
20 big news from India and abroad, दिल्ली : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 19 जनवरी को नितिन नबीन अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन के लिए सभी राज्यों से प्रस्ताव मंगाए गए हैं, ताकि सर्वसम्मति का संदेश दिया जा सके। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच नामांकन होगा, जबकि शाम को जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 20 जनवरी को नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा होगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद 21 जनवरी को नितिन नबीन राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक करेंगे।
—————————————————————————————————————————
प्रधानमंत्री ने पार्वती गिरि जी की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज पार्वती गिरि जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने औपनिवेशिक शासन के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका, सामुदायिक सेवा के प्रति समर्पण और स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण तथा संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उनके कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर अलग-अलग पोस्ट में लिखा “पार्वती गिरि जी की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने औपनिवेशिक शासन के खिलाफ आंदोलन में सराहनीय भूमिका निभाई। सामुदायिक सेवा के प्रति उनका समर्पण और स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण व संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उनके कार्य उल्लेखनीय हैं। पिछले महीने #MannKiBaat कार्यक्रम में मैंने यही कहा था।”
————————————————————————————————————————-
स्थापना दिवस के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के वीर कर्मियों के साहस, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज इसके स्थापना दिवस के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। एक एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के स्थापना दिवस के अवसर पर, हम उन सभी पुरुष तथा महिलाओं के प्रति अपनी गहन सराहना व्यक्त करते हैं, जिनकी पेशेवर दक्षता और दृढ़ संकल्प संकट की घड़ियों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं। आपदा के समय सदैव अग्रिम पंक्ति में तैनात रहकर, एनडीआरएफ के कर्मचारी अपने परिश्रम से मानव जीवन की रक्षा, राहत कार्यों का संचालन तथा अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आशा का संचार करते हैं। उनका कौशल और कर्तव्यनिष्ठा सेवा के सर्वोच्च मानकों का उदाहरण प्रस्तुत करती है। इन वर्षों के दौरान, एनडीआरएफ ने आपदा के लिए तैयारी एवं आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया के क्षेत्र में एक मानक के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सम्मान अर्जित किया है।
—————————————————————————————————————————–
हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज: इन जिलों में बारिश की चेतावनी
हरियाणा : प्रदेश में लोगों को अब धीरे-धीरे शीतलहर से छुटकारा मिलेगा । मौसम में भी बदलाव आ रहा है । प्रदेश में 22 जनवरी से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। जिसके चलते प्रदेश में कुछ स्थानों पर 22 जनवरी से 24 जनवरी तक गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। जनवरी आधी बीत जाने के बाद अब तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ इलाकों में मंगलवार से मौसम में बदलाव की संभावना के चलते बारिश होने की पूरी संभावना है । प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम व अधिकतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जिसके कारण कई जगह अधिकतम तापमान 20 डिग्री के पार भी हो गया है।वहीं मौसम विभाग ने पूरे हरियाणा में शीत लहर नहीं चलने का अनुमान भी लगाया है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह कहीं पर भी शीतलहर नहीं चलेगी। इससे लोगों को ठंड का एहसास कम होगा।
—————————————————————————————————————————–
हरियाणा ट्रेजरी ऑफिसर मेंस परीक्षा 1 फरवरी को
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने ट्रेजरी ऑफिसर (TO) और असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर (ATO) भर्ती परीक्षा से जुड़ा संशोधित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद लिया गया है। साथ ही मुख्य परीक्षा (Mains Exam) की नई तारीख भी घोषित कर दी गई है। बता दें कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट वापस लिए जाने के कारण जनवरी में प्रस्तावित मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब आयोग ने साफ किया है कि मुख्य परीक्षा 1 फरवरी को आयोजित की जाएगी। HPSC ने 2 नवंबर को ट्रेजरी ऑफिसर और असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर की प्रारंभिक परीक्षा कराई थी, जिसका परिणाम 19 नवंबर को जारी किया गया था। लेकिन कानूनी कारणों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के चलते आयोग को उस रिजल्ट को वापस लेना पड़ा। अब आयोग ने संशोधित (Revised) परिणाम घोषित किया है। पहले जारी परिणाम में कुल 927 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए योग्य घोषित किया गया था। संशोधित रिजल्ट में यह संख्या घटकर 910 रह गई है। यानी 17 उम्मीदवार अब मेंस परीक्षा की दौड़ से बाहर हो गए हैं।
