर के लिए चार उम्मीदवार हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के 11 में से चार पार्षदों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए हैं। वहीं, राम चंदर यादव ने पार्टी से अलग होकर डिप्टी मेयर के लिए नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया।
इस बार आप और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार अलग-अलग उतारे हैं। अगले वर्ष नगर निगम हाउस चुनाव और उसके बाद पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों पार्टियां भाजपा को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद आसानी से नहीं दिलाना चाहती हैं।
हालांकि दोनों पार्टियों की तरफ से नामांकन अलग हैं, लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञ इसे शीर्ष नेतृत्व की रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं। रणनीति के तहत दल अपने मतदाताओं और गठबंधन को मजबूत करते हुए आगामी चुनावों के लिए तैयारियां कर रहे हैं।
—————————————————–
बोकारो में गुरुकुल पब्लिक स्कूल में आगजनी
बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में देर रात आगजनी की घटना हुई। असामाजिक तत्वों ने स्कूल में खड़ी तीन बसें और एक टाटा मैजिक जला दीं। घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। घटना के समय स्कूल स्टाफ, कर्मी और चौकीदार अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। चौकीदार ने आवाजें सुनकर बाहर देखा तो आग की लपटें देखीं। जब बाहर निकलने का प्रयास किया, तो कमरे बाहर से बंद थे। हॉस्टल के बच्चों ने शोर सुनकर दरवाजा खोला। स्कूल निदेशक ने बताया कि आगजनी से पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए गए और कई कमरे बाहर से बंद कर दिए गए थे।
स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी वाहन जलकर खाक हो चुके थे। स्कूल के निदेशक गोपाल कृष्ण पांडेय के अनुसार, लगभग 1.8 करोड़ रुपये की संपत्ति जल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—————————————————–
उज्जैन के तराना में विवाद से हिंसक हालात
उज्जैन के तराना में गुरुवार रात हुए विवाद के बाद शुक्रवार दोपहर आगजनी और पथराव की घटना सामने आई। एक दुकान में आग लग गई और अज्ञात लोगों ने बस फूंक दी। पथराव में एक युवक घायल हुआ। पुलिस ने मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
रात को एक युवक से मारपीट के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान 11 बसों में तोड़फोड़ हुई थी। शुक्रवार सुबह विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तराना थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुरक्षा के मद्देनज़र बाजार बंद रखे गए और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। उपद्रवियों ने घरों और मंदिर में भी तोड़फोड़ की।
कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने सप्पन मिर्जा, ईशान मिर्जा, शादाब, सलमान और रिजवान के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
—————————————————–
विधायक निधि खर्च, हंसराज पटेल सबसे आगे
राजस्थान में भजनलाल सरकार के दो साल पूरे हो गए हैं और सरकार अगले माह तीसरा बजट पेश करने जा रही है। इस बीच विधायक निधि (एमएलए कोटे) के खर्च में बड़े अंतर सामने आए हैं। जयपुर के 19 विधायकों में से कई ने अपनी निधि का आधा हिस्सा भी खर्च नहीं किया।
आदर्श नगर से कांग्रेस विधायक रफीक खान ने 10 करोड़ के कोटे में केवल 1.76 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी। झोटवाड़ा के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2.5 करोड़ और जमवारामगढ़ के भाजपा विधायक महेन्द्र पाल मीणा ने 2.57 करोड़ रुपए खर्च किए।
सबसे ज्यादा निधि खर्च करने वाले विधायकों में कोटपूतली से हंसराज पटेल सबसे आगे हैं, जिन्होंने 7.80 करोड़ रुपए की स्वीकृतियां दी हैं। मालवीय नगर के कालीचरण सराफ ने 7.61 करोड़ और विराटनगर के कुलदीप ने 7.60 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की।
सांगानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधायक कोष से 5.02 करोड़ और डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने 7.21 करोड़ रुपए से ज्यादा की स्वीकृतियां दी हैं। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने दूदू में 5.87 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए।
—————————————————–









