
उधमपुर एनकाउंटर: 48 घंटे की मुठभेड़ में जैश के 2 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया। यह ऑपरेशन मंगलवार से बुधवार तक करीब 48 घंटे चला। आतंकी बसंतगढ़ इलाके के जाफर जंगल में एक गुफा में छिपे थे। सेना की व्हाइट नाइट कोर के तहत CIF डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी घायल हुआ और दोनों गुफा में भाग गए। सुरक्षा बलों ने UBGLs का इस्तेमाल किया और गुफा के एक हिस्से को विस्फोट से ध्वस्त कर दिया। बाद में ड्रोन से स्थिति की पुष्टि की गई। इस बीच किश्तवाड़ जिले में ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ भी जारी है। 18 जनवरी से चल रहे इस ऑपरेशन में अब तक चार मुठभेड़ हो चुकी हैं। 23 जनवरी को जैश का कमांडर उस्मान मारा गया था, जबकि 19 जनवरी को हवलदार गजेंद्र सिंह शहीद हुए थे।
———————————————————————
राहुल गांधी को संसद में बोलने से जानबूझकर रोका जा रहा है
संसद के भीतर नेता विपक्ष राहुल गांधी को बार-बार बोलने से रोके जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब लेकर संसद पहुंचे और कहा कि वह यह किताब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गिफ्ट करेंगे। इसी किताब के अंश पढ़ने को लेकर एक दिन पहले संसद में हंगामा हुआ था और सत्ता पक्ष के नेताओं ने राहुल गांधी को अपनी बात पूरी नहीं करने दी थी।

इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से राहुल गांधी को जानबूझकर रोका जा रहा है, क्योंकि वे संवेदनशील और अहम मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मामले को लेकर कांग्रेस की बैठक हुई और विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाने का फैसला किया गया है। जयराम रमेश ने बीजेपी नेताओं पर कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्रियों का अपमान करने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार पहले नेता विपक्ष बोलते हैं और फिर प्रधानमंत्री जवाब देते हैं।
———————————————————————
लिफ्ट में हाइड्रोजन गुब्बारा फटा, तीन लोग झुलसे
मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अनमोल टावर बिल्डिंग की लिफ्ट में हाइड्रोजन गैस से भरा गुब्बारा फट गया। यह हादसा 2 फरवरी को उस समय हुआ, जब बिल्डिंग में जन्मदिन की पार्टी की सजावट चल रही थी। एक युवक हाइड्रोजन से भरे गुब्बारे लेकर लिफ्ट में दाखिल हुआ। लिफ्ट में घुसते ही कुछ ही सेकंड में जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट इतना तेज था कि लिफ्ट आग की लपटों से घिर गई। इस हादसे में दो युवक और एक युवती झुलस गए। राहत की बात यह रही कि लिफ्ट का दरवाजा बंद नहीं था, जिससे तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, हाइड्रोजन अत्यधिक ज्वलनशील गैस है। थोड़ी सी चिंगारी या गर्मी से भी इसमें विस्फोट हो सकता है। इसलिए ऐसे गुब्बारों का इस्तेमाल बेहद खतरनाक माना जाता है।
———————————————————————
कांग्रेस राज्यसभा में भी पीएम के भाषण का करेगी विरोध
बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर घेरने में जुटी है। संसद में लगातार हंगामा हो रहा है। इसी कारण बुधवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण नहीं हो सका। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री गुरुवार को राज्यसभा में बोल सकते हैं। हालांकि कांग्रेस ने वहां भी विरोध की रणनीति बना ली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला लिया गया कि राज्यसभा में भी प्रधानमंत्री के भाषण में व्यवधान डाला जाएगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि नेता विपक्ष राहुल गांधी को लगातार बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। कांग्रेस ने नेहरू और इंदिरा गांधी पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणियों पर भी कड़ा विरोध जताया है। पार्टी के फ्लोर मैनेजरों ने सहयोगी दलों से बातचीत कर समर्थन हासिल कर लिया है। गुरुवार सुबह इंडिया गठबंधन की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि जब तक नेता विपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया जाएगा, तब तक प्रधानमंत्री के भाषण का कोई मतलब नहीं रह जाता।