—————————————————————————————————————————–
AI में भारत की बड़ी छलांग, स्टैनफोर्ड रैंकिंग में तीसरा स्थान
दिल्ली : स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के ग्लोबल एआई वाइब्रेंसी टूल के अनुसार भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका और चीन के बाद दुनिया का तीसरा सबसे प्रतिस्पर्धी देश बन गया है। भारत ने ब्रिटेन, जापान और फ्रांस जैसे कई विकसित देशों को पीछे छोड़ दिया है। वाइब्रेंसी स्कोर में अमेरिका 78.6 के साथ पहले, चीन 36.95 के साथ दूसरे और भारत 21.59 के साथ तीसरे स्थान पर है। यह रैंकिंग भारत के मजबूत टेक इकोसिस्टम और तेजी से बढ़ते टैलेंट बेस को दर्शाती है। इसी क्रम में भारत 19-20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में India AI Impact Summit की मेजबानी करेगा। सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसका उद्देश्य AI के लिए साझा वैश्विक मानकों पर देशों के बीच सहमति बनाना है। इस समिट में अमेरिका, चीन सहित कई देशों के 100 से अधिक सीईओ और ग्लोबल साउथ के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे भारत की भूमिका वैश्विक AI नेतृत्व में और मजबूत होने की उम्मीद है।
—————————————————————————————————————————–
सोना-चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर
दिल्ली : सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया। एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 12 हजार रुपये से ज्यादा महंगी होकर 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई। वहीं फरवरी डिलीवरी वाला सोना 2000 रुपये से ज्यादा चढ़कर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर चला गया।बीते हफ्ते भी दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखी गई थी, लेकिन चांदी ने सोने से ज्यादा फायदा दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,672.50 डॉलर और चांदी 94.065 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव, ETF में निवेश बढ़ना और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से कीमतों में उछाल आया है। इस साल अब तक सोने में 5% और चांदी में 15% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं एक साल में सोने ने करीब 80% और चांदी ने लगभग 192% का शानदार रिटर्न दिया है।
————————————————————————————————————————–
6 आधुनिक MRTT टैंकर विमानों की खरीद को मंज़ूरी
दिल्ली : भारत ने भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने के लिए 6 मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट (MRTT) विमानों की खरीद को मंज़ूरी दी है। करीब 1.1 अरब डॉलर की इस डील से हवा में ही लड़ाकू विमानों में ईंधन भरने की क्षमता बढ़ेगी और IAF लंबी दूरी के मिशन ज्यादा प्रभावी ढंग से कर सकेगी। ये आधुनिक MRTT विमान Boeing 767 प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। कार्यक्रम का नेतृत्व इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) करेगी, जबकि HAL भारत में मेंटेनेंस और सपोर्ट संभालेगी। इससे आत्मनिर्भर भारत को भी बढ़ावा मिलेगा। पुराने Il-78 टैंकरों की जगह लेने वाले ये विमान राफेल, Su-30MKI और तेजस जैसे आधुनिक फाइटर जेट्स के साथ बेहतर तालमेल रखेंगे। चीन-पाकिस्तान सीमा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक और ऑपरेशनल क्षमता को इससे बड़ी मजबूती मिलेगी।
————————————————————————————————————————–
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा
बिहार में समृद्धि यात्रा के दौरान शिवहर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी शासन पर हमला करते हुए कहा कि उस दौर में बिहार की स्थिति बेहद खराब थी और कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहले डर का माहौल था, पढ़ाई, इलाज, सड़क और बिजली की हालत खराब थी। नीतीश कुमार ने दावा किया कि उनकी सरकार आने के बाद बिहार में शांति, भाईचारा और तेजी से विकास हुआ। सड़क, नल-जल, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं हर घर तक पहुंचीं और सभी वर्गों के लिए योजनाएं लागू की गईं।
—————————————————————————————————————————-
अखिलेश के भाई लेंगे पत्नी से तलाक
