देश विदेश की 20 बड़ी खबरें देखना ना भूलें


Virat Kohli slips to No. 2 in ICC ODI rankings

Virat Kohli slips to No. 2 in ICC ODI rankings, आज की 20 बड़ी खबरें

Virat Kohli slips to No. 2 in ICC ODI rankings, आईसीसी ने वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इसके मुताबिक डैरिल मिचेल 845 रेटिंग पॉइंट के साथ वनडे के नए नंबर 1 बल्लेबाज बन गए हैं। मिचेल के रेटिंग में 51 अंक का उछाल आया। विराट कोहली 795 रेटिंग पॉइंट के साथ अब नंबर 2 पर हैं। कोहली ने पिछले हफ्ते रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर नंबर 1 बनना था, लेकिन मिचेल ने तुरंत उनकी जगह ले ली। नई रैंकिंग में टॉप 5 में 3 भारतीय बल्लेबाज हैं। विराट कोहली नंबर 2, रोहित शर्मा नंबर 4 और शुभमन गिल नंबर 5 पर हैं। केएल राहुल भी 11वें से 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर 10वें से 11वें स्थान पर खिसक गए हैं।

राम माधव ने माना, पीएम मोदी-शाह के बाद राहुल गांधी सबसे प्रभावशाली

बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने ‘5 एडिटर्स’ में खुलासा किया कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के बाद पार्टी में सबसे ताकतवर नेता राहुल गांधी हैं। पड़ोसी देशों के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी देश अच्छे पड़ोसी हैं, हालांकि कभी-कभी राजनीतिक मतभेद हो जाते हैं। इतिहास और विचारकों के विषय में राम माधव ने कहा कि मुगल और ब्रिटिश दोनों भारत के लिए आक्रांता रहे हैं। देश निर्माण में कई नेताओं का योगदान रहा, और किसी एक को नायक मानना सही नहीं। विचारों की आजादी सभी के लिए सम्माननीय है। नेहरू पर आलोचना के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर हमेशा विरोध रहा है, लेकिन उन्हें पूरी तरह दोषारोपण करना सही नहीं। अंत में उन्होंने साफ कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।

————————————————-

बिहार में 52 लाख से ज्यादा लाभार्थियों का राशन कार्ड खतरे में

बिहार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी और दुरुस्त करने के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में राशन कार्ड डेटा की गहन जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया में जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है या जिनके डेटा में गड़बड़ी पाई गई है, उनका वेरिफिकेशन फेल कर दिया गया है। खाद्य उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मुताबिक ऐसे करीब 52 लाख 22 हजार लाभार्थियों को राशन कार्ड सूची से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य में कुल 6.74 करोड़ पीडीएस लाभार्थियों में से लगभग 5.92 करोड़ का आधार वेरिफिकेशन सफल रहा है, जबकि बाकी मामलों में आधार सीडिंग फेल हुई है। सबसे ज्यादा नाम पटना जिले में कटे हैं, जहां करीब 2.96 लाख लाभार्थी प्रभावित हुए हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जीवाड़ा रोकने और सही लाभार्थियों तक अनाज पहुंचाने के लिए जरूरी है। जिनका नाम कट गया है, वे rconline.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर दोबारा राशन कार्ड बनवा सकते हैं।

————————————————-

राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 3 फरवरी से आम जनता के लिए खुलेगा

राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक (अंतिम प्रवेश 5:15 बजे) उद्यान का आनंद ले सकते हैं। मंगलवार और होली (4 मार्च) को उद्यान बंद रहेगा। उद्यान में प्रवेश और बुकिंग निःशुल्क है और राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट के माध्यम से बुक किया जा सकता है। सभी आगंतुकों का प्रवेश और निकास गेट नंबर 35 से होगा। सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा उपलब्ध होगी। बसें सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट में चलेंगी और ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर से पहचानी जाएंगी।

————————————————-

बंगाल में फाइनल वोटर लिस्ट फिर टल सकती है

बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन एक बार फिर टलने के संकेत हैं। पहले सुनवाई 7 फरवरी तक पूरी कर फाइनल लिस्ट 14 फरवरी को जारी होने की संभावना थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश के बाद चुनाव आयोग का काम काफी बढ़ गया है। ऐसे में मौजूदा समय-सीमा में पूरी प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल माना जा रहा है