———————————————————————
दिल्ली की सुरक्षा पर अरविंद केजरीवाल का हमला, 15 दिनों में 807 लोग लापता
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चार इंजन की सरकार होने के बावजूद आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। केजरीवाल के मुताबिक, केवल 15 दिनों में दिल्ली से 807 लोग लापता हो गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर रोज औसतन 54 लोग गायब हो रहे हैं, जो बेहद डराने और चिंताजनक हालात को दर्शाता है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और दिन-दहाड़े हत्याएं हो रही हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। आम आदमी पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में है। पार्टी ने दिल्ली की जनता से सतर्क रहने और अपने बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।
———————————————————————
हरियाणा में दिव्यांग कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु घटाई गई
हरियाणा सरकार ने दिव्यांग और दृष्टिबाधित कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु में बदलाव कर दिया है। नए नियमों के तहत अब ऐसे कर्मचारी 60 वर्ष की बजाय 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होंगे। इसके लिए हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) संशोधन नियम, 2026 लागू किए गए हैं, जिन्हें वित्त विभाग की मंजूरी मिल चुकी है।
यह बदलाव केवल उन कर्मचारियों पर लागू होगा, जिनकी दिव्यांगता 70 प्रतिशत या उससे अधिक है, या जो पूरी तरह दृष्टिहीन हैं। हालांकि ग्रुप-डी कर्मचारियों और न्यायिक अधिकारियों को इससे छूट दी गई है और वे पहले की तरह 60 वर्ष में ही रिटायर होंगे। नियमों के अनुसार एक आंख से देखने वाले कर्मचारियों को दिव्यांग या अंधा नहीं माना जाएगा और वे भी 58 वर्ष में रिटायर होंगे।
इसके साथ ही सेवा के दौरान विकलांग होने पर मिलने वाला सेवा विस्तार का प्रावधान भी समाप्त कर दिया गया है। साथ ही री-एम्प्लॉयमेंट के नियम सख्त करते हुए 58 वर्ष के बाद केवल विशेष परिस्थितियों में ही अधिकतम दो साल की अनुमति दी जाएगी।
———————————————————————
हिंदू सम्मेलन में साध्वी इशिका तनेजा के बयान पर विवाद
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में साध्वी इशिका तनेजा के बयान से विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने “जिहादियों” से सुरक्षा के नाम पर लोगों से अपने घरों में चाकू रखने की अपील की। साध्वी ने कहा कि लोग महंगे मोबाइल फोन खरीदते हैं, लेकिन 500 रुपये के नारियल काटने वाले चाकू नहीं रखते। उनका दावा था कि मोबाइल फोन किसी की सुरक्षा नहीं कर पाएगा। इस दौरान उन्होंने कथित हमलों का जिक्र करते हुए लोगों से समर्थन का वादा भी लिया और धार्मिक नारे लगवाए।

साध्वी इशिका तनेजा पहले मॉडल और अभिनेत्री रह चुकी हैं। उन्होंने 2017 में मधुर भंडारकर की फिल्म इंदु सरकार में अभिनय किया था और विक्रम भट्ट की वेब सीरीज हद में भी नजर आई थीं। वर्ष 2018 में उन्होंने मिस वर्ल्ड टूरिज्म का खिताब जीता था। 29 जनवरी 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में संगम स्नान के बाद उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर सनातन धर्म की सेवा का संकल्प लिया था।
———————————————————————
मुक्तिनाथ तीर्थयात्रा के लिए दिल्ली–बेनी सीधी बस सेवा शुरू।
मुक्तिनाथ तीर्थयात्रा को आसान बनाने के लिए 4 फरवरी 2026 को नेपाल के म्याग्दी जिले के बेनी और भारत की राजधानी नई दिल्ली के बीच सीधी बस सेवा शुरू की गई। ‘नेपाल–इंडिया मैत्री बस सेवा’ का संचालन मॉडर्न एरा टूर्स एंड ट्रैवल्स और सृष्टि यातायात प्राइवेट लिमिटेड संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस सेवा का उद्घाटन बेनी नगर पालिका के मेयर सूरत केसी ने किया।
