देश विदेश की बड़ी खबरें 7 जनवरी 2026

थलपति विजय को मद्रास हाई कोर्ट से बड़ा झटका, 1.5 करोड़ का जुर्माना बरकरार

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म जन नेता (जन नायगन) को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इस बीच उन्हें मद्रास हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने आयकर विभाग द्वारा लगाए गए 1.5 करोड़ रुपये के जुर्माने को चुनौती देने वाली विजय की याचिका खारिज कर दी है।

यह मामला उनकी फिल्म से नहीं, बल्कि इनकम टैक्स से जुड़ा है। आयकर विभाग का आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में विजय ने फिल्म पुली से कमाए 15 करोड़ रुपये की आय का खुलासा नहीं किया था। इसी आधार पर उन पर जुर्माना लगाया गया था। न्यायमूर्ति सेंथिलकुमार राममूर्ति ने कहा कि जुर्माना तय समय-सीमा के भीतर लगाया गया है, इसलिए अदालत के हस्तक्षेप की कोई वजह नहीं बनती। हालांकि, विजय के वकील के अनुरोध पर कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष आदेश को चुनौती दे सकते हैं। गौरतलब है कि 2015 में आयकर विभाग ने विजय के आवास पर छापेमारी की थी, जिसके बाद यह मामला सामने आया था।

————————————————————–

अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत पर देशभर से बधाइयों की बारिश

भारत ने जिम्बाब्वे के हरारे में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के नायक 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को 411 रन तक पहुंचाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गर्व का पल बताया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह, खेल मंत्री मनसुख मांडविया, बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेताओं और दिग्गजों ने टीम की तारीफ की। सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, अश्विन, सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद कैफ ने वैभव सूर्यवंशी के बेखौफ खेल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया। पूरे देश ने इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया

————————————————————–

धर्म आधारित आरक्षण पर घमासान

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर धर्म आधारित आरक्षण को लेकर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति और सामाजिक न्याय से धोखा करने का आरोप लगाया। किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना की जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब सिर्फ वोट बैंक तक सिमट गई है। उन्होंने पीएम मोदी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें कांग्रेस को “मुस्लिम लीग कांग्रेस” कहा गया था। किशन रेड्डी का आरोप है कि रेवंत रेड्डी 4 प्रतिशत मुस्लिम आरक्षण को स्थायी करने और पिछड़ा वर्ग श्रेणी में जोड़कर कुल 14 प्रतिशत आरक्षण देने की कोशिश कर रहे हैं, जो असंवैधानिक है।

————————————————————–

जनकपुरी मौत पर बोले राहुल गांधी “सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता असली कातिल”

दिल्ली के जनकपुरी में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है। गुरुवार देर रात एक युवक कमल की सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। वह पूरी रात तड़पता रहा, लेकिन मदद नहीं मिली। इस घटना पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। उन्होंने लिखा, “असली कातिल सड़क नहीं, जवाबदेही से भागती गैरजिम्मेदार सत्ता है।” राहुल ने इसे लालच और लापरवाही की महामारी बताते हुए कहा कि एक झटके में एक परिवार की पूरी दुनिया उजड़ गई। उन्होंने आगे कहा कि देश में न इस्तीफा होता है, न सजा मिलती है और न ही किसी की अंतरात्मा जागती है। जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसी मौतें होती रहेंगी। हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने कार्रवाई करते हुए JE समेत तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। पीडब्ल्यू मंत्री प्रवेश वर्मा ने मौके का दौरा कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

————————————————————–

1 साल पुराने केस में पप्पू यादव गिरफ्तार,

बिहार पुलिस ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पटना के मंदिरी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कोर्ट द्वारा कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किए जाने के तीन दिन बाद हुई है। मामला 31 साल पुराना है और 1995 में गर्दनीबाग थाने में दर्ज FIR से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि उनका मकान धोखाधड़ी से किराए पर लिया गया और बाद में उसे सांसद कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया गया।

कोर्ट ने पहले गिरफ्तारी वारंट, फिर इश्तेहार जारी किया, लेकिन पेशी न होने पर कुर्की का अंतिम आदेश दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने ट्वीट कर इसे साजिश बताया। उन्होंने कहा कि NEET छात्रा को न्याय दिलाने की आवाज उठाने पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पप्पू यादव ने दावा किया कि वे न झुकेंगे, न चुप रहेंगे, चाहे उन्हें जेल भेजा जाए या जान का खतरा ही क्यों न हो।