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को SIR प्रक्रिया में सामने आई लॉजिकल गड़बड़ियों की लिस्ट सार्वजनिक करने और उसे गांवों में पंचायत भवन व ब्लॉक ऑफिस तथा शहरी इलाकों में वार्ड ऑफिस में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, ताकि आम लोग उसे देख सकें। इसके साथ ही प्रभावित वोटरों को दस्तावेज़ या आपत्तियां जमा करने का अतिरिक्त 10 दिन का समय भी देना होगा।

कोर्ट ने यह भी कहा है कि वोटर अपने ऑथराइज्ड रिप्रेजेंटेटिव, यहां तक कि BLO के जरिए भी आपत्ति या दस्तावेज़ जमा कर सकते हैं। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य पुलिस DG, SP और जिलाधिकारी पर होगी।

चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि लाखों मामलों की सुनवाई इतने कम समय में संभव नहीं है। पहले भी ड्राफ्ट और फाइनल वोटर लिस्ट की तारीखें टाली जा चुकी हैं। ऐसे में अब 14 फरवरी की डेडलाइन भी आगे बढ़ने की संभावना है, हालांकि नई तारीख को लेकर अभी तक चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

————————————————-

राजधानी को देगी टक्कर स्लीपर वंदे भारत

पटना से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे जल्द ही स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बनी यह सेमी हाईस्पीड ट्रेन जून तक ट्रैक पर आ सकती है। इसके कोच चेन्नई और झांसी के रेलवे कारखानों में तैयार किए जा रहे हैं। यह ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और सिर्फ 52 सेकेंड में 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड हासिल कर लेगी। 16 कोच वाली इस ट्रेन में कुल 823 बर्थ होंगी। यात्रियों को थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी स्लीपर की सुविधा मिलेगी। ट्रेन में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली, स्वचालित दरवाजे, साफ-सुथरे कोच और आधुनिक बर्थ दी जाएंगी। कम शोर और बेहतर सस्पेंशन से लंबी दूरी का सफर ज्यादा आरामदायक होगा।

————————————————-

पटना में छात्र गुटों की झड़प बमबाजी में बदली

पटना में मंगलवार रात छात्रों के बीच हुआ आपसी विवाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया। पटना यूनिवर्सिटी के जैक्सन हॉस्टल और सीवी रमण हॉस्टल से जुड़े कुछ छात्रों के बीच कॉफी शॉप पर शुरू हुई बहस ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान एक छात्र को मामूली चोट आई। स्थिति बिगड़ने के बाद एक गुट ने बदला लेने की नीयत से सीवी रमण हॉस्टल की दीवार पर बम फोड़ दिया। यह घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज घाट के पास हुई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना की सूचना पर डीएसपी राजकिशोर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन उपद्रवी छात्र फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

————————————————-

चुनावी हार के बाद RJD में बड़े फेरबदल की तैयारी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी है। तेजस्वी यादव एक बार फिर A to Z सामाजिक समीकरण को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, MY वर्ग को जिम्मेदारी मिलेगी, लेकिन सभी फैसले अब समितियों के जरिए होंगे, ताकि व्यापक तालमेल बनाया जा सके।

विदेश से लौटने के बाद हुई समीक्षा बैठक में नया संकेत मिला, जब बैठक की ब्रीफिंग बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने दी। इससे यह संदेश गया कि तेजस्वी यादव और सुधाकर सिंह की जोड़ी को आगे बढ़ाया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं और संगठन में युवाओं को प्रमुख भूमिका दी जाएगी। सवर्ण, दलित, कुर्मी और अतिपिछड़ा वर्ग को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। पार्टी में अनुशासन सख्त होगा और भीतरघातियों पर कार्रवाई की तैयारी है।

————————————————-

‘ऑपरेशन प्रहार’: पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान

पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गैंगस्टरों और उनके विदेशी नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि राज्यभर में 72 घंटे की व्यापक कार्रवाई चल रही है।