बेनी, मुस्तांग जिले में स्थित प्रसिद्ध मुक्तिनाथ मंदिर का प्रवेश द्वार है। मुक्तिनाथ हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों का पवित्र तीर्थस्थल है। यह बस सेवा बेनी से स्यांगजा, वालिंग, भैरहवा, अयोध्या और आगरा होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी।
नई दिल्ली से बेनी तक यात्रा में लगभग 27 घंटे लगेंगे। बेनी से बस सुबह 6:45 बजे और दिल्ली से शाम 4:00 बजे रवाना होगी। किराया बेनी से दिल्ली NPR 5,400 और दिल्ली से बेनी INR 3,200 तय किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और रोजगार व इलाज के लिए यात्रा करने वालों को लाभ होगा।
———————————————————————
अजित पवार के निधन के बाद NCP में नेतृत्व परिवर्तन की आहट
अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बदले हालात में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश है। महायुति सरकार में अजित पवार की जगह उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। अब पार्टी स्तर पर भी बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी की कमान सुनेत्रा पवार को सौंपी जा सकती है। पार्टी के ज्यादातर नेता चाहते हैं कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाए। अजित पवार के नेतृत्व में पार्टी की रणनीति, संगठन और चुनावी फैसले तय होते थे। उनके अचानक निधन से पैदा हुए नेतृत्व के शून्य को भरने के लिए सुनेत्रा पवार को आगे लाने की मांग तेज हो गई है।
एनसीपी के 30 प्रमुख प्रकोष्ठों के अध्यक्षों ने कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल को पत्र लिखकर यह मांग रखी है। जल्द राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाए जाने और इस प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है। यह फैसला एनसीपी के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है।
———————————————————————
4.30 लाख से ज्यादा वाहन किए गए स्क्रैप, गडकरी ने दी जानकारी
देश में पुरानी और जर्जर गाड़ियों को सड़कों से हटाने के अभियान में बड़ी प्रगति हुई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया कि 30 जनवरी 2026 तक देशभर में 4 लाख 30 हजार 306 वाहनों को वैज्ञानिक तरीके से स्क्रैप किया जा चुका है। केंद्र सरकार की वाहन स्क्रैपिंग नीति का उद्देश्य अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाली और तकनीकी रूप से असुरक्षित गाड़ियों को हटाकर पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। मंत्री ने बताया कि यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है और इसमें निजी व व्यावसायिक दोनों तरह के वाहन शामिल हैं।

फिलहाल 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 129 रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी काम कर रही हैं। सरकार के अनुसार पुरानी गाड़ियां नई गाड़ियों की तुलना में 10–12 गुना ज्यादा प्रदूषण फैलाती हैं। स्क्रैपिंग कराने वाले वाहन मालिकों को टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट दी जा रही है। सरकार का मानना है कि इससे प्रदूषण कम होगा, सड़क हादसों में कमी आएगी और ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा।
———————————————————————
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 10 बैगलेस डे, पढ़ाई होगी एक्टिविटी बेस्ड
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 10 बैगलेस डे लागू किए गए हैं। इस पहल के तहत बच्चों को कुछ दिनों तक किताबों और भारी बैग से राहत मिलेगी। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है। बैगलेस डे जनवरी से फरवरी 2026 के बीच पूरे किए जाएंगे। हर हफ्ते दो दिन बच्चे बिना बैग स्कूल आएंगे।
इन दिनों में पढ़ाई को किताबी दायरे से बाहर निकालकर एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग पर जोर दिया जाएगा। स्कूलों में नुक्कड़ नाटक, क्विज, साइंस एक्सपेरिमेंट, कुकिंग, गार्डनिंग और ग्रुप एक्टिविटीज कराई जाएंगी। इससे बच्चों में टीमवर्क, कम्युनिकेशन और प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल्स विकसित होंगी।
यह पहल नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 के तहत की गई है। समग्र शिक्षा, दिल्ली की ओर से हर स्कूल को 13,500 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि रोचक अनुभव बनाना है।
———————————————————————
देहरादून में दर्दनाक हादसा, हाई-वोल्टेज करंट से युवक की जिंदा जलकर मौत।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के लच्छीवाला इलाके में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। दून-हरिद्वार रेलवे ट्रैक के पास जीरो प्वाइंट पर एक युवक जंगली जानवर से बचने के प्रयास में रेलवे के हाई-वोल्टेज बिजली खंभे पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचते ही वह ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। शव पूरी तरह झुलस जाने के कारण अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। यह इलाका घने जंगल से सटा है, जहां हाथियों समेत जंगली जानवरों की आवाजाही आम है। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
———————————————————————
IDF की पहली अरब मुस्लिम महिला प्रवक्ता बनी मेजर एला वावेया
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने मेजर एला वावेया को अरबी-भाषा की नई प्रवक्ता नियुक्त किया है। वह अगले हफ्ते कर्नल अविचाई अदराई की जगह लेंगी और लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर प्रमोट होंगी। यह इजरायल के इतिहास में पहली बार है जब कोई अरब मुस्लिम महिला इतनी अहम सैन्य संचार भूमिका संभाल रही है। 36 वर्षीय एला का जन्म मध्य इजरायल के कलान्सवा शहर में एक मुस्लिम परिवार में हुआ। उन्होंने 2013 में परिवार से छुपाकर सेना में वॉलंटियर के रूप में शुरुआत की। बाद में वह IDF प्रवक्ता इकाई में अधिकारी बनने वाली पहली मुस्लिम अरब महिला बनीं।

2015 में उन्होंने अधिकारियों के कोर्स में राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक जीता। अरबी संचार शाखा में डिप्टी हेड बनने के बाद अब वह इस इकाई की प्रमुख होंगी।‘कैप्टन एला’ के नाम से मशहूर वावेया सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं और उनकी नियुक्ति ने वैश्विक स्तर पर ध्यान खींचा है।
———————————————————————
बलूचिस्तान में हालात बिगड़े, चीन ने ग्वादर में ग्राउंड ऑपरेशन रोके
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है और कई सैन्य शिविरों व चौकियों पर कब्जे का दावा किया है। कहा जा रहा है कि 10 से अधिक जिलों में विद्रोहियों का प्रभाव बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चीन ने ग्वादर में अपने सभी ग्राउंड ऑपरेशन सस्पेंड करने का फैसला किया है। ग्वादर पोर्ट चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) का अहम हिस्सा माना जाता है। लगातार हमलों और सुरक्षा जोखिमों के चलते चीनी परियोजनाओं पर काम ठप पड़ गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बलूचिस्तान में चीनी हितों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे बीजिंग की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय आबादी लंबे समय से CPEC परियोजनाओं का विरोध करती रही है और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप भी सामने आते रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ग्वादर से चीन का पीछे हटना पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक और रणनीतिक झटका है, जबकि क्षेत्रीय राजनीति पर इसके दूरगामी असर पड़ सकते हैं।
———————————————————————
फ्रांस में एलन मस्क की कंपनी X पर छापा, गंभीर आरोपों की जांच तेज
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क और उनकी सोशल मीडिया कंपनी X यूरोप में जांच के घेरे में आ गए हैं। फ्रांस पुलिस ने मंगलवार को पेरिस स्थित X के दफ्तरों पर छापा मारा। मस्क ने इसे राजनीतिक हमला बताया, लेकिन फ्रांसीसी अधिकारियों ने कहा कि बच्चों से जुड़ी यौन शोषण सामग्री की जांच कोई सियासी मुद्दा नहीं है।

रॉयटर्स के मुताबिक, यह छापा जनवरी 2025 से चल रही एक साइबर क्राइम जांच से जुड़ा है। इसमें X पर एल्गोरिदम और डेटा सिस्टम के दुरुपयोग और अवैध डेटा एक्सट्रैक्शन के आरोप हैं। इस जांच में फ्रेंच साइबर पुलिस और यूरोपीय एजेंसी Europol भी शामिल हैं।
Associated Press के अनुसार, जांच में नाबालिगों से जुड़ी अश्लील सामग्री, यौन डीपफेक कंटेंट, होलोकॉस्ट से इनकार और एल्गोरिदमिक हेरफेर जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इससे पहले यूरोपीय आयोग X पर 120 मिलियन यूरो का जुर्माना भी लगा चुका है। वहीं, X के AI चैटबॉट Grok पर भी आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
———————————————————————
जमात-ए-इस्लामी के चुनावी घोषणापत्र में भारत से संबंध सुधारने का संकेत
बांग्लादेश के कट्टरपंथी राजनीतिक दल जमात-ए-इस्लामी ने बुधवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। “पीपुल्स मैनिफेस्टो” नाम के इस दस्तावेज में गवर्नेंस रिफॉर्म, आर्थिक आत्मनिर्भरता, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय पर जोर दिया गया है। घोषणापत्र की सबसे अहम और चौंकाने वाली बात भारत और अन्य पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को स्थिर करने को प्राथमिकता देने की बात है। ऐसे समय में यह बयान आया है, जब भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव बना हुआ है।
जमात के अमीर डॉ. शफीकुर रहमान ने ढाका में एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणापत्र जारी किया। इसमें 26 प्राथमिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जो सत्ता में आने पर अगले पांच वर्षों की नीति तय करेंगे। घोषणापत्र जुलाई आंदोलन से प्रेरित बताया गया है और इसका लक्ष्य भेदभाव-मुक्त, न्यायपूर्ण और मानवीय बांग्लादेश बनाना है। घोषणापत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक सुधार, मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था, मानवाधिकारों की सुरक्षा, भ्रष्टाचार खत्म करने और अर्थव्यवस्था को पारदर्शी व निवेश-हितैषी बनाने का वादा किया गया है।
———————————————————————
अफ्रीका में चीन का नौसैनिक विस्तार, भारत और अमेरिका की बढ़ी चिंता
चीन तेजी से अपनी नौसैनिक क्षमता बढ़ा रहा है और इसके लिए उसने अफ्रीका महाद्वीप को रणनीतिक आधार बनाया है। रिपोर्टों के अनुसार, चीन ने अफ्रीका के 32 देशों में 78 बंदरगाहों का नेटवर्क तैयार किया है, जिन्हें उसकी सरकारी कंपनियां संचालित कर रही हैं। ये बंदरगाह केवल व्यापार नहीं, बल्कि चीनी युद्धपोतों की तैनाती के लिहाज से भी डिजाइन किए गए हैं। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि नाइजीरिया के लेक्की से लेकर केन्या के मोम्बासा तक चीन ने मजबूत समुद्री ढांचा खड़ा किया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह नेटवर्क स्वेज नहर जैसे अहम समुद्री मार्गों के पास चीन को रणनीतिक बढ़त देता है। इन बंदरगाहों के जरिए चीन को अफ्रीका के तांबा, कोबाल्ट और दुर्लभ खनिजों तक सीधी पहुंच मिल रही है। इससे वैश्विक सप्लाई चेन पर उसका असर बढ़ सकता है। अफ्रीका में बढ़ती चीनी मौजूदगी से हिंद महासागर में भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चीन पहले से जिबूती में नौसैनिक अड्डा चला रहा है और उसकी नौसेना अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। यह स्थिति भारत और अमेरिका दोनों के लिए रणनीतिक चुनौती बनती जा रही है।
———————————————————————
चेन्नई–व्लादिवोस्तोक समुद्री कॉरिडोर से भारत-रूस व्यापार को मिलेगी रफ्तार।
भारत और रूस के बीच व्यापार को तेज और आसान बनाने के लिए एक नया समुद्री मार्ग तैयार किया जा रहा है, जिसे चेन्नई–व्लादिवोस्तोक समुद्री कॉरिडोर कहा जा रहा है। यह रास्ता चेन्नई बंदरगाह को रूस के सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से दोनों देशों के बीच माल भेजने में लगने वाला समय 40 दिनों से घटकर लगभग 24 दिन रह जाएगा।
रूस के चेन्नई स्थित काउंसल जनरल वैलेरी खोडझाएव के अनुसार, यह कॉरिडोर रणनीतिक रूप से बेहद अहम है और रूस इसे लागू करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों में इंजीनियरिंग, फार्मा, मैन्युफैक्चरिंग और प्रोसेसिंग उद्योग मजबूत हैं, जिससे यह रूट लॉजिस्टिक्स कंपनियों के लिए फायदेमंद होगा। कम दूरी और कम समय की वजह से स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट लागत घटेगी। यह नया मार्ग भीड़भाड़ वाले पुराने रूट्स का विकल्प बनेगा और भारत-रूस व्यापार को नई गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
———————————————————————
इंडिगो के खिलाफ जांच के आदेश दिए, दिसंबर में उड़ानें रद्द करने का मामला
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने दिसंबर में बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द किए जाने के मामले में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के खिलाफ विस्तृत जांच का आदेश दिया है। आयोग ने कहा कि ऑपरेशनल अड़चनों के कारण हजारों उड़ानें कैंसिल कर इंडिगो ने अपनी निर्धारित क्षमता का बड़ा हिस्सा बाजार से हटा लिया। इससे कृत्रिम कमी की स्थिति बनी और व्यस्त मांग के समय यात्रियों की हवाई यात्रा तक पहुंच सीमित हुई।
CCI के अनुसार, यह आचरण प्रतिस्पर्धा अधिनियम की धारा चार के तहत प्रभुत्व के दुरुपयोग के दायरे में आ सकता है। तीन से पांच दिसंबर के बीच इंडिगो की 2,507 उड़ानें रद्द हुईं और 1,852 उड़ानें देरी से चलीं। इस दौरान देशभर में तीन लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए। आयोग ने मामले की जांच के लिए महानिदेशक को निर्देश दिए हैं। इससे पहले डीजीसीए ने उड़ान व्यवधानों के लिए इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था और दीर्घकालिक सुधारों के लिए 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने का आदेश दिया था।
———————————————————————
दिल्ली में CAPS कार्यक्रम शुरू, कैंसर की शुरुआती जांच और रोकथाम पर जोर
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की पहल कैंसर अवेयरनेस, प्रिवेंशन एंड स्क्रीनिंग प्रोग्राम (CAPS) का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली में कैंसर की समय पर पहचान, रोकथाम और सुलभ कैंसर देखभाल सेवाओं को मजबूत करना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए जागरूकता और नियमित स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है। CAPS के तहत कम्युनिटी-बेस्ड अप्रोच अपनाई जा रही है। खासकर महिलाओं के लिए मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन शुरू की जाएंगी, जिनमें मैमोग्राफी और HPV DNA टेस्ट की सुविधा होगी। दूर-दराज के इलाकों में भी यह सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए सेल्फ-टेस्टिंग किट भी लॉन्च की गई, जिससे वे घर पर ही सैंपल देकर जांच करा सकेंगी। इसके अलावा तंबाकू विरोधी अभियान, कैंसर जागरूकता और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन पर भी जोर दिया जाएगा। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि समय पर जांच और इलाज से कैंसर के खतरे को कम किया जा सके।
👇👇..
आज अपना राशिफल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें- राशिफल 5 फरवरी गुरुवार 2026 । Rashifal 5 February 2026
आज सोना चांदी के भाव जानने के लिए यहां क्लिक करें- सोना और चांदी के ताज़ा भाव | Gold & Silver Price Today