————————————————————–

हाईवे यात्रियों की पहली पसंद बना FASTag सालाना पास

नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के बीच FASTag सालाना पास तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। 15 अगस्त 2025 को लॉन्च हुए इस पास को सिर्फ छह महीनों में 50 लाख से ज्यादा लोग अपना चुके हैं। इस दौरान सालाना पास के जरिए 26.55 करोड़ से अधिक टोल ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, अब नेशनल हाईवे पर होने वाले कुल कार ट्रांजैक्शन में करीब 28 फीसदी हिस्सेदारी FASTag सालाना पास की है। यानी हर चार में से एक कार इस सुविधा का इस्तेमाल कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे टोल प्लाजा पर रुकने की झंझट कम हुई है और यात्रियों को किफायती व सुविधाजनक विकल्प मिला है।

दिल्ली-एनसीआर के बिजवासन टोल प्लाजा पर 57 फीसदी कारें सालाना पास से गुजर रही हैं। राज्यवार आंकड़ों में चंडीगढ़ 14 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे है, इसके बाद तमिलनाडु और दिल्ली हैं। ₹3,000 में मिलने वाला यह पास देश के 1,150 टोल प्लाजा पर लागू है और एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग तक मान्य है, जिससे यात्रियों को तय खर्च और बिना रुकावट सफर की सुविधा मिल रही है।

————————————————————–

725 करोड़ में अत्याधुनिक LLLR-I रडार खरीदेगा रक्षा मंत्रालय

भारतीय सेना की वायु रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने सेना के लिए 30 इम्प्रूव्ड लो-लेवल लाइट वेट रडार (LLLR-I) और 2 क्लासरूम वेरिएंट रडार (CRV) की खरीद को लेकर RFP जारी किया है। इस सौदे की अनुमानित लागत करीब 725 करोड़ रुपये है और इसे फास्ट ट्रैक/इमरजेंसी प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया के तहत पूरा किया जाएगा। ये रडार पहाड़ी, रेगिस्तानी, तटीय और ऊंचाई वाले इलाकों में तैनाती के लिए डिजाइन किए गए हैं और सेना के आकाशतीर कमांड एंड रिपोर्टिंग सिस्टम से पूरी तरह इंटीग्रेट होंगे। LLLR-I एक आधुनिक 3D AESA आधारित एयर सर्विलांस रडार है, जो विमान, हेलिकॉप्टर और ड्रोन जैसे हवाई खतरों को पहचानने और ट्रैक करने में सक्षम होगा। रडार एक साथ सैकड़ों लक्ष्यों की निगरानी कर सकता है और 2 वर्ग मीटर RCS वाले लक्ष्य को 50 किमी तक पहचानने में सक्षम होगा। खरीद में कम से कम 60% स्वदेशी सामग्री अनिवार्य की गई है, जिससे देश के रक्षा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।

————————————————————–

ससुर ने हेलीकॉप्टर से बहू को भेजा मायके, गांव बना गवाह

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी की विदाई का एक अनोखा नजारा देखने को मिला। राठ कोतवाली क्षेत्र के कुम्हरिया गांव में पहली बार एक पिता ने अपनी बहू की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई, जिस पर लाखों रुपये खर्च हुए। इस खास पल को देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों लोग जुटे। गजराज सिंह, जो गोहांड सीएचसी में एक्स-रे टेक्नीशियन हैं, ने अपने बड़े बेटे दीपांकर की शादी को यादगार बनाने का सपना पूरा किया। दीपांकर और निधि की शादी राठ के एक रिसॉर्ट में धूमधाम से हुई। विदाई से पहले प्रशासन से सभी जरूरी अनुमति ली गई और उरई मार्ग पर अमगांव तिराहे के पास अस्थायी हेलीपैड बनाया गया। दिल्ली से मंगाए गए हेलीकॉप्टर से बहू निधि ने स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की समाधि पर पुष्प वर्षा कर नमन किया। इसके बाद उन्हें सरीला तहसील के पहरा गांव स्थित मायके तक हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया। इस अनोखी विदाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

————————————————————–

गलवान के बाद चीन का गुप्त परमाणु परीक्षण?

