
खेजड़ी बचाओ आंदोलन : 363 संतों संग आमरण अनशन, वसुंधरा राजे का समर्थन
बीकानेर में खेजड़ी और ओरण (गोचर भूमि) को बचाने को लेकर आंदोलन और तेज हो गया है। दूसरे दिन 363 संतों के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग बिश्नोई धर्मशाला में आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। कई प्रदर्शनकारी आंखों पर पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करा रहे हैं, वहीं संतों और भक्तों ने अन्न त्याग का संकल्प लिया है। आंदोलन का नेतृत्व संतों द्वारा किया जा रहा है और मांग है कि ट्री प्रोटेक्शन एक्ट लागू होने तक एक भी पेड़ न काटा जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आंदोलन का समर्थन करते हुए खेजड़ी की पूजा की फोटो साझा की और कहा कि जिसकी पूजा करते हैं, उसका संरक्षण हमारा दायित्व है। सोमवार को महापड़ाव के बाद मंगलवार से अनशन शुरू हुआ। बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हैं। जगह कम पड़ने पर कई लोग टेंट में सोए। प्रशासन सतर्क है, कलेक्ट्रेट पर एसटीएफ तैनात है। कलेक्टर-एसपी के आश्वासन के बावजूद आंदोलन जारी है।
——————————————————————
टैरिफ पर ट्रंप की नरमी से बाजार में तूफानी तेजी
टैरिफ को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के नरम रुख का असर भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी के रूप में देखने को मिला। कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स में 4200 से ज्यादा अंकों की उछाल दर्ज की गई। इस तेजी से देश की दिग्गज कंपनियों की वैल्यूएशन में बड़ा इजाफा हुआ। टॉप-10 कंपनियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयर करीब 7 फीसदी चढ़े। आईटी सेक्टर में भी जबरदस्त खरीदारी दिखी, जहां इंफोसिस और टीसीएस के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में करीब 6 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि इन दिग्गज कंपनियों के कंबाइंड मार्केट कैप में 5.40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ।
——————————————————————
अमेरिका–ईरान तनाव के बीच अरब सागर में चीनी रिसर्च जहाज
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान चीन का आधुनिक समुद्री रिसर्च जहाज दायांग यीहाओ (ओशन नंबर-1) अरब सागर में देखे जाने से भू-राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक यह जहाज 19 दिसंबर से भारत के पश्चिमी तट के पास समुद्री सर्वे कर रहा है और बाद में ईरान के तट से करीब 320 किलोमीटर दूर सक्रिय पाया गया। ओपन सोर्स इंटेलिजेंस एक्सपर्ट्स का दावा है कि यह जहाज अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन के आसपास भी काम कर चुका है।
दायांग यीहाओ में समुद्र की गहराई, सब-सी सरफेस मैपिंग, असामान्य आवाजों की निगरानी और सैटेलाइट कम्युनिकेशन जैसी उन्नत क्षमताएं हैं, जिससे सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच अमेरिका ने ईरान को हमले की धमकी दी है, जबकि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक अभ्यास का ऐलान किया है। चीन ने फिलहाल संतुलित रुख अपनाते हुए बातचीत से समाधान पर जोर दिया है।
——————————————————————
भारत में बैठी आवामी लीग की चुनावी तैयारी
बांग्लादेश में शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद देश पहली बार 12 फरवरी को आम चुनाव कराने जा रहा है, लेकिन इस चुनाव से दूर भारत में बैठी आवामी लीग एक अलग सियासी चाल चल रही है। कोलकाता और दिल्ली में निर्वासन में रह रहे पार्टी नेता चुनावी प्रक्रिया को अवैध साबित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना दिल्ली के एक गुप्त ठिकाने से पार्टी को नियंत्रित कर रही हैं और कोलकाता में मौजूद वरिष्ठ नेताओं के साथ नियमित बैठकें हो रही हैं।जुलाई 2024 के जनआंदोलन के बाद हसीना को देश छोड़ना पड़ा था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अनुसार करीब 1,400 लोगों की मौत हुई। इसके बाद सैकड़ों आवामी लीग नेता भारत आ गए। अंतरिम सरकार ने पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया है और हसीना पर गंभीर आरोप हैं, लेकिन आवामी लीग का मानना है कि अगर चुनाव विफल होता है तो सत्ता में वापसी की जमीन बन सकती है।
——————————————————————
रूस का यूक्रेन पर साल का सबसे बड़ा हमला, 450 ड्रोन और 70 मिसाइलें दागीं