ऑपरेशन के तहत 12 हजार पुलिसकर्मियों की 2000 से अधिक टीमें सक्रिय हैं, जो विदेशों से जुड़े गैंगस्टरों के सहयोगियों की पहचान कर रही हैं। विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला के मुताबिक, पहले दिन ही 1314 संदिग्ध सहयोगियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे गैंगस्टरों या आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करें। नागरिक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना देकर इस मुहिम को मजबूत कर सकते हैं।

————————————————-

भारत-EU रिश्तों में नया अध्याय, FTA और रक्षा समझौते पर सहमति करीब

भारत और यूरोपीय संघ के बीच लंबे समय से चल रही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) बातचीत 27 जनवरी को पूरी होने वाली है। इस मौके पर नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जहां दोनों पक्ष औपचारिक घोषणा करेंगे। साथ ही सुरक्षा और रक्षा सहयोग को लेकर एक अहम समझौते पर भी सहमति बन सकती है।खास बात यह है कि 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार EU का सैन्य दस्ता हिस्सा लेगा। EU के शीर्ष नेता एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डेर लेयेन भारत दौरे पर रहेंगी।

जानकारी के अनुसार, FTA पर हस्ताक्षर कुछ महीनों बाद होंगे। शिखर सम्मेलन के बाद भारत-EU बिजनेस फोरम और संयुक्त रणनीतिक एजेंडा जारी किया जाएगा। 2022 में दोबारा शुरू हुई यह बातचीत अब अंतिम चरण में है। सरकार का मानना है कि यह समझौता व्यापार और रक्षा दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक साबित होगा।

————————————————-

RTE के तहत निजी स्कूलों में दाखिला आसान, 2 फरवरी से शुरू होगी नई व्यवस्था

उत्तर प्रदेश सरकार ने RTE अधिनियम के तहत 2026-27 के लिए एडमिशन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का फैसला लिया है। इस बार दाखिले तीन स्टेप में कराए जाएंगे। प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन 2 फरवरी से शुरू होंगे और आधार आधारित प्रणाली लागू की जाएगी। किताब, कॉपी और अन्य शैक्षणिक सामग्री की धनराशि भी सीधे अभिभावकों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

पहले चरण के आवेदन 2 से 16 फरवरी तक लिए जाएंगे और 18 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। दूसरे चरण की लॉटरी 9 मार्च और तीसरे चरण की 27 मार्च को होगी। सभी चयनित बच्चों का एडमिशन 11 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 68 हजार निजी स्कूलों में लगभग 6.80 लाख सीटें उपलब्ध होंगी। आवेदन में दिक्कत होने पर डीएम कार्यालय, बीएसए और बीईओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क की सुविधा मिलेगी।

————————————————-

एअर इंडिया पर 1.5 लाख का जुर्माना

दिल्ली जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एअर इंडिया को इंटरनेशनल फ्लाइट में सर्विस में कमी के लिए 1.5 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह रकम एक यात्री और उसकी बेटी को दी जाएगी, जिन्होंने खराब यात्रा अनुभव को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। यात्री ने आरोप लगाया कि फ्लाइट में सीटें टूटी थीं, एंटरटेनमेंट सिस्टम काम नहीं कर रहा था, वॉशरूम गंदे थे और खाने की गुणवत्ता भी खराब थी। बार-बार शिकायत के बावजूद केबिन क्रू ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। एअर इंडिया ने आरोपों से इनकार किया, लेकिन आयोग को दिए गए फोटोग्राफिक सबूतों और लीगल नोटिस का जवाब न देने से एयरलाइन की दलील कमजोर पड़ गई। हालांकि, आयोग ने टिकट का रिफंड देने से मना कर दिया, क्योंकि यात्री ने यात्रा पूरी कर ली थी। आयोग ने साफ कहा कि यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं न देना कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट के तहत सर्विस में कमी है।

————————————————-

AIIMS ने बनाया नया रिकॉर्ड, 13 महीने, 1000 से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी

AIIMS दिल्ली ने रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान ने सिर्फ 13 महीनों में 1000 से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं। यह देश में किसी सरकारी अस्पताल द्वारा सबसे तेज़ और सबसे अधिक रोबोटिक सर्जरी का रिकॉर्ड है।