अमेरिका ने चीन पर 2020 में गुप्त परमाणु परीक्षण करने का गंभीर आरोप लगाया है। खास बात यह है कि यह परीक्षण भारत-चीन के बीच 15 जून 2020 को हुई गलवान झड़प के कुछ ही दिनों बाद किया गया बताया जा रहा है। यह दावा जिनेवा में आयोजित एक वैश्विक निरस्त्रीकरण सम्मेलन में किया गया। अमेरिकी हथियार नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के अंडर सेक्रेटरी थॉमस डिनानो ने कहा कि चीन ने 22 जून 2020 को परमाणु विस्फोटक परीक्षण किए और इन्हें छिपाने के लिए भूकंपीय निगरानी से बचने की तकनीक अपनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम परीक्षण प्रतिबंध से जुड़ी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन है।

चीन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका “चीन परमाणु खतरे” को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है और खुद हथियारों की होड़ को बढ़ावा दे रहा है। अमेरिका अब रूस और चीन को शामिल करते हुए नई व्यापक परमाणु हथियार नियंत्रण संधि की मांग कर रहा है, क्योंकि न्यू START संधि खत्म हो चुकी है। इन खुलासों से भारत की चिंताएं भी बढ़ी हैं, क्योंकि चीन तेजी से अपना परमाणु जखीरा बढ़ा रहा है, जो क्षेत्रीय संतुलन के लिए चुनौती बन सकता है।

————————————————————–

ओमान वार्ता के बाद अमेरिका का ईरान पर बड़ा प्रहार

अमेरिका ने ओमान में बातचीत के तुरंत बाद ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया है। इन प्रतिबंधों का सीधा निशाना ईरान का तेल और पेट्रोकेमिकल कारोबार है। खास बात यह है कि इस कार्रवाई में एक भारतीय कंपनी भी शामिल है। अमेरिका ने साफ कहा है कि ईरानी तेल की खरीद या व्यापार करने वालों के खिलाफ प्रतिबंध जारी रहेंगे, चाहे बातचीत चल रही हो।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ये प्रतिबंध ईरान की तथाकथित “शैडो फ्लीट” से जुड़ी 15 कंपनियों और 14 जहाजों पर लगाए गए हैं, जिनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय पाबंदियों को दरकिनार कर तेल और पेट्रोकेमिकल्स की ढुलाई में किया जाता है। यह कदम ट्रंप प्रशासन के “अधिकतम दबाव अभियान” का हिस्सा बताया गया है।

प्रतिबंधों की सूची में भारतीय शिपिंग कंपनी Elevate Marine Management Pvt Ltd का नाम भी है। अमेरिका का आरोप है कि कंपनी ने कैमरून के झंडे वाले टैंकर BENEDICT का प्रबंधन किया, जिसने सितंबर से नवंबर 2025 के बीच कम से कम तीन बार ईरानी पेट्रोलियम उत्पादों का परिवहन किया।

————————————————————–

नागौर 10 टन अवैध विस्फोटक मामले की जांच अब NIA के हवाले

राजस्थान के नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र के हरसौर में सामने आए 10 टन विस्फोटक बरामदगी मामले में अब केंद्रीय एजेंसी की आधिकारिक एंट्री हो गई है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के आदेश पर इस पूरे मामले की जांच नागौर पुलिस से लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। शुक्रवार को नागौर एसपी ने केस से जुड़ी पूरी फाइल NIA को हैंडओवर कर दी। यह राजस्थान की अब तक की सबसे बड़ी अवैध विस्फोटक बरामदगी मानी जा रही है। इससे पहले इस मामले की शुरुआती जांच में NIA और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) भी शामिल थे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर गृह मंत्रालय ने जांच NIA को सौंपने का फैसला लिया। गौरतलब है कि 24 जनवरी को नागौर पुलिस ने हरसौर में सुलेमान खान के घर से करीब 9550 किलो अमोनियम नाइट्रेट, बड़ी संख्या में डेटोनेटर और ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होने वाले वायर बरामद किए थे। आरोपी सुलेमान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की एसआईटी ने विस्फोटक सप्लाई करने वाले चार बड़े सप्लायरों को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है।