रूस ने यूक्रेन पर इस साल का अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने एक ही रात में करीब 450 लंबी दूरी के ड्रोन और 70 मिसाइलें दागीं, जिनमें 32 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। यह हमला यूक्रेन के कम से कम पांच इलाकों पर किया गया, जिसमें 10 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब नाटो महासचिव मार्क रुटे कीव पहुंचे थे और अमेरिका की मध्यस्थता में रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत प्रस्तावित थी। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस जानबूझकर बिजली और हीटिंग सिस्टम को निशाना बना रहा है, ताकि भीषण ठंड में आम लोगों को परेशान किया जा सके। हमले के दौरान कीव में तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
कीव, खारकीव और ओडेसा में रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा, कई जगह आग लगी और हजारों अपार्टमेंट्स में हीटिंग बंद हो गई। नाटो महासचिव ने भरोसा दिलाया कि यूक्रेन को सैन्य और एयर डिफेंस मदद जारी रहेगी।
——————————————————————
Shab-A-Barat 2026: माफी और रहमत की रात आज, देशभर में इबादत
आज देशभर में शब-ए-बारात का पर्व मनाया जा रहा है। इस्लाम में इसे माफी और निजात की रात माना जाता है। यह पर्व रमजान से 15 दिन पहले, हिजरी कैलेंडर के शाबान महीने की 14वीं और 15वीं रात के बीच मनाया जाता है। भारत में यह पर्व आज रात से शुरू होकर 4 फरवरी 2026 (बुधवार) तक रहेगा, जिसकी तिथि चांद दिखने पर तय होती है।

इस रात मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी भूल और गुनाहों के लिए अल्लाह से माफी मांगते हैं, दुआएं करते हैं और दान-पुण्य करते हैं। इस्लामिक मान्यता के अनुसार, रात के अंतिम तिहाई हिस्से में की गई इबादत से अल्लाह की खास रहमत मिलती है और पापों से मुक्ति मिलती है। मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाती है और हलवा बांटा जाता है। शब-ए-बारात लोगों को नेकी की राह पर चलने और बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है।
——————————————————————
अखिलेश यादव का BJP पर वोट कटवाने का आरोप
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही दूर हों, लेकिन सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर SIR और फॉर्म-7 को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के जरिए बड़े पैमाने पर धांधली की तैयारी है और इसके उनके पास सबूत मौजूद हैं।

अखिलेश ने मांग की कि अब तक जमा सभी फॉर्म रद्द हों, हर फॉर्म पर नंबरिंग और ECI का होलोग्राम हो, CCTV जांच कराई जाए और AI के जरिए सत्यापन किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम और PDA मतदाताओं के वोट काटने की साजिश हो रही है। कन्नौज में 1200 वोट कटने और कई सीटों पर 6 हजार से 32,500 वोट काटने के टारगेट का दावा किया। अखिलेश ने चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने और दोषियों पर FIR की मांग की।
——————————————————————
दिल्ली में फर्जी राशन कार्ड का खुलासा : हरीश खुराना
बीजेपी विधायक हरीश खुराना ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में दिल्ली में करीब 4 लाख 78 हजार फर्जी राशन कार्ड बनाए गए और 16 लाख लाभार्थी अवैध पाए गए। दिल्ली सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 के बीच 9.22 लाख से ज्यादा राशन कार्ड आवेदन हुए, जो बिना सत्यापन केवल सेल्फ डिक्लेरेशन पर बनाए गए।

खुराना के अनुसार, रेखा गुप्ता सरकार द्वारा कराई गई जांच में 2.02 लाख कार्ड संदिग्ध मिले, जिनमें 6,038 मृत लोग, 16 हजार डुप्लीकेट कार्ड और 1.44 लाख ऐसे लाभार्थी शामिल हैं जिनकी सालाना आय 6 लाख रुपये से अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि 77 हजार कार्डधारकों के पास वाहन और 1.59 लाख के पास बड़ी जमीन है। खुराना ने मुख्यमंत्री से पिछले 10 साल के राशन वितरण पर वाइट पेपर जारी करने की मांग की है।
——————————————————————
इंडिगो की एडवाइजरी जारी, 28 फरवरी तक 4 देशों की उड़ानें रद्द
ईरान के आसपास बिगड़ते हालात को देखते हुए इंडिगो ने मंगलवार को ताजा ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर 28 फरवरी 2026 तक अपनी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने बताया कि त्बिलिसी, बाकू, अल्माटी और ताशकंद से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स इस अवधि तक कैंसिल रहेंगी। यह फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इंडिगो ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि ईरान क्षेत्र में पैदा हो रहे हालात के कारण फ्लाइट शेड्यूल में अतिरिक्त बदलाव किए गए हैं। यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प चुनने या फुल रिफंड लेने की सुविधा दी जा रही है।