यूपी की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और चर्चित खबर सामने आई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के नाम से इंस्टाग्राम पर उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का दावा किया गया। पोस्ट में गंभीर आरोप लगाए गए और मानसिक तनाव की बात कही गई। हालांकि, अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने साफ किया है कि प्रतीक यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हुआ है और यह पोस्ट हैकर द्वारा डाली गई है। मामले की शिकायत की जा रही है।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। शादी से पहले दोनों करीब 8 साल तक दोस्त रहे थे। उनकी शादी काफी चर्चित रही, जिसमें कई बड़े उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की एक बेटी प्रथमा है। अपर्णा यादव वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और समाज सेवा से जुड़ी हैं, जबकि प्रतीक यादव व्यवसाय करते हैं। तलाक की अफवाह सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
——————————————————————————————————————
अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन 21 से
निर्वाचन आयोग 21 से 23 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रथम भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM-2026) की मेजबानी करेगा। इस वैश्विक सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, चुनाव प्रबंधन विशेषज्ञ, शैक्षणिक संस्थान और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। तीन दिनों में 36 विषयगत सत्र, 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें आयोजित होंगी और ईसीआई का नया डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET लॉन्च किया जाएगा। साथ ही चुनावी नवाचारों पर प्रदर्शनी और लोकसभा चुनाव 2024 पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “India Decides” का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
—————————————————————————————————————————
अमित शाह ने NDRF कर्मियों को स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
आपदा प्रतिरोधी भारत बनाने के मोदी सरकार के संकल्प को साकार करने में NDRF महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । । X पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा, “NDRF के कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। आपदा-प्रतिरोधी भारत बनाने के मोदी सरकार के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के जरिए NDRF आज विश्वास का वह स्तंभ बन गया है जिस पर देश आपदाओं के दौरान भरोसा करता है। दूसरों की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान देने वाले शहीदों को नमन।
—————————————————————————————————————————-
जम्मू–कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में घायल जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को आतंकियों की तलाश के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान 8 जवान घायल हुए थे, जिनमें से हवलदार गजेंद्र सिंह सोमवार को इलाज के दौरान शहीद हो गए। इलाके में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 2–3 आतंकियों की तलाश के लिए सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कई टीमें जंगलों में ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद से ऑपरेशन चला रही हैं। साथ ही जम्मू के खौर सेक्टर में पुलिस पोस्ट पल्लनवाला के अंतर्गत गांव कचरियाल के खुले मैदान में पाकिस्तानी प्लेन के आकार का गुब्बारा मिला है, जिस पर PIA (पाकिस्तानी इंटरनेशनल एयरलाइंस) लिखा हुआ था। इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
—————————————————————————————————————————–
राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की 88वीं बैठक संपन्न
नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति (एससी-एनबीडब्ल्यूएल) की 88वीं बैठक हुई। बैठक में 70 प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिनमें संरक्षित क्षेत्र, वन्यजीव अभयारण्य, बाघ अभ्यारण्य और पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्रों में विकास, सार्वजनिक उपयोगिता और रक्षा संबंधी परियोजनाएं शामिल थीं। मुख्य प्रस्तावों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क चौड़ीकरण, 4G मोबाइल टावर और ट्रांसमिशन लाइनों की स्थापना शामिल थी। मध्य प्रदेश की मध्यम सिंचाई परियोजना पर भी चर्चा की गई, जो बुंदेलखंड में जल आपूर्ति और वन्यजीव संरक्षण में मदद करेगी। इसके अलावा, लद्दाख और सिक्किम में उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रणनीतिक रक्षा परियोजनाओं पर भी विचार हुआ। समिति ने वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व निर्णयों और नीतिगत सुधारों की एटीआर समीक्षा भी की गई, और ‘परिवेश पोर्टल’ को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
———————————————————————————————————————-
गुवाहाटी में इंडियास्किल्स पूर्वोत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने असम के गुवाहाटी विश्वविद्यालय में इंडियास्किल्स पूर्वोत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर के आठ राज्यों से 162 प्रतिभागी 26 विभिन्न कौशल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता पहली बार पूर्वोत्तर क्षेत्र में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि इंडियास्किल्स युवाओं में कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है तथा शिक्षा और कौशल विकास के बीच तालमेल को मजबूत करता है। प्रतियोगिता में तकनीकी, डिजिटल, आतिथ्य और पारंपरिक कौशल क्षेत्रों को शामिल किया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे और श्रेष्ठ प्रतिभाओं को वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
————————————————————————————————————————–
असम भाजपा में फूट की खबरें निराधार : सर्बानंद सोनोवाल
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के कार्यालय ने असम भाजपा में अंदरूनी मतभेद और नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ी खबरों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है। मीडिया में प्रसारित कथित पत्र को फर्जी, मनगढ़ंत और जाली करार देते हुए स्पष्ट किया गया कि उसमें नकली लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कार्यालय ने जनता और मीडिया से अपील की है कि वे अपुष्ट और फर्जी सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें।
—————————————————————————————————————————–
अंडमान-निकोबार “जैव विविधता की जीवंत प्रयोगशाला”: डॉ. जितेंद्र सिंह
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की जैव विविधता भारत की पर्यावरणीय और आर्थिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्री विजयपुरम में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (ZSI) केंद्र के दौरे के दौरान उन्होंने द्वीपों को “जैव विविधता की जीवंत प्रयोगशाला” बताया और संरक्षण के साथ आधुनिक विज्ञान को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ZSI जैसे संस्थान जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और समुद्री अर्थव्यवस्था से जुड़ी नीतियों को वैज्ञानिक आधार प्रदान करते हैं। 1977 में स्थापित इस केंद्र ने अब तक 90 शोध परियोजनाएं पूरी की हैं, 20 से अधिक नई प्रजातियों की पहचान की है और सैकड़ों शोध प्रकाशन किए हैं। डॉ. सिंह ने ZSI संग्रहालय का भी दौरा किया और इसे शिक्षा व जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
—————————————————————————————————————————
सरकार बड़े रक्षा सौदों की तैयारी में
इंडियन एयरफोर्स में फाइटर जेट्स की कमी को देखते हुए सरकार बड़े रक्षा सौदों की तैयारी में है। फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के प्रस्ताव पर जल्द फैसला हो सकता है। इसके साथ ही रूस के पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट सुखोई-57 को भारत में बनाने की लागत पर भी गंभीरता से विचार चल रहा है। HAL को रूस से सुखोई-57 के स्वदेशी निर्माण से जुड़ी लागत रिपोर्ट का इंतजार है, जो इसी महीने मिलने की संभावना है। रूस का दावा है कि भारत में इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 50 फीसदी इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से मौजूद है। फिलहाल सरकार ने यह तय नहीं किया है कि पांचवीं पीढ़ी के जेट कौन से खरीदे जाएंगे। भारत का देसी पांचवीं पीढ़ी का AMCA प्रोजेक्ट 2035 तक तैयार होने की उम्मीद है। मौजूदा समय में IAF के पास करीब 30 स्क्वाड्रन हैं, जबकि चीन-पाकिस्तान से दो-फ्रंट खतरे को देखते हुए स्क्वाड्रन क्षमता बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है।
—————————————————————————————————————————–
दिल्ली की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर आतिशी का वार
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने हाल के महीनों में हुई हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और व्यापारियों में डर का माहौल है। आतिशी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कानून-व्यवस्था पर चर्चा के लिए गृह मंत्री से मिलने का समय मांगा है।
—————————————————————————————————————————
IMF का बड़ा अनुमान: 2025 में भारत की ग्रोथ 7.3%,
IMF ने 2025 के लिए भारत की आर्थिक विकास दर का अनुमान बढ़ाकर 7.3% कर दिया है। इसकी मुख्य वजह बेहतर कॉरपोरेट कमाई और मजबूत आर्थिक रफ्तार बताई गई है। हालांकि 2026–27 में ग्रोथ घटकर 6.4% रहने का अनुमान है। कॉरपोरेट मुनाफे में सुधार से निवेशकों का भरोसा लौटने और बाजार में स्थिरता आने की उम्मीद है। वैश्विक स्तर पर AI में बढ़ते निवेश से दुनिया की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और 2025 में वैश्विक ग्रोथ 3.3% रह सकती है। महंगाई में भी धीरे-धीरे राहत के संकेत हैं, लेकिन IMF ने AI सेक्टर के ऊंचे वैल्यूएशन, अमेरिकी बाजारों की कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव को संभावित जोखिम बताया है।