————————————————————–

जम्मू-कश्मीर दौरे पर अमित शाह, सीमा सुरक्षा और आतंकवाद पर सख्त निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय सीमा सुरक्षा बैठक की और पिछले 15 दिनों में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों को ढेर करने पर सुरक्षा बलों की सराहना की। शाह ने सभी अभियानों को जॉइंट कंट्रोल सेंटर (JCC) से संचालित करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जम्मू क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में सक्रिय पाकिस्तानी आतंकियों और कश्मीर घाटी में आतंकी संगठनों के ग्राउंड नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने पर जोर दिया।

इससे पहले अमित शाह ने कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर सेक्टर की सीमा चौकियों का दौरा किया, बीएसएफ जवानों से मुलाकात की और छह कल्याणकारी योजनाओं का डिजिटल उद्घाटन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। दौरे का उद्देश्य सीमा सुरक्षा मजबूत करना और आतंकरोधी अभियानों को तेज करना है।

कोडरमा में बिरहोर समुदाय के 10 आदिवासी बच्चे लापता, प्रशासन अलर्ट

झारखंड के कोडरमा जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां बिरहोर समुदाय के 10 आदिवासी बच्चे पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। ये सभी बच्चे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) से ताल्लुक रखते हैं और 31 जनवरी से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस के मुताबिक, जयनगर थाना क्षेत्र के खारियोडीह पंचायत स्थित गदियाई बिरहोर टोला से गांव के 60–70 लोग 15 किलोमीटर दूर परसाबाद में एक श्राद्ध कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम के बाद बाकी लोग लौट आए, लेकिन ये बच्चे वापस नहीं पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है। एक साथ 10 बच्चों के गायब होने से मानव तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

————————————————————–

भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार कर ली है। इस पहल से भारतीय निर्यातकों—खासकर एमएसएमई, किसानों और मछुआरों—के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर के अमेरिकी बाजार तक पहुंच आसान होगी। निर्यात बढ़ने से महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार अवसर बनने की उम्मीद है। प्रस्तावित रूपरेखा के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर पारस्परिक शुल्क घटाकर 18% करेगा। इससे वस्त्र, परिधान, चमड़ा-फुटवियर, प्लास्टिक-रबर, जैविक रसायन, गृह सज्जा, हस्तशिल्प और चुनिंदा मशीनरी जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही, सामान्य दवाइयों, रत्न-हीरे और विमान पुर्जों पर टैरिफ शून्य होने से भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धा और ‘मेक इन इंडिया’ को नई गति मिलेगी।

टी20 वर्ल्ड कप, भारत का पहला मुकाबला आज अमेरिका से

दो साल पहले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में करिश्माई कैच से भारत को चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया आज से अपने खिताब रक्षा अभियान की शुरुआत करेगी। पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मज़ाकिया तौर पर इसे ‘आधार कार्ड बनाम ग्रीन कार्ड’ मैच कहा जा रहा है, क्योंकि अमेरिकी टीम में कई खिलाड़ी भारत में क्रिकेट सीख चुके हैं। टी20 फॉर्मेट में भारत बेहद संतुलित और आत्मविश्वासी नजर आता है। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार, रिंकू सिंह और हार्दिक पंड्या की आक्रामक बल्लेबाजी के साथ बुमराह-अर्शदीप की अनुभवी गेंदबाजी भारत की बड़ी ताकत है। वहीं, मोनांक पटेल की कप्तानी में अमेरिका उलटफेर की क्षमता रखता है। यह मुकाबला दोनों टीमों के इरादों का साफ संदेश देगा।

————————————————————–

राज्यसभा में बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए 45 दिन की छुट्टी की मांग

राज्यसभा में शुक्रवार को भाजपा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को 60 वर्ष से अधिक उम्र के माता-पिता की देखभाल के लिए 45 दिन की अनिवार्य छुट्टी देने की मांग उठाई। शून्यकाल में उन्होंने कहा कि तेजी से शहरीकरण और रोजगार के कारण करोड़ों युवा अपने घरों से दूर रहते हैं, जिससे उनके बुजुर्ग माता-पिता अकेले रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि भारत में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 14.9 करोड़ से अधिक हो चुकी है, जो 2036 तक 23 करोड़ से ऊपर पहुंच सकती है। ऐसे में बीमार माता-पिता की देखभाल के लिए पुत्र या पुत्री की मौजूदगी बेहद जरूरी है, लेकिन उन्हें छुट्टी लेने में कठिनाई होती है। सुमित्रा ने सरकार से आग्रह किया कि जैसे माता-पिता अपने बच्चों को जीवन भर समय देते हैं, वैसे ही संतान को भी उनकी देखभाल के लिए पर्याप्त अवकाश मिलना चाहिए।