गौरतलब है कि पहले इन रूट्स पर 11 फरवरी तक उड़ानें रद्द की गई थीं, जिसे अब बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया है। इंडिगो आमतौर पर इन रूट्स पर ईरान के एयरस्पेस का इस्तेमाल करती है, लेकिन ईरान-अमेरिका तनाव और संभावित सैन्य संघर्ष के चलते अब इससे बचा जा रहा है। एयरलाइन ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे की जानकारी समय-समय पर साझा करेगी।
——————————————————————
बेऊर जेल से एंबुलेंस में पहुंचे अनंत सिंह, विधायक पद की ली शपथ
मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह मंगलवार को उजली शर्ट और काली पैंट पहनकर भारी सुरक्षा के बीच बिहार विधानसभा पहुंचे और विधायक पद की शपथ ली। वह बेऊर जेल से एंबुलेंस के जरिए विधानसभा लाए गए थे। बजट सत्र के दौरान उनकी मौजूदगी से सदन का माहौल पूरी तरह बदल गया, उस वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सदन में मौजूद थे।

शपथ से पहले अनंत सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे, हाथ जोड़कर अभिवादन किया और उनका पैर छुआ। इसके बाद उन्होंने विधायक पद की शपथ ली। अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी हैं और फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। गिरफ्तारी के बावजूद उन्होंने जेल से ही चुनाव लड़ा और मोकामा सीट से जीत दर्ज की थी। शपथ के बाद अनंत सिंह ने खुद को निर्दोष बताया और न्यायपालिका पर भरोसा जताया। इसके बाद वह उसी एंबुलेंस से वापस बेऊर जेल लौट गए।
——————————————————————
प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या
मुरादाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने प्रेमी बहनोई के साथ मिलकर पति की हत्या कराने का आरोप है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गोधी गांव निवासी अख्तर अली (43) 27 जनवरी को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई गई और 30 जनवरी को उनका शव नहर से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। शुरुआत में पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन जांच में पत्नी शबीना और उसके बहनोई अल्ताफ के प्रेम संबंध सामने आए। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली। शबीना ने बताया कि पति उसे प्रेमी से मिलने से रोकता था और मारपीट करता था। इसके बाद उसने अल्ताफ से कहा कि अगर साथ रहना है तो पति को खत्म करना होगा। अल्ताफ ने अपने दो साथियों संता और रंजीत के साथ मिलकर अख्तर को कार से ले जाकर नहर में डुबोकर मार दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार और कपड़े बरामद किए हैं।
——————————————————————
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकरBJP ने कांग्रेस MLC के सस्पेंशन की मांग की
कर्नाटक में एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हैं। विपक्षी बीजेपी ने कांग्रेस MLC और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के राजनीतिक सचिव नसीर अहमद के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। बीजेपी का आरोप है कि नसीर अहमद ने विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की। इसी को लेकर सोमवार को विपक्ष के नेता चालवडी नारायणस्वामी के नेतृत्व में बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने परिषद अध्यक्ष बसवराज होरट्टी को याचिका सौंपकर नसीर अहमद को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की।
बीजेपी का कहना है कि यह बयान संसदीय गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। विवाद बढ़ने पर अध्यक्ष ने नसीर अहमद की टिप्पणी को रिकॉर्ड से हटा दिया, लेकिन बीजेपी सदस्यों ने माफी की मांग को लेकर सदन में हंगामा किया। अहमद द्वारा माफी न मांगे जाने के कारण शोर-शराबे के बीच धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया और अंततः सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी।
——————————————————————
एनकाउंटर पर खुलकर बोले CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनकाउंटर नीति पर खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद सरकार ने तय किया कि ज़ीरो टॉलरेंस नीति हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू होगी, चाहे वह अपना ही क्यों न हो। जो कानून माफिया पर लागू होता है, वही अपने लोगों पर भी होगा।

सीएम योगी ने कहा कि कई बार अपराधी कानून से डरता नहीं, ऐसे में उसे “कानून की भाषा” में समझाना तात्कालिक जरूरत बन जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अपराधी को गोली चलाने की आज़ादी है, तो पुलिस को केवल गोली खाने के लिए नहीं छोड़ा जा सकता। इसी कारण पुलिस को हथियार दिए गए हैं। उन्होंने 2012–17 के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि तब दंगे, कर्फ्यू और ‘गुंडा टैक्स’ आम थे। ज़ीरो टॉलरेंस के बाद हालात बदले हैं, कानून-व्यवस्था सुधरी है और यूपी आज एक मजबूत निवेश डेस्टिनेशन बना है।
——————————————————————
केरल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज
केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी गठबंधन अपनी ताकत बढ़ाने में जुटे हैं। बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में हाल ही में ट्वेंटी20 पार्टी के शामिल होने के बाद अब कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के भीतर भी हल्का तनाव दिखने लगा है।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के नेता और पूर्व विधायक केएनए खादर ने कहा है कि यदि चुनाव के बाद UDF सत्ता में आता है, तो उपमुख्यमंत्री पद पर उनकी पार्टी का हक बनता है। कोझिकोड में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए घटक दलों को इस मांग पर विचार करना चाहिए।
हालांकि, IUML के राष्ट्रीय सचिव पीके कुन्हालीकुट्टी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पार्टी उपमुख्यमंत्री पद की मांग नहीं करेगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ओमन चांडी सरकार के दौरान भी लीग ने यह पद लेने से इनकार किया था।
IUML लंबे समय से UDF का हिस्सा रही है और 2011 में उसका प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा था। 2021 के चुनाव में UDF को हार का सामना करना पड़ा था और LDF सत्ता में लौटी थी।
——————————————————————
उत्तराखंड में 83 हिमालयी चोटियां पर्वतारोहण के लिए खुलीं
देवभूमि उत्तराखंड ने साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने का ऐतिहासिक फैसला किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने वन विभाग के समन्वय से गढ़वाल और कुमाऊं हिमालय की 83 प्रमुख पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण अभियानों के लिए खोल दिया है। इन चोटियों की ऊंचाई 5,700 से 7,756 मीटर तक है, जिनमें कामेट, नंदा देवी ईस्ट, चौखंबा, त्रिशूल, शिवलिंग, सतोपंथ, पंचचूली और नीलकंठ जैसी विश्व प्रसिद्ध चोटियां शामिल हैं।

इस फैसले से उत्तराखंड वैश्विक पर्वतारोहण मानचित्र पर और मजबूत होगा। भारतीय पर्वतारोहियों से अब किसी भी प्रकार की पीक फीस नहीं ली जाएगी, जबकि विदेशी पर्वतारोहियों के लिए अतिरिक्त राज्य शुल्क समाप्त कर दिया गया है। सभी अनुमतियां UKMPS ऑनलाइन पोर्टल से मिलेंगी। सीएम धामी ने कहा कि इस पहल से युवाओं को अवसर मिलेंगे, स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।
उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड खत्म
उत्तराखंड सरकार ने जुलाई 2026 से मदरसा बोर्ड को खत्म करने का फैसला किया है। इसकी जगह अब उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। अल्पसंख्यक मंत्रालय के विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर ढाकाटे के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले विधानसभा सत्र में इस फैसले की घोषणा की थी। नई व्यवस्था के तहत राज्य के सभी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को इस प्राधिकरण के अंतर्गत लाया जाएगा और उनकी मान्यता उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन देगा।
सरकार के अनुसार, प्राधिकरण में विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े शिक्षाविदों को शामिल किया गया है, जो पाठ्यक्रम और शिक्षा का स्वरूप तय करेंगे। डॉ. सुरजीत सिंह गांधी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रोफेसर राकेश जैन, डॉ. सैय्यद अली हमीद, प्रो. पेमा तेनजिन, डॉ. एल्बा मेड्रिले, प्रोफेसर रोबिना अमन और प्रो. गुरमीत सिंह सदस्य होंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कदम का मकसद अल्पसंख्यक बच्चों को आधुनिक, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।
——————————————————————
EPFO 3.0 से PF निकासी आसान, अब सिर्फ 8 दिन में मिलेगा पैसा
अगर आपका पैसा EPF में जमा होता है तो यह खबर राहत देने वाली है। EPFO 3.0 के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल और स्मार्ट बना दिया है। केंद्र सरकार के मुताबिक अब ऑनलाइन PF क्लेम का निपटारा औसतन सिर्फ 8 दिनों में हो रहा है। सही KYC और अपडेटेड प्रोफाइल होने पर पैसा एक हफ्ते के भीतर खाते में आ सकता है। पहले जहां क्लेम में हफ्तों-महीनों लग जाते थे, वहीं अब प्रक्रिया काफी तेज हो गई है।
वित्त वर्ष 2025-26 में 23 जनवरी 2026 तक EPFO ने 8.53 करोड़ से ज्यादा क्लेम प्रोसेस किए हैं। e-KYC पूरा होने पर अब PF ट्रांसफर के लिए नियोक्ता की मंजूरी भी जरूरी नहीं है। कर्मचारी खुद ऑनलाइन क्लेम कर सकते हैं। इसके अलावा प्रोफाइल सुधार, देश के किसी भी बैंक से पेंशन, फेस ऑथेंटिकेशन से UAN और आसान पासबुक जैसे फीचर्स जोड़े गए हैं। EPFO 3.0 ने कर्मचारियों और पेंशनधारकों की मुश्किलें काफी हद तक कम कर दी हैं।
——————————————————————
मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री
मैतेई-कुकी संघर्ष से जूझ रहे मणिपुर में बीजेपी ने एक बार फिर सरकार गठन का रास्ता साफ कर दिया है। 62 वर्षीय युमनाथ खेमचंद सिंह (वाई खेमचंद सिंह) राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार को इंफाल में हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। वह पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की जगह लेंगे मैतेई समुदाय से आने वाले खेमचंद सिंह मणिपुर विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं और पिछली सरकार में मंत्री के तौर पर अहम विभाग संभाल चुके हैं। उनकी छवि एक साफ और भरोसेमंद नेता की मानी जाती है, साथ ही कुकी और नागा समुदाय में भी उनकी स्वीकार्यता है। दिसंबर में कुकी रिलीफ कैंप का दौरा कर शांति की अपील करने से वे चर्चा में आए थे। RSS से नजदीकी और संतुलित रवैये के कारण उन्हें बीजेपी का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है। जातीय तनाव के बीच राज्य में शांति बहाल करना उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी।
——————————————————————
RBI पॉलिसी मीटिंग शुरू, क्या सस्ती होगी EMI या रेपो रेट पर लगेगा ब्रेक?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की तीन दिवसीय समीक्षा बैठक बुधवार से शुरू हो रही है, जिसका फैसला शुक्रवार को आएगा। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब केंद्रीय बजट विकास पर केंद्रित है, महंगाई नियंत्रण में है और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद बाहरी अनिश्चितता भी घटी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, RBI फरवरी 2025 से अब तक रेपो रेट में कुल 1.25% (125 बेसिस प्वाइंट) की कटौती कर चुका है, जिससे रेपो रेट घटकर 5.25% पर आ गया है। फरवरी और अप्रैल में 25-25 बीपीएस, जून में 50 बीपीएस और दिसंबर में 25 बीपीएस की कटौती की गई थी, जबकि अगस्त और अक्टूबर में दरें स्थिर रहीं। जानकारों का मानना है कि फिलहाल न तो महंगाई और न ही ग्रोथ बड़ी चिंता है, इसलिए RBI ब्याज दरों में स्थिरता बनाए रख सकता है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि लोन और सस्ता करने के लिए एक और कटौती की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सबकी नजर शुक्रवार के फैसले पर टिकी है, जो आम लोगों की EMI तय करेगा।
——————————————————————
RSS के 100 साल: मुंबई में ‘नया क्षितिज’ सम्मेलन को संबोधित करेंगे मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मंगलवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7–8 फरवरी को वर्ली स्थित नेहरू सेंटर में दो दिवसीय सम्मेलन ‘नया क्षितिज’ आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन को संघ प्रमुख मोहन भागवत संबोधित करेंगे और देश की विभिन्न हस्तियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में प्रश्न–उत्तर सत्र भी रखा गया है।

आंबेकर ने बताया कि सम्मेलन में 1200 गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें से करीब 900 के शामिल होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में समाज में परिवर्तन, समन्वय और संघ की भूमिका पर चर्चा होगी।सम्मेलन में फिल्म और खेल जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी, जिनमें बोनी कपूर, आशा भोसले और बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी प्रमुख हैं। कुछ राजनीतिक हस्तियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। आंबेकर ने बताया कि RSS की देशभर में 87 हजार से अधिक शाखाएं हैं और गृह संपर्क अभियान जारी है। UGC विवाद और ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारत का रंग भगवा रहा है और हमेशा रहेगा।