अब तक रोबोटिक सर्जरी ज्यादातर प्राइवेट अस्पतालों तक सीमित थी, लेकिन AIIMS में यह सुविधा मरीजों को मुफ्त मिल रही है। AIIMS जनरल सर्जरी में रोबोटिक तकनीक इस्तेमाल करने वाला पहला सरकारी अस्पताल बन गया है।

डॉक्टरों के अनुसार रोबोटिक सर्जरी से 3D विजन मिलता है, जिससे जटिल ऑपरेशन आसान हो जाते हैं। AIIMS में पैंक्रियास, लीवर, किडनी ट्रांसप्लांट और कैंसर जैसी सर्जरी की गई हैं। इससे मरीजों को कम दर्द, कम हॉस्पिटल स्टे और तेज़ रिकवरी का फायदा मिल रहा है। AIIMS की यह पहल भविष्य में अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए मिसाल बनेगी।

————————————————-

कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला: पंचायत चुनाव जल्द

हिमाचल प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव 30 अप्रैल से पहले कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर विचार किया गया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पंचायत चुनाव कोर्ट के आदेशों के अनुसार कराए जाएंगे। बैठक में दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला हवाई सेवा को फिर से शुरू करने की भी मंजूरी दी गई। अलायंस एयर के साथ करार खत्म होने के कारण यह सेवा बंद थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।

फ्लाइट सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शिमला और धर्मशाला आने वाले पर्यटकों का सफर आसान और कम समय में पूरा होगा। सड़क मार्ग से जहां यह यात्रा 8 घंटे लेती है, वहीं हवाई सेवा से यह दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय हो सकेगी। इससे होटल, टैक्सी और स्थानीय रोजगार को भी फायदा होगा।

————————————————-

खाटू श्याम फाल्गुनी मेला 21 से 28 फरवरी तक

खाटू श्याम के लक्खी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीकर कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने स्पष्ट किया कि श्याम भक्तों को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के लिए 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और 4000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। श्याम मंदिर कमेटी की ओर से नि:शुल्क पानी, चिकित्सा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस बार सेवादारों की भी विशेष तैनाती होगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि फाल्गुनी मेला इस बार 12 की जगह 8 दिन का होगा। मेला 21 से 28 फरवरी तक चलेगा और VIP दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी, जिससे आम भक्तों को सीधा लाभ मिलेगा।

————————————————-

सुखना झील और अरावली रेंज की सुरक्षा में सुप्रीम कोर्ट ने दिखाई सख्ती

सुप्रीम कोर्ट ने अरावली और सुखना झील को नुकसान पहुंचाने के मामले में हरियाणा सरकार को कड़ी फटकार लगाई। CJI सूर्यकांत ने कहा, “सुखना झील को और कितना सुखाओगे? आपने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया।” कोर्ट ने अधिकारियों और बिल्डर माफिया की मिलीभगत पर भी सवाल उठाए और चेतावनी दी कि पिछली गलतियों की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं होगी।

कोर्ट ने एमिकस क्यूरी से झील और अरावली की वर्तमान स्थिति पर रिपोर्ट तलब की है और हाई पावर कमेटी के सदस्यों के नाम सुझाने को कहा है। अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी। सुप्रीम कोर्ट का रुख स्पष्ट है—अब पर्यावरण संरक्षण में ढिलाई नहीं और नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

————————————————-

कल्याण-डोंबिवली महापालिका: शिंदे शिवसेना-मनसे गठबंधन ने बनाया महापौर

कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका में चुनावी नतीजों के बाद सत्ता का नया समीकरण सामने आया है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने एमएनएस के सहयोग से महापौर पद पर कब्ज़ा किया। ठाकरे गुट के 4 बागी पार्षदों में से 2 ने भी शिंदे गुट का साथ दिया। चुनाव में कुल 122 सीटों में शिंदे गुट ने 53 सीटें, भाजपा ने 50 सीटें जीती। पहले भाजपा शिंदे गुट के साथ गठबंधन में थी और महापौर पद की मांग कर रही थी, लेकिन नए गठबंधन ने भाजपा को सत्ता से दूर कर दिया। इससे स्पष्ट हो गया कि कल्याण-डोंबिवली में सत्ता का खेल अब शिंदे शिवसेना-मनसे गठबंधन के हाथ में है।

————————————————-

अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन आमने-सामने

प्रयागराज में मौनी अमावस्या के दौरान स्नान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शंकराचार्य पद तक पहुँच गया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मेला प्रशासन को ई-मेल में 8 पेज का जवाब भेजते हुए नोटिस को अवैध और दुर्भावनापूर्ण करार दिया।

अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शंकराचार्य पद से हटाने का कोई आदेश नहीं दिया और मामला विचाराधीन होने के कारण प्रशासन का हस्तक्षेप गलत है। उन्होंने नोटिस वापस न लेने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

द्वारका पीठ के स्वामी सदानंद महाराज ने भी प्रशासन की आलोचना की और कहा कि ब्राह्मणों के साथ की गई कार्रवाई गंगा स्नान रोकने के पाप के समान है। मामला दोनों शंकराचार्यों और प्रशासन के बीच तूल पकड़ चुका है।

————————————————-

टोल न चुकाने पर NOC, फिटनेस और नेशनल परमिट पर रोक

सरकार ने नेशनल हाईवे पर टोल नियम सख्त कर दिए हैं। अब टोल न चुकाने वाले वाहनों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC), फिटनेस सर्टिफिकेट और नेशनल परमिट जैसी सेवाएं नहीं मिलेंगी। यह बदलाव सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स 2026 के तहत लागू किया गया है। नए नियम के अनुसार, अगर फास्टैग में बैलेंस कम होने या तकनीकी खामी के कारण टोल नहीं कटता, तो वह राशि वाहन के डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़ जाएगी। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर टोल प्लाजा के सेंसर और कैमरे से रिकॉर्ड होगा। NPCI और मंत्रालय के पोर्टल से यह जानकारी सीधे वाहन के डिजिटल रिकॉर्ड में अपडेट होगी। भविष्य में मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू होगा, जिसमें हाईवे पर कोई बैरियर नहीं होगा। ऐसे में टोल भुगतान को सुनिश्चित करने के लिए वाहन के NOC और फिटनेस जैसी सेवाओं से जोड़ना जरूरी माना गया है।

————————————————-

जापान: पूर्व पीएम शिंजो आबे हत्याकांड में आरोपी को उम्रकैद

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने वाले तेत्सुया यामागामी को अदालत ने बुधवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। यह घटना 8 जुलाई 2022 को नारा शहर में चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी। सरकारी वकील ने कहा कि यामागामी का अपराध बेहद गंभीर है और इसके लिए कड़ी सजा जरूरी है। बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी धार्मिक शोषण का शिकार था। यामागामी की मां यूनिफिकेशन चर्च से जुड़ी थीं, जिससे परिवार कर्ज में डूबा था।

यामागामी ने अदालत में बताया कि शुरुआत में उसका इरादा चर्च से जुड़े अधिकारियों पर हमला करने का था, लेकिन 2021 में उसने आबे का एक वीडियो देखा, जिसमें उनका चर्च से जुड़ाव दिखा। इसके बाद उसने आबे को निशाना बनाने का फैसला किया। अपराधी ने खुद दो लोहे के पाइप और डक्ट टेप से एक देसी बंदूक बनाई थी। घटना के दिन आबे भाषण दे रहे थे, तभी यामागामी ने पीछे से फायरिंग की। दो गोलियां आबे को लगीं, उन्हें हेलिकॉप्टर से नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने छह घंटे इलाज किया, लेकिन गोली दिल तक पहुंचने के कारण आबे की मृत्यु हो गई।

HIndustan Uday News

Writer & Blogger

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • All Posts
  • Business
  • Entertainment
  • Horoscope & Bhakti
  • International
  • News
  • Sports
  • Technology
HINDUSTAN UDAY NEWS

Hindustan Uday News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो राजनीति, देश-दुनिया, खेल, व्यवसाय और लाइफस्टाइल सहित सभी प्रमुख विषयों पर सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित है।

  • #latest news in hindi
  • #breaking news in hindi

©2026 Created with Hindustan Uday Digital