————————————————————–

बांसवाड़ा में बारातियों की बस पलटी, 3 की मौत, 25 से ज्यादा घायल

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बारातियों से भरी बस पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा कलिंजरा थाना क्षेत्र के घोटिया आम्बा घाटी में उस समय हुआ, जब सज्जनगढ़ से सनलई गांव लौट रही बारात की दूसरी बस एक खतरनाक ढलान पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कई यात्री बस के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को निजी वाहनों और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में टीटा सोखा डोडियार, दलू भूरा दामा और कमला गरासिया की मौत हुई। दूल्हा-दुल्हन कार में होने से सुरक्षित हैं।

————————————————————–

नीट छात्रा की मौत पर सियासी घमासान

बिहार में नीट छात्रा की मौत को लेकर सियासत तेज हो गई है। आरजेडी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आरोपों पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। राबड़ी देवी ने दावा किया था कि सरकार एक मंत्री के बेटे को बचाने में लगी है और मामले की लीपा-पोती की जा रही है, इसी कारण केस सीबीआई को सौंपा गया। उनके बयान पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो 24 घंटे के भीतर पेश करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी मंत्री या उसके बेटे की संलिप्तता सामने आती है, तो उस पर भी तत्काल कार्रवाई होगी। जेडीयू ने राबड़ी देवी के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। गौरतलब है कि जनवरी में पटना के एक हॉस्टल में मिली नीट छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले की जांच फिलहाल एसआईटी कर रही है।

————————————————————–

वी. एस. अच्युतानंदन को पद्म विभूषण, परिवार सम्मान स्वीकार नहीं करेगा

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीएम के वरिष्ठ नेता वी. एस. अच्युतानंदन को मरणोपरांत पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई है, लेकिन उनका परिवार यह सम्मान स्वीकार नहीं करेगा। इसकी वजह सीपीएम की वैचारिक नीति है, जिसके तहत पार्टी नेता सरकारी सम्मानों को स्वीकार नहीं करते। सीपीएम महासचिव एम. ए. बेबी ने स्पष्ट किया कि पार्टी का रुख साफ है और अच्युतानंदन का परिवार भी उसी के अनुरूप निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि अगर अच्युतानंदन जीवित होते, तो वे स्वयं भी यह पुरस्कार नहीं लेते। अच्युतानंदन के बेटे वी. ए. अरुण कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय से औपचारिक सूचना मिल चुकी है। परिवार इसे उनके योगदान का सम्मान मानता है, लेकिन पार्टी के सिद्धांतों को सर्वोपरि मानते हुए पद्म विभूषण स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व के संकेतों से साफ है कि यह सम्मान ठुकरा दिया जाएगा।

ढाका में हिंसक प्रदर्शन, चुनाव से पहले हालात तनावपूर्ण

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिनमें करीब 40–50 लोग घायल हो गए। आम चुनाव से ठीक छह दिन पहले हुई इस घटना से देश में तनाव बढ़ गया है। छात्र नेता उस्मान शरीफ हादी की हत्या के विरोध में इंकलाब मंच ने शाहबाग चौराहे पर प्रदर्शन आयोजित किया था। प्रदर्शनकारी संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जांच की मांग कर रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के सरकारी आवास ‘जमुना’ की ओर मार्च करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। अंतरिम सरकार ने बयान जारी कर कहा कि हादी हत्या मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और संयुक्त राष्ट्र से जांच कराने का अनुरोध किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी भी समय गोली नहीं चलाई गई।

आज अपना राशिफल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें- राशिफल 7 फरवरी शनिवार 2026 । Rashifal 7 February 2026

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान मस्जिद में बम धमाका, 31 की मौत, 169 घायल

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Comparison
  • Dharma Darshan
  • Education
  • Entertainment
  • Food
  • Health & Fitness
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • Job
  • Lifestyle
  • News
  • Sports
  • Technology
  • World News
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • #latest news in hindi
  • #breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